स्वर्ण व्यवसायी गोलीकांड: आरा में पुराने-नए अपराधियों की खंगाली जा रही कुंडली, STF-DIU भी जांच में जुटी
आरा के सिकरहटा में आभूषण दुकानदार भोला साह को गोली मारकर लूटपाट की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज ...और पढ़ें

बारीकी से जांच के दिए निर्देश
HighLights
सिकरहटा में आभूषण दुकानदार को गोली मारकर लूटा गया।
पुलिस पुराने-नए अपराधियों की कुंडली खंगाल रही है।
एसटीएफ और डीआइयू भी जांच में शामिल हैं।
जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। सिकरहटा थाना क्षेत्र के कायमनगर-चंदा के बीच सड़क पर आभूषण दुकानदार भोला साह को गोली मारकर लूटपाट की घटना के बाद पुलिस की जांच तेज हो गई है। पुलिस की शक की सूई पुराने और नए दोनों अपराधियों पर घूम रही है।
वारदात के तरीके, अपराधियों की संख्या और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों को जांच का आधार बनाया गया है। पूर्व में लूट और छिनतई की घटनाओं में शामिल अपराधियों की कुंडली खंगाली जा रही है।
हाल के दिनों में सक्रिय हुए नए अपराधियों पर भी पुलिस की नजर है। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूर्व के आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
जांच में डीआइयू और एसटीएफ की मदद ली जा रही है। घटनास्थल के आसपास का टावर डंप भी लिया जा रहा है।
तीन बदमाशों ने दिया था वारदात को अंजाम, अपाचे बाइक से हुए फरार
मामले में अपाचे बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी कराई गई है। सोमवार की देर शाम कुरमुरी निवासी भोला साह देव स्थित अपनी आभूषण दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।
इसी दौरान अपाचे बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया। गोली मारने के बाद बदमाश बैग और आभूषण लूटकर कुरमुरी के रास्ते फरार हो गए।
घटना के बाद से पुलिस अपराधियों तक पहुंचने के लिए हर संभावित कड़ी को जोड़ रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अपराधियों ने वारदात से पहले घटनास्थल और व्यवसायी की गतिविधियों की रेकी की थी या नहीं। पुराने आपराधिक मामलों के आरोपितों की गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी, बारीकी से जांच के दिए निर्देश
स्वर्ण व्यवसायी गोलीकांड को लेकर मंगलवार की देर रात एसपी अवधेश दीक्षित ने घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
एसपी ने घटनास्थल का बारीकी से अवलोकन कर घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं और परिस्थितियों की जानकारी ली। उन्होंने घटनास्थल एवं आसपास के इलाके की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली और अनुसंधान की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को हरसंभव प्रयास करने को कहा। एसपी ने घटनास्थल के आसपास मौजूद संभावित साक्ष्यों का भी जायजा लिया।
‘जल्द उद्भेदन करें’, पुलिस टीम को एसपी का सख्त निर्देश
एसपी ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए जल्द से जल्द घटना का उद्भेदन करने का निर्देश दिया। पुलिस अब तकनीकी जांच के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर संदिग्धों की गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।
अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग बिंदुओं पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
निरीक्षण के दौरान पीरो डीएसपी कन्हैया कुमार, पीरो सीआइ राजीव रंजन, सिकरहट्टा थानाध्यक्ष सनोज समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। पुलिस का दावा है कि मामले के उद्भेदन के लिए सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
