विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरा में हल्दी समारोह में नाच के दौरान विवाद, मारपीट के बाद युवक को मारी गोली

Published: Sun, 29 Nov 2026 09:39 AM (GMT+05:30)

आरा के बेगमपुर में हल्दी समारोह के दौरान नाच देखने को लेकर हुए विवाद में मारपीट के बाद एक युवक को गोली मार दी गई। 

अस्पताल में इलाजरत घायल युवक। (जागरण)

अस्पताल में इलाजरत घायल युवक। (जागरण)

HighLights

  1. हल्दी समारोह में नाच देखने को लेकर विवाद हुआ।

  2. विवाद के बाद मारपीट हुई और युवक को गोली लगी।

  3. सीसीटीवी फुटेज से हमलावर की पहचान की जा रही है।

जागरण संवाददाता, आरा। टाउन थाना क्षेत्र के बेगमपुर मोहल्ले में शनिवार की देर रात हल्दी समारोह के दौरान नाच देखने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया।

देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। इसी दौरान मारपीट में पिटाई से बचकर भाग रहे एक युवक ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली वहां मौजूद 22 वर्षीय युवक के बाएं तरफ पंजरी में जा लगी।

इससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। जख्मी युवक की पहचान बेगमपुर मोहल्ला निवासी मुन्ना प्रसाद के पुत्र राधेश्याम कुमार के रूप में हुई है।

गोली लगने के बाद दोस्तों ने आनन-फानन में उसे आरा सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया।

इसके बाद स्वजन उसे महावीर टोला स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई। फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

CCTV फुटेज में कैद हुई मारपीट और फायरिंग की वारदात

पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें समारोह स्थल पर दो गुटों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है।

इसी दौरान सफेद रंग की जैकेट पहने एक युवक पिटाई के बाद जान बचाकर भागता नजर आता है। कुछ दूर जाने के बाद वह पिस्टल निकालकर फायरिंग कर देता है।

गोली चलते ही समारोह स्थल पर भगदड़ मच जाती है। हालांकि, फायरिंग के बाद कुछ युवक आरोपित को पकड़कर उसकी पिटाई भी करते हैं, लेकिन अफरा-तफरी के बीच वह किसी तरह मौके से फरार हो जाता है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय राधेश्याम गली के किनारे खड़ा था और विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचा था।

बीच-बचाव करने के दौरान लगी गोली

जख्मी युवक के भाई ने बताया कि मोहल्ले में पिंटू तेली की बेटी का हल्दी समारोह आयोजित था। कार्यक्रम में नर्तकियों का नाच चल रहा था।

इसी दौरान कुछ लड़कों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। जब वे लोग बीच-बचाव करने पहुंचे तो दूसरे पक्ष के युवकों ने मारपीट शुरू कर दी।

इसी बीच एक युवक ने पिस्टल निकालकर उनके भाई को गोली मार दी। गोली लगते ही राधेश्याम जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद वे लोग उसे स्कूटी से अस्पताल लेकर पहुंचे।

इधर, एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि एक युवक को गोली लगने की सूचना मिली है। उसका इलाज कराया गया है और वह खतरे से बाहर है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फायरिंग करने वाले युवक की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- पटना के रिसोर्ट में बर्थडे पार्टी पर पुलिस का छापा, डांसर और मैनेजर समेत 10 लोग शराब के नशे में गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।