विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुर के लोगों को लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग से मिलेगी राहत, नए साल में चालू होंगे 4 नए पावर सब स्टेशन

Published: Thu, 19 Nov 2026 01:55 PM (IST)

भोजपुर जिले में नए साल में चार नए पावर सब स्टेशन (पीएसएस) चालू होंगे, जिससे 80 हजार से अधिक बिजली ...और पढ़ें

भोजपुर में चालू होंगे 4 नए पावर सब स्टेशन (सौ. जागरण)

भोजपुर में चालू होंगे 4 नए पावर सब स्टेशन (सौ. जागरण)

HighLights

  1. भोजपुर में चार नए पावर सब स्टेशन होंगे चालू

  2. 80 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा लाभ

  3. लो-वोल्टेज और बिजली कटौती से मिलेगी बड़ी राहत

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के बिजली उपभोक्ताओं के लिए नए साल की शुरुआत बड़ी सौगात लेकर आने वाली है। नए वर्ष के पहले-दूसरे महीने यानी जनवरी-फरवरी में जिले के चार प्रखंडों में नवनिर्मित पावर सब स्टेशन (पीएसएस) चालू होने की उम्मीद है। 

इसके लिए जगदीशपुर, उदवंतनगर, शाहपुर और बड़हरा में करीब 50 से 60 करोड़ रुपये की लागत से चार पावर सब स्टेशन का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। इनमें उदवंतनगर और जगदीशपुर के पीएसएस का निर्माण कार्य लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है। वहीं, शाहपुर और बड़हरा में भी काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।

प्रत्येक पीएसएस की क्षमता 20-20 एमवीए 

चारों पावर सब स्टेशन चालू होने से जिले के 80 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। प्रत्येक पीएसएस की क्षमता 20-20 एमवीए होगी। इससे संबंधित प्रखंडों में बिजली आपूर्ति की क्षमता बढ़ेगी और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। 

खास बात यह है कि नए पीएसएस के चालू होने से आसपास के पुराने पावर सब स्टेशनों पर बिजली का अतिरिक्त दबाव भी कम होगा। इससे गर्मी और अधिक खपत के समय लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग और बार-बार बिजली बाधित होने जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है। 

एक पावर सब स्टेशन से 20 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को फायदा

बिजली कंपनी की ओर से जगदीशपुर प्रखंड के सुनरा, उदवंतनगर में पशु अस्पताल के समीप, शाहपुर के बेलवनिया और बड़हरा प्रखंड के बबुरा में पावर सब स्टेशन का निर्माण कराया जा रहा है। इन चारों स्थानों पर निर्माण पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति की व्यवस्था को नए सिरे से मजबूती मिलेगी। 

एक नए पावर सब स्टेशन से औसतन 20 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को सीधा फायदा पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में बिजली वितरण का नेटवर्क भी अधिक संतुलित हो सकेगा। 

खासकर ग्रामीण इलाकों में लंबी दूरी तक बिजली पहुंचाने के कारण होने वाली तकनीकी परेशानियों में कमी आएगी। सब कुछ ठीक रहा तो इस माह के अंत या अगले माह में ही सुनरा का पीएसएस चालू हो सकता है।

32 से बढ़कर 36 हो जाएगी पीएसएस की संख्या

चारों नए पावर सब स्टेशन चालू होने के बाद भोजपुर जिले में पीएसएस की कुल संख्या 32 से बढ़कर 36 हो जाएगी। फिलहाल आरा और जगदीशपुर, दोनों विद्युत सबडिवीजन में 16-16 पावर सब स्टेशन संचालित हैं। नए चार पीएसएस के चालू होने के बाद दोनों सबडिवीजन में इनकी संख्या बढ़कर 18-18 हो जाएगी।

जिले में चार पावर सब स्टेशन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। दिसंबर से मार्च के बीच चारों का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इन चारों के बनने से 80 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को सीधा लाभ पहुंचेगा। - सुशील कुमार अधीक्षण अभियंता भोजपुर सह बक्सर

यह भी पढ़ें- आरा: दियारा में लहलहाने लगी मटर-छेमी की फसल, किसानों को अच्छी आमदनी की उम्मीद


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।