30 सितंबर की रात से बंद होगा भागलपुर का विक्रमशिला सेतु, 1 अक्टूबर से हटेगा बेली ब्रिज
विक्रमशिला सेतु 30 सितंबर की रात से पुनर्स्थापन कार्य के लिए बंद हो जाएगा, जिसके तहत 1 अक्टूबर से बेली ब्रिज हटाने का काम शुरू होगा।

30 सितंबर की रात से बंद होगा विक्रमशिला सेतु, 1 अक्टूबर से हटेगा बेली ब्रिज
HighLights
विक्रमशिला सेतु 30 सितंबर की रात से पुनर्स्थापन कार्य हेतु बंद होगा।
एक अक्टूबर से सेतु पर बने बेली ब्रिज को हटाने का काम शुरू होगा।
तीन माह तक वैकल्पिक जलमार्गों और आवागमन व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन कार्य के लिए इसे 30 सितंबर की रात से बंद करने की तैयारी है। एक अक्टूबर से सेतु पर बने बेली ब्रिज को हटाने का काम शुरू होगा।
करीब तीन माह तक चलने वाले पुनर्स्थापन कार्य के दौरान वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था को लेकर पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने रविवार देर शाम अजगैवीनाथ धाम में अधिकारियों के साथ बैठक की।
इसमें जिलाधिकारी, पुल निर्माण निगम, जल संसाधन विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में सेतु बंद रहने के दौरान यात्रियों और वाहनों के आवागमन के विकल्पों पर चर्चा हुई। नाव, क्रूज समेत अन्य जलयानों की उपलब्धता और उनके संचालन की संभावनाएं भी देखी गईं।
अधिकारियों को वैकल्पिक व्यवस्था इस तरह तैयार करने पर जोर दिया गया कि सेतु बंद रहने से आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
गंगा के जलस्तर-बहाव का होगा आकलन
सोमवार को जिला प्रशासन, पुल निर्माण निगम, जल संसाधन विभाग समेत संबंधित विभागों की संयुक्त टीम सेतु और आसपास के क्षेत्र का सर्वे करेगी। जल संसाधन विभाग की टीम गंगा के जलस्तर के साथ बहाव की गति और स्थिति का आकलन करेगी।
वैकल्पिक जलमार्ग के लिए उपलब्ध स्थान और यात्रियों की आवाजाही से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया जाएगा। सर्वे के बाद संयुक्त रिपोर्ट तैयार कर पथ निर्माण विभाग के सचिव को भेजी जाएगी।
रिपोर्ट के आधार पर वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। सेतु के पुनर्स्थापन की जिम्मेदारी समानांतर फोरलेन का निर्माण कर रही एसपी सिंगला एजेंसी को दी गई है। एजेंसी ने कार्य शुरू करने की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
