आरा को बड़ी सौगात: महंगे मैरिज हॉल से मिलेगी मुक्ति, 1.60 करोड़ से बनेगा सम्राट अशोक भवन
आरा नगर निगम के वार्ड 37 में 1.60 करोड़ रुपये की लागत से सम्राट अशोक भवन का शिलान्यास किया गया है।

मेयर इंदु देवी ने किया शिलान्यास। (जागरण)
HighLights
1.60 करोड़ रुपये की लागत से सम्राट अशोक भवन बनेगा।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिलेगा किफायती आयोजन स्थल।
आरा के सभी 45 वार्डों के नागरिक कर सकेंगे उपयोग।
जागरण संवाददाता, आरा। शहर के आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को शादी-विवाह और अन्य आयोजनों के लिए महंगे मैरिज हॉल या होटलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
आरा नगर निगम के वार्ड संख्या 37 में बस स्टैंड के समीप 1 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से सम्राट अशोक भवन बनाया जाएगा। बिहार सरकार की योजना के तहत बनने वाले भवन का मंगलवार को महापौर इंदु देवी ने शिलान्यास किया।
महापौर ने कहा कि भवन शहरवासियों के लिए महत्वपूर्ण जनसुविधा होगा। आर्थिक तंगी के कारण निजी मैरिज हॉल या होटल में आयोजन नहीं कर पाने वाले परिवारों को इससे राहत मिलेगी।
निर्माण पूरा होने के बाद लोग सरकारी निर्धारित दरों पर भवन की बुकिंग कर सकेंगे। यहां शादी-विवाह के अलावा बैठक, सामाजिक समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति किसी परिवार के सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों में बाधा नहीं बननी चाहिए। भवन में लोगों को सम्मानजनक और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराने का प्रयास है।
45 वार्डों के नागरिक कर सकेंगे उपयोग
इसका लाभ केवल वार्ड 37 के लोगों तक सीमित नहीं होगा; आरा नगर निगम के सभी 45 वार्डों के नागरिक इसका उपयोग कर सकेंगे।
शिलान्यास कार्यक्रम में नगर आयुक्त अंजू कुमारी, वार्ड 37 की पार्षद सीता देवी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- मां ने गहने गिरवी रखकर पढ़ाया, राष्ट्रपति से मिला सम्मान; अब आरा में जिंदगियां बचा रहीं छपरा की ममता