अब जाम में नहीं फंसेगी रफ्तार: भोजपुर में 6 अरब की योजना, 12 सड़कों और 3 पुलों का होगा कायाकल्प
भोजपुर में 6 अरब रुपये की लागत से 9 प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और पीरो अनुमंडल में 3 नए पुलों ...और पढ़ें

छह अरब की योजना से बदलेगी तस्वीर
HighLights
भोजपुर में 6 अरब की सड़क व पुल परियोजना प्रस्तावित।
9 सड़कों का चौड़ीकरण, 3 नए पुलों का निर्माण होगा।
ट्रैफिक जाम से राहत, ग्रामीण कनेक्टिविटी होगी मजबूत।
धर्मेंद्र कुमार सिंह, आरा(भोजपुर)। भोजपुर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच लोगों के लिए बड़ी राहत की योजना तैयार की गई है। जिले में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए पथ निर्माण विभाग ने नौ प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव राज्य मुख्यालय को भेजा है।
इसके साथ ही पीरो अनुमंडल में तीन नए पुलों के निर्माण की भी तैयारी है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इन परियोजनाओं पर काम शुरू होने की उम्मीद है।
सड़कें चौड़ी होने और नए पुल बनने से व्यस्त मार्गों पर वाहनों की रफ्तार बढ़ेगी और जाम से राहत मिलने की संभावना है।
छह अरब की योजना से बदलेगी तस्वीर
प्रस्तावित योजना में करीब 103 किलोमीटर सड़कों का चौड़ीकरण शामिल है। इस पर लगभग 4.55 अरब रुपये खर्च होने का अनुमान है।
वहीं पीरो अनुमंडल में तीन महत्वपूर्ण स्थानों पर पुल निर्माण के लिए करीब 1.60 अरब रुपये का प्रस्ताव है। यानी सड़क और पुल को मिलाकर पूरी योजना का आकार करीब छह अरब रुपये का होगा।
विभाग के अनुसार सड़क चौड़ीकरण से रोजाना करीब 35 हजार वाहनों की आवाजाही आसान होगी। वहीं करीब एक लाख लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा का सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
संकरी सड़कों पर थमे पहियों को मिलेगी रफ्तार
भोजपुर में पिछले कुछ वर्षों में वाहनों की संख्या और यातायात का दबाव लगातार बढ़ा है। कई प्रमुख मार्गों पर सड़क की चौड़ाई कम होने से वाहनों की गति प्रभावित होती है।
आमने-सामने वाहनों के दबाव और ओवरटेकिंग के कारण भी कई जगह यातायात प्रभावित होता है। सड़क चौड़ी होने से इन समस्याओं में कमी आने की संभावना है।
व्यस्त मार्गों की क्षमता बढ़ने से जाम की समस्या भी नियंत्रित हो सकती है। ऐसे में प्रस्तावित चौड़ीकरण को जिले की यातायात व्यवस्था के लिए अहम कदम माना जा रहा है।
इन नौ सड़कों पर बढ़ेगी क्षमता
सकड्डी-नासरीगंज स्टेट हाईवे के 22 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण का प्रस्ताव है। केशोपुर-गुंडी-सरैया सड़क 13 किलोमीटर और गोठहुला-भूसौला सड़क 14 किलोमीटर चौड़ी होगी।
सरैया-बलुआ-सलेमपुर रोड के 10 किलोमीटर हिस्से को भी योजना में शामिल किया गया है। बिहिया चौरस्ता-करजा रोड 13 किलोमीटर तथा भगवानपुर-कोरी-संदेश सड़क 14 किलोमीटर चौड़ी करने का प्रस्ताव है।
इसके अलावा गड़हनी-अगिआंव सात किलोमीटर, कोईलवर-चांदी-धरहरा सात किलोमीटर और कोईलवर-बबुरा सड़क के तीन किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण प्रस्तावित है।
पीरो में तीन पुल, गांवों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
पीरो अनुमंडल क्षेत्र में अखगांव बाजार, बचरी पुल के पास प्रस्तावित नए ब्रिज निर्माण स्थल तथा तरारी ब्लॉक के नए ब्रिज निर्माण स्थल के समीप पुल निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
इन पुलों के बनने से नदी, नहर और अन्य अवरोध वाले मार्गों पर आवागमन आसान होगा। ग्रामीण इलाकों से मुख्य मार्गों तक पहुंच भी बेहतर होने की उम्मीद है।
पुल निर्माण से आसपास के गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। लोगों को लंबा चक्कर लगाने की मजबूरी से भी राहत मिल सकती है। इससे स्थानीय स्तर पर आवागमन के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
मंजूरी मिलते ही शुरू होगी आगे की प्रक्रिया
पथ निर्माण विभाग ने सड़क और पुल से जुड़ी परियोजनाओं का प्रस्ताव राज्य मुख्यालय को भेज दिया है। अब विभागीय मंजूरी के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। विभाग का कहना है कि परियोजनाओं का उद्देश्य जिले की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करना और लोगों को सुविधापूर्ण परिवहन उपलब्ध कराना है।
सड़क क्षमता बढ़ने से प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। वहीं नए पुल बनने से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।
जिले में ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर करने तथा लोगों को सुविधापूर्ण परिवहन उपलब्ध कराने के लिए नौ सड़कों के चौड़ीकरण और तीन पुलों के नवनिर्माण का प्रस्ताव राज्य मुख्यालय को भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
सिकंदर पासवान, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, शाहाबाद अंचल, आरा
