विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुर में छत्तीसगढ़ की डांसर को किडनैप करने की कोशिश, 2 कट्टे के साथ UP का आर्केस्ट्रा संचालक सहित 3 गिरफ्तार

Published: Wed, 09 Sep 2026 07:15 PM (GMT+05:30)

भोजपुर के जगदीशपुर में मंगलवार देर शाम पुलिस ने छत्तीसगढ़ की एक डांसर को अगवा करने की कोशिश कर रहे तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।

डांसर को किडनैप करने की कोशिश

डांसर को किडनैप करने की कोशिश

HighLights

  1. भोजपुर में डांसर को अगवा करने का प्रयास।

  2. तीन आरोपित देसी कट्टे और बाइक के साथ गिरफ्तार।

  3. गिरफ्तार में यूपी का आर्केस्ट्रा संचालक शामिल।

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में मंगलवार की देर शाम पुलिस ने छापेमारी कर अवैध हथियार के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के बरेसर थाना क्षेत्र के अलावलपुर अफगा गांव निवासी नागेन्द्र मोर्या उर्फ नागेन्द्र मारकम, भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र के बिहिया निवासी मयंक कुमार एवं आशीष कुमार शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से दो देसी कट्टा बरामद किया है।

घटना में प्रयुक्त दो बाइक भी जब्त की गई हैं। इस मामले में आर्केस्ट्रा संचालक रामेश्वर की पत्नी रानी देवी के बयान पर जगदीशपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। 

महिला डांसर को जबरन खींचकर ले जाने का प्रयास

प्राथमिकी में हथियार के साथ जबरन घर में घुसने तथा वहां रह रही छत्तीसगढ़ की महिला डांसर को जबरन खींचकर ले जाने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ की एक महिला डांसर जगदीशपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में एक आर्केस्ट्रा संचालक के यहां रह रही थी। 

मंगलवार की देर शाम नागेन्द्र मोर्या अपने दो साथियों के साथ अलग-अलग बाइक से वहां पहुंचा। आरोप है कि तीनों हथियार के बल पर घर में घुस गए और महिला डांसर को जबरन खींचकर अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगे। 

इस दौरान घर में मौजूद लोगों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने तीनों आरोपितों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। इसी बीच घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर तीनों को दबोचा

सूचना मिलते ही जगदीशपुर थानाध्यक्ष आशीष साह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो देसी कट्टा बरामद किए गए। पुलिस ने दो पल्सर एवं स्प्लेंडर बाइक भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपित नागेन्द्र मोर्या के आर्केस्ट्रा संचालक होने की बात सामने आई है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

यह भी पढ़ें- स्वर्ण व्यवसायी गोलीकांड: आरा में पुराने-नए अपराधियों की खंगाली जा रही कुंडली, STF-DIU भी जांच में जुटी

यह भी पढ़ें- अब जाम में नहीं फंसेगी रफ्तार: भोजपुर में 6 अरब की योजना, 12 सड़कों और 3 पुलों का होगा कायाकल्प