आरा में छठ को लेकर DM का सख्त: अफसरों की छुट्टियां कैंसिल, मांस की बिक्री पर भी लगा बैन
आरा में छठ महापर्व 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी ...और पढ़ें

छठ पूजा में सभी का अवकाश रद, मांस-मीट बेचने पर लगी रोक
HighLights
छठ पर्व पर सभी अधिकारियों की छुट्टियां रद्द की गईं।
घाटों पर नावों के संचालन और मांस बिक्री पर प्रतिबंध।
सुरक्षा हेतु एसडीआरएफ टीम और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए।
जागरण संवाददाता, आरा। लोक आस्था के महापर्व छठ (Chhath Puja 2026) को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारी शुरू कर दी है।
छठ पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की प्रशासनिक चूक और अव्यवस्था से निपटने के लिए जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने जिले के सभी जिला, अनुमंडल, प्रखंड एवं अंचल स्तरीय पदाधिकारियों के साथ तकनीकी विभागों और पर्यवेक्षकीय पदाधिकारियों का अवकाश रद कर दिया है।
अब बिना सक्षम अनुमति के कोई भी पदाधिकारी और कर्मी छुट्टी पर नहीं जा सकेंगे। सभी को अपने-अपने मुख्यालय में 24 घंटे बने रहने का निर्देश दिया गया है। वहीं, 15 से 16 नवंबर तक जिले के सभी छठ घाटों पर नावों के परिचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी।
इस दौरान खुलेआम मांस-मीट की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।
बड़हरा, कोईलवर, अगिआंव, संदेश, तरारी और शाहपुर प्रखंडों में गंगा एवं सोन नदी के किनारे स्थित प्रमुख घाटों के साथ उदवंतनगर प्रखंड के बेलाउर छठ घाट पर एसडीआरएफ की टीम तैनात करने का निर्देश आपदा प्रबंधन विभाग को दिया गया है।
इन घाटों पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बचाव दल मुस्तैद रहेंगे। नदी में गहरे पानी और तेज बहाव वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने की तैयारी है।
इसके अलावा 15 और 16 नवंबर को जिले के सभी छठ घाटों पर नावों के परिचालन पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है, ताकि अर्घ्य के दौरान घाटों पर भीड़ और जल क्षेत्र में किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका नहीं रहे।
छठ महापर्व पर भोजपुर के हजारों प्रवासी अपने घर लौटते हैं। वहीं, जिले के विभिन्न इलाकों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों तक पहुंचते हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर सड़कों को दुरुस्त करने का निर्देश पथ निर्माण विभाग और ग्रामीण कार्य विभाग को दिया है।
अधिकारियों को पर्व से पहले मरम्मत कार्य पूरा कराने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं और बाहर से आने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो।
स्वास्थ्य-अग्निशमन-बिजली कंपनी और नगर निगम अलर्ट मोड में
जिले में स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, बिजली कंपनी और नगर निगम को अलर्ट मोड में रखा गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक संसाधनों और कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
आरा शहर में छठ के दौरान विधि-व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए 17 मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी कर दी गई है। जिला प्रशासन का जोर इस बार छठ पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर है।
छठ पूजा तैयारी को लेकर डीएम ने डीडीसी अरुण प्रकाश, नगर आयुक्त अंजू देवी और सदर एसडीओ अंशु कमारी के साथ रेलवे स्टेशन और निजी बस स्टैंड का निरीक्षण किया है।
यह भी पढ़ें- विक्रमशिला 7 घंटे तो आनंद विहार स्पेशल 23 घंटे लेट, छठ महापर्व पर रेलवे की खुली पोल
यह भी पढ़ें- छठ महापर्व 2026: नहाय-खाय से उगते सूर्य को अर्घ्य तक... जानिए 4 दिन का पूरा शेड्यूल और विशेष संयोग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।