चंद सेकेंड में उजड़ गया परिवार, ऑटो से उतरते ही किराना व्यवसायी को मौत ने लगाया गले; नरकटियागंज में सड़क हादसा
नरकटियागंज-बेतिया मुख्य मार्ग पर बसंतपुर गांव के पास सुबह एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से किराना व्यवसायी मुन्ना प्रसाद (46) की मौत हो गई।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस। जागरण
HighLights
तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से व्यवसायी की मौत।
बसंतपुर गांव के पास नरकटियागंज-बेतिया मार्ग पर हुआ हादसा।
हादसे के बाद कार पेड़ से टकराई, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। नरकटियागंज-बेतिया मुख्य मार्ग पर बसंतपुर गांव के सामने सुबह करीब पांच बजे तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक किराना व्यवसायी की मौत हो गई है।
मृतक की पहचान बसंतपुर गांव निवासी मुन्ना प्रसाद (46) के रूप में हुई है। वह चनपटिया में रहकर किराना व्यवसाय करते थे।
बताया जाता है कि मुन्ना प्रसाद ऑटो से नरकटियागंज जा रहे थे। इसी दौरान बसंतपुर गांव के पास ऑटो रुका तो वह उससे उतरकर सड़क पर खड़े हो गए।
तभी नरकटियागंज की ओर से तेज गति से आ रही काले रंग की कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। ऑटो चालक उन्हें तत्काल जीएमसीएच लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इधर, मुन्ना प्रसाद को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित कार सड़क से नीचे उतर गई और एक पेड़ से टकराकर रुकी। कार में सवार दो से तीन लोगों के भी घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही साठी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में कर रही है। प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।