600 साल पुराना सूर्य तीर्थ, बिहार के इस मंदिर में सात घोड़ों के रथ पर भगवान भास्कर; छठ में आते हैं 3 लाख श्रद्धालु
Bhojpur's Belaur Sun Temple: भोजपुर के उदवंतनगर स्थित बेलाउर सूर्य मंदिर 600 साल से अधिक पुरानी आस्था का केंद्र है, ...और पढ़ें

तालाब के बीच कभी बनवाया गया था भव्य सूर्य मंदिर
HighLights
भोजपुर का बेलाउर सूर्य मंदिर 600 साल पुराना आस्था केंद्र।
छठ महापर्व पर लाखों श्रद्धालु करते हैं सूर्य देव की पूजा।
मनोकामना सिक्का और सात घोड़ों वाली प्रतिमा विशेष आकर्षण।
विजय कुमार ओझा, उदवंतनगर (भोजपुर)। बिहार के भोजपुर जिले में एक ऐसा सूर्य तीर्थ है, जहां आस्था, इतिहास और रहस्य का अनोखा संगम देखने को मिलता है। दावा है कि यहां पिछले करीब 600 वर्षों से भगवान सूर्य की उपासना होती आ रही है। हम बात कर रहे हैं उदवंतनगर प्रखंड के बेलाउर सूर्य मंदिर की।
छठ महापर्व के दौरान यहां श्रद्धालुओं का ऐसा सैलाब उमड़ता है कि मंदिर परिसर से लेकर आसपास का पूरा इलाका भक्तिमय हो जाता है। कार्तिक और चैती छठ पर यहां ढाई से तीन लाख तक श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य देने पहुंचते हैं।
600 साल पुरानी आस्था, तालाब के बीच कभी बनवाया गया था भव्य सूर्य मंदिर
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, बेलाउर कभी तत्कालीन बावन सूबा के राजाओं की आस्था का प्रमुख केंद्र था। यहां 208 तालाबों में से एक भैरवानंद पोखरा के बीच राजाओं ने भव्य सूर्य मंदिर का निर्माण कराया था।
समय के साथ पुराना मंदिर नष्ट हो गया, लेकिन सूर्य उपासना की परंपरा जारी रही। इसी ऐतिहासिक स्थल पर बाद में संत मौनी बाबा ने जनसहयोग से नए सूर्य मंदिर की स्थापना कराई। आज यह मंदिर भोजपुर ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य बिहार के प्रसिद्ध सूर्य तीर्थों में गिना जाता है।
अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन के बीच मौनी बाबा ने किया 15 महीने का यज्ञ
बेलाउर सूर्य मंदिर की स्थापना की कहानी भी बेहद दिलचस्प है। वर्ष 1942 में जब देश में अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन की गूंज थी, उसी दौरान करबासीन गांव के संत मौनी बाबा ने सूर्य मंदिर निर्माण का संकल्प लिया। इसके लिए उन्होंने लगातार 15 महीने तक यज्ञ किया।
मंदिर निर्माण के लिए भैरवानंद पोखरा को चुना गया। संवत् 2007 में मौनी बाबा के प्रयासों से मकराना के प्रसिद्ध संगमरमर पत्थर से भव्य मंदिर का निर्माण कराया गया।
सात घोड़ों के रथ पर सवार भगवान सूर्य की प्रतिमा है सबसे बड़ा आकर्षण
मंदिर में स्थापित भगवान सूर्य की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। मकराना के संगमरमर से बनी यह प्रतिमा सात घोड़ों के रथ पर सवार भगवान भास्कर को दर्शाती है।
प्रतिमा को इस तरह तराशा गया है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो भगवान सूर्य आकाश से धरती की ओर उतर रहे हों। इसकी खासियत यह भी है कि पूरी प्रतिमा एक ही पत्थर को तराशकर बनाई गई है। वर्ष 1949 में खरना के दिन प्रतिमा की स्थापना की गई थी।
बनारस से आई प्रतिमा के लिए मौनी बाबा और जयपुर नरेश के बीच हुआ था विवाद
