भागलपुर जंक्शन पर खुलते ही रुकी विक्रमशिला एक्सप्रेस: 15 मिनट तक इंजन और वैक्यूम पर उलझे अधिकारी, मैं सही या तुम सही
Vikramshila Express : भागलपुर से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस स्टेशन से खुलने के तुरंत बाद रुक गई, ...और पढ़ें

Vikramshila Express : भागलपुर रेलवे जंक्शन पर अधिकारी।
HighLights
विक्रमशिला एक्सप्रेस भागलपुर स्टेशन से खुलने के तुरंत बाद रुक गई।
तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन 15 मिनट देरी से रवाना हुई।
इंजन या वैक्यूम फॉल्ट पर रेलवे अधिकारियों में मतभेद।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Vikramshila Express : भागलपुर से आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) के बीच चलने वाली रेलवे बोर्ड की महत्वपूर्ण ट्रेन 12367 अप विक्रमशिला एक्सप्रेस सोमवार को भागलपुर स्टेशन से अपने निर्धारित समय से 15 मिनट की देरी से रवाना हुई। प्लेटफार्म संख्या एक से ट्रेन खुलने के तुरंत बाद अचानक रुक जाने से स्टेशन परिसर और रेल अधिकारियों के बीच कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
तय समय 11:55 बजे खुली और तुरंत थम गए पहिये, मौके पर दौड़े अधिकारी
जानकारी के अनुसार, विक्रमशिला एक्सप्रेस सोमवार को प्लेटफार्म संख्या एक से अपने तय समय 11:55 बजे रवाना हुई, लेकिन खुलने के तुरंत बाद ही ट्रेन रुक गई। इसकी सूचना मिलते ही चीफ लोको इंस्पेक्टर, टीएक्सआर (TXR) स्टाफ, प्लेटफार्म पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ इंस्पेक्टर, एरिया कंट्रोलर और डिप्टी स्टेशन अधीक्षक सहित रेलवे के अन्य अधिकारी सक्रिय हो गए और मौके पर पहुंचकर गड़बड़ी की जांच में जुट गए।
रेलवे टीम द्वारा तत्काल वैक्यूम और इंजन में संभावित तकनीकी खराबी की गहन जांच की गई। तकनीकी गड़बड़ी दूर किए जाने के बाद ट्रेन निर्धारित समय से 15 मिनट की देरी से दोपहर 12:10 बजे आनंद विहार टर्मिनल के लिए रवाना हुई।
इंजन फॉल्ट या वैक्यूम ड्रॉप? रेलवे के दो विभागों के अलग-अलग दावे
हालांकि, ट्रेन का परिचालन किस वजह से प्रभावित हुआ, इसे लेकर रेलवे के संबंधित विभागों के बीच एकमत नहीं बन सका है। टीएक्सआर स्टाफ और आरपीएफ इंस्पेक्टर का कहना है कि जांच के दौरान ट्रेन में कहीं भी वैक्यूम की समस्या सामने नहीं आई, बल्कि इंजन में आई तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन 15 मिनट तक प्लेटफार्म पर खड़ी रही।
दूसरी ओर, इंजन पायलट और चीफ लोको इंस्पेक्टर का दावा है कि इंजन में किसी प्रकार की कोई तकनीकी खराबी नहीं थी, बल्कि वैक्यूम (प्रेशर) की समस्या के कारण ट्रेन को रोकना पड़ा। फिलहाल, ट्रेन को सुरक्षित रवाना कर दिया गया है और अब विस्तृत जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही परिचालन बाधित होने की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।