आरा के रास्ते पुणे-मुजफ्फरपुर के बीच चलेगी अमृत भारत पर्व स्पेशल ट्रेन, जनरल के 11 और स्लीपर के 8 कोच होंगे
रेलवे ने दीपावली और छठ पूजा के लिए पुणे (हड़पसर) और मुजफ्फरपुर के बीच दो जोड़ी अमृत भारत स्पेशल ट्रेनें ...और पढ़ें

अमृत भारत स्पेशल ट्रेन
HighLights
दीपावली-छठ के लिए पुणे-मुजफ्फरपुर अमृत भारत स्पेशल ट्रेनें शुरू।
दो जोड़ी ट्रेनें आरा जंक्शन के रास्ते चलेंगी, यात्रियों को लाभ।
जनरल और स्लीपर कोच की उपलब्धता से भीड़ कम होगी।
जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। दीपावली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हड़पसर (पुणे) और मुजफ्फरपुर के बीच दो जोड़ी अमृत भारत स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। दोनों जोड़ी ट्रेनें आरा जंक्शन के रास्ते चलेंगी। इससे पर्व के दौरान बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
19 अक्टूबर से 23 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को पुणे से खुलेगी ट्रेन
रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, गाड़ी संख्या 04153/04154 हड़पसर-पुणे-मुजफ्फरपुर अमृत भारत स्पेशल का परिचालन 19 अक्टूबर से 23 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को हड़पसर से किया जाएगा।
यह ट्रेन हड़पसर से रात 7:55 बजे रवाना होगी और दौंड कॉर्ड लाइन, मनमाड, इटारसी, सतना तथा प्रयागराज छिवकी के रास्ते बिहार पहुंचेगी।
अगले दिन सुबह 7:57 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी ट्रेन
निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, ट्रेन अगले दिन सुबह 5:35 बजे डीडीयू, 6:53 बजे बक्सर और 7:57 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी।
इसके बाद सुबह 9:30 बजे पाटलिपुत्र में ठहराव लेते हुए दोपहर 12 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। इस रूट से यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।
मुजफ्फरपुर से प्रत्येक बुधवार को होगा वापसी परिचालन
वापसी में गाड़ी संख्या 04154 मुजफ्फरपुर से 21 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को दोपहर 1:15 बजे रवाना होगी।
यह ट्रेन दोपहर 3:30 बजे पाटलिपुत्र, शाम 4:30 बजे आरा जंक्शन, 5:12 बजे बक्सर और शाम 7:35 बजे डीडीयू पहुंचेगी। इसके बाद तीसरे दिन शुक्रवार को तड़के करीब 2:45 बजे पुणे पहुंचेगी।
दूसरी जोड़ी अमृत भारत स्पेशल भी चलेगी
इसी तरह गाड़ी संख्या 01481/01482 हड़पसर-मुजफ्फरपुर अमृत भारत स्पेशल का परिचालन 20 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को हड़पसर से किया जाएगा।
वहीं, वापसी में यह ट्रेन 22 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को मुजफ्फरपुर से रवाना होगी। रेलवे के अनुसार, दोनों जोड़ी ट्रेनों की समय-सारणी और ठहराव समान रहेंगे।
जनरल के 11 और स्लीपर के 8 कोच होंगे उपलब्ध
इन अमृत भारत स्पेशल ट्रेनों में जनरल के 11, स्लीपर के आठ और एसएलआर के दो कोच सहित कुल 22 कोच उपलब्ध होंगे। जनरल और स्लीपर श्रेणी में अधिक कोच रहने से यात्रियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
त्योहार पर घर लौटने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत
रेलवे के इस निर्णय से दीपावली और छठ पूजा के दौरान पुणे और आसपास के क्षेत्रों में काम करने वाले बिहार के लोगों को घर आने-जाने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। आरा जंक्शन पर ठहराव होने से भोजपुर जिले और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।
