विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरा से गुजरने वाली 6 प्रमुख ट्रेनों में अब नहीं लगेगा सुपरफास्ट चार्ज, एक्सप्रेस का देना होगा किराया

Published: Sat, 31 Oct 2026 08:34 PM (IST)Updated: Sat, 31 Oct 2026 08:35 PM (IST)

आरा जंक्शन से गुजरने वाली छह सुपरफास्ट ट्रेनों में अब सुपरफास्ट शुल्क नहीं लगेगा, जिससे यात्रियों को किराए में राहत मिलेगी।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. आरा से गुजरने वाली छह ट्रेनों पर सुपरफास्ट चार्ज खत्म।

  2. यात्रियों को अब सामान्य एक्सप्रेस ट्रेन का किराया देना होगा।

  3. यह बदलाव 1 नवंबर से लागू, किराए में मिलेगी राहत।

जागरण संवाददाता, आरा। दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन से होकर गुजरने वाली सुपरफास्ट ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है।

रेलवे मंत्रालय के निर्णय के अनुसार, एक नवंबर से कई ट्रेनों में सुपरफास्ट का अतिरिक्त चार्ज नहीं लगेगा। इन ट्रेनों में अब यात्रियों से सामान्य एक्सप्रेस ट्रेन के अनुरूप किराया लिया जाएगा।

इस फैसले से आरा जंक्शन से यात्रा करने वाले यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान अतिरिक्त सुपरफास्ट शुल्क नहीं देना पड़ेगा। सिर्फ रिजर्वेशन काउंटर पर ही एक नवंबर को लागू होगा।

रेलवे की ओर से यह व्यवस्था 1 नवंबर 2026 से लागू की जा रही है। इसके तहत आरा जंक्शन से होकर गुजरने वाली छह प्रमुख ट्रेनों को सुपरफास्ट श्रेणी के बजाय एक्सप्रेस श्रेणी में रखा गया है।

इससे इन ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को किराये में राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। रेलवे के इस फैसले का असर ऑनलाइन टिकट बुकिंग के साथ ही आरक्षण काउंटरों पर टिकट लेने वाले यात्रियों पर भी पड़ेगा।

रेलवे मंत्रालय के निर्णय के तहत जिन ट्रेनों में सुपरफास्ट शुल्क नहीं लिया जाएगा, उनमें 12391/12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस, 20801/20802 मगध एक्सप्रेस, 12365/12366 जनशताब्दी एक्सप्रेस (रांची-पटना), 22644/22643 एर्नाकुलम एक्सप्रेस और 12545/12546 रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस शामिल हैं।

इसके अलावा 22355/22356 पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस को भी इस व्यवस्था में शामिल किया गया है। इस ट्रेन के लिए यह बदलाव तीन जनवरी 2027 तक प्रभावी बताया गया है।

TRAIN NEWS

रेलवे के इस निर्णय के तहत संबंधित ट्रेनों के सुपरफास्ट श्रेणीकरण में बदलाव के साथ उनके ट्रेन नंबरों में भी परिवर्तन किया जाएगा।

इसके कारण यात्रियों को टिकट बुकिंग करते समय ट्रेन के नए नंबर और उसकी श्रेणी की जानकारी पर विशेष ध्यान देना होगा। पुराने नंबर से टिकट खोजने पर परेशानी हो सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस या आरक्षण काउंटर से ट्रेन की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर लें।

आरा के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

आरा जंक्शन भोजपुर जिले के यात्रियों के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशन है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री पटना, दिल्ली, मुंबई, रांची और अन्य शहरों के लिए यात्रा करते हैं।

ऐसे में श्रमजीवी और मगध एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में सुपरफास्ट शुल्क समाप्त होने से यात्रियों को आर्थिक राहत मिलेगी। रेलवे के इस फैसले से टिकट के कुल किराये में सुपरफास्ट शुल्क के बराबर कमी आएगी।

हालांकि, वास्तविक किराया ट्रेन, यात्रा की दूरी और कोच की श्रेणी के अनुसार अलग-अलग रहेगा। रेलवे की इस व्यवस्था के लागू होने के बाद यात्रियों को टिकट लेते समय नई श्रेणी और संशोधित ट्रेन नंबर की जानकारी रखना जरूरी होगा।

यह भी पढ़ें- बक्सर स्टेशन पर आनंद विहार-पटना सुविधा एक्सप्रेस के इंजन का ब्रेक जाम, डेढ़ घंटे तक फंसी रही ट्रेन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।