विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरा में पुलिस का एक्शन: ऑर्केस्ट्रा से 3 नाबालिग लड़कियां रेस्क्यू, सगी 'मौसी' ही निकली सौदागर!

Published: Thu, 24 Sep 2026 08:19 PM (IST)

भोजपुर के रतनपुर गांव में पुलिस ने आर्केस्ट्रा संचालक के ठिकाने पर छापा मारकर छत्तीसगढ़ की तीन नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया।

आरा में पुलिस का एक्शन: ऑर्केस्ट्रा से 3 नाबालिग लड़कियां रेस्क्यू, सगी 'मौसी' ही निकली सौदागर!

आरा में पुलिस का एक्शन: ऑर्केस्ट्रा से 3 नाबालिग लड़कियां रेस्क्यू, सगी 'मौसी' ही निकली सौदागर!

HighLights

  1. पुलिस ने ऑर्केस्ट्रा संचालक के ठिकाने से तीन नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया।

  2. संचालक समेत दो आरोपित गिरफ्तार, मानव तस्करी और पॉक्सो का आरोप।

  3. लड़कियों को छत्तीसगढ़ से बहला-फुसलाकर नृत्य कराने बुलाया गया था।

जागरण संवाददाता, आरा। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में गुरुवार को पुलिस ने ऑर्केस्ट्रा संचालक के ठिकाने पर छापामारी कर छत्तीसगढ़ की तीन नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया। पुलिस ने मौके से ऑर्केस्ट्रा संचालक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

मामले में एएसआई सुरेश कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपितों पर संगठित गिरोह बनाकर नाबालिग लड़कियों से बहला-फुसलाकर नृत्य कराने, मेहनताना नहीं देने और पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों के उल्लंघन का आरोप है।

नाबालिग लड़कियों की 'मौसी' निकली सलमा बेगम

गिरफ्तार आरोपितों में छत्तीसगढ़ के जानगीर जिला निवासी सलमा बेगम और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी रंजीत कुमार उर्फ गुड्डू कुमार शामिल हैं। सलमा बेगम को मुक्त कराई गई नाबालिग लड़कियों की कथित मौसी बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि ऑर्केस्ट्रा संचालक रंजीत कुमार उर्फ गुड्डू ने छत्तीसगढ़ के जानगीर जिले की सलमा के माध्यम से तीनों नाबालिग लड़कियों को नृत्य कराने के लिए सितंबर माह के पहले हफ्ते में बस के जरिए छत्तीसगढ़ से अपने गांव बुलाया था।

एसपी ने बनाई टीम

सूचना मिलने के बाद एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देशन में गठित टीम ने रतनपुर में छापामारी कर तीनों लड़कियों को मुक्त कराया। टीम में मानव व्यापार निरोध इकाई के इंस्पेक्टर दीपक कुमार, दारोगा सुधीर कुमार , दारोगा गुड़िया कुमारी व महिला थानाध्यक्ष नीतू कुमारी एवं दिशा एक प्रयास की सुनीता कुमारी भी शामिल थी।

कार्रवाई के दौरान ने मानव व्यापार निरोध इकाई ने गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की। टीम ने लड़कियों को भोजपुर लाने और ऑर्केस्ट्रा में काम कराने से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई।

थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राम कल्याण यादव ने बताया कि मुक्त कराई गई तीनों नाबालिग लड़कियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके स्वजन को सुपुर्द किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- आरा में साइको किलर रोहित तिवारी के पैसों का राज खोलेगी रेल पुलिस, गांव के बैंक खातों और यूपीआई लेनदेन पर नजर

यह भी पढ़ें- आरा में नितिन की हत्या से पहले 17 हजार की ठगी, आरपीएफ जवान बनकर रची साजिश