स्थानीय निवासी संटू चौधरी के अनुसार, भगवान सूर्य की इस प्रतिमा को बनारस से लाया गया था। बताया जाता है कि मौनी बाबा और जयपुर नरेश, दोनों को एक ही प्रतिमा पसंद आ गई थी।
इसको लेकर विवाद इतना बढ़ा कि मामला अदालत तक पहुंच गया। अंततः फैसला मौनी बाबा के पक्ष में आया और प्रतिमा बेलाउर पहुंची। यही प्रतिमा आज मंदिर की पहचान बन चुकी है।
जाटा बाबा के मंदिर में मिलता है मनोकामना सिक्का, पूरी इच्छा होने पर लौटाना पड़ता है
बेलाउर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सूर्य मंदिर के साथ जाटा बाबा का मंदिर भी विशेष आस्था का केंद्र है। मान्यता है कि भैरवानंद पोखरा की खुदाई के दौरान काफी गहराई तक खोदने के बाद भी पानी नहीं निकला था।
इसके बाद बावन सूबा के राजा के आदेश पर जटाजूटधारी एक बच्चे को बलि देने के लिए लाया गया। बच्चे ने बलि नहीं देने की शर्त रखी। उसके फावड़ा उठाते ही तालाब से पानी निकलने लगा। इसके बाद तालाब के उत्तरी छोर पर जाटा बाबा का मंदिर बनवाया गया।
छठ के दूसरे अर्घ्य की सुबह मिलता है मुफ्त सिक्का, हजारों लोग लौटा चुके हैं
जाटा बाबा मंदिर की एक अनोखी परंपरा आज भी श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है। छठ के दूसरे अर्घ्य के दिन ब्रह्ममुहूर्त में यहां श्रद्धालुओं को निश्शुल्क मनोकामना सिक्का दिया जाता है।
मान्यता है कि मनोकामना पूरी होने के बाद इस सिक्के को मंदिर में वापस लौटाना होता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अब तक हजारों श्रद्धालु अपनी मन्नत पूरी होने पर सिक्के वापस कर चुके हैं। यही अनूठी परंपरा बेलाउर को दूसरे सूर्य तीर्थों से अलग पहचान देती है।
दस करोड़ रुपये से हो रहा सौंदर्यीकरण, पर्यटन के नक्शे पर उभर रहा बेलाउर
बेलाउर सूर्य मंदिर की धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए बिहार पर्यटन विभाग ने इसके विकास और सौंदर्यीकरण के लिए अब तक करीब दस करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। मंदिर परिसर में विकास कार्य जारी है।
उद्देश्य इस धार्मिक स्थल को बेहतर सुविधाओं से जोड़कर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है। आने वाले समय में बेलाउर सूर्य उपासना के साथ बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों में भी अपनी पहचान बना सकता है।
छठ पर उमड़ता है आस्था का महासागर, दूसरे राज्यों और विदेशों से भी आते हैं श्रद्धालु
छठ महापर्व के दौरान बेलाउर का नजारा देखने लायक होता है। ढाई से तीन लाख तक श्रद्धालु यहां भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। बिहार के अलावा देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों में रहने वाले भारतीय मूल के श्रद्धालु भी यहां छठ व्रत करने आते हैं।
मंदिर की एक खास बात यह भी है कि यहां केवल सनातन धर्म के अनुयायी ही नहीं, बल्कि दूसरे धर्मों के लोग भी सूर्य उपासना के लिए पहुंचते हैं। करीब छह सदियों की आस्था, मौनी बाबा का तप और अनोखी मनोकामना सिक्के की परंपरा बेलाउर को बिहार के विशिष्ट सूर्य तीर्थों में शामिल करती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।