विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विक्रमशिला समानांतर सेतु से जीरोमाइल तक बनेगी एलिवेटेड रोड, यात्रियों को मिलेगी 6 लेन की सुविधा

Published: Tue, 24 Nov 2026 10:55 PM (IST)

विक्रमशिला समानांतर फोरलेन सेतु से भागलपुर जीरोमाइल तक एलिवेटेड रोड बनेगी, जिससे पुराने और नए सेतु के अप्रोच जुड़ने से सिक्स लेन सड़क की सुविधा मिलेगी। 

एआई से बनाई गई तस्वीर

एआई से बनाई गई तस्वीर

HighLights

  1. विक्रमशिला समानांतर सेतु से जीरोमाइल तक एलिवेटेड रोड बनेगी।

  2. पुराने व नए सेतु के अप्रोच से मिलेगी सिक्स लेन सड़क।

  3. परियोजना में पांच अंडरपास और नया रेल ओवरब्रिज भी शामिल।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। विक्रमशिला समानांतर फोरलेन सेतु से भागलपुर जीरोमाइल तक एलिवेटेड रोड बनेगी। पुराने सेतु की दो लेन और नए सेतु की चार लेन अप्रोच जुड़ने से लोगों को जीरोमाइल से जाह्नवी चौक तक सिक्स लेन सड़क की सुविधा मिलेगी।

ड्रोन सर्वे के बाद एनएच विभाग ने डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर ली है। इसे मंजूरी के लिए मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय भेजा जाएगा।

स्वीकृति मिलते ही एजेंसी चयन की निविदा जारी होगी। लक्ष्य है कि अगले साल जून में एनएच 131बी का निर्माण शुरू कर 2029 में समानांतर सेतु के पूर्ण होने तक इसे पूरा कर लिया जाए।

दो चरणों में चौधरीडीह तक होगा विस्तार

नवगछिया जीरोमाइल से भागलपुर जीरोमाइल तक एनएच 131बी की लंबाई 19.555 किलोमीटर है, जिसे चौधरीडीह तक बढ़ाया जा रहा है। इसमें करीब 4.5 किलोमीटर लंबा समानांतर सेतु शामिल है। पूरे मार्ग को दो चरणों में 22 मीटर चौड़ा फोरलेन किया जाएगा।

पहले चरण में नवगछिया से हाउसिंग कॉलोनी मोड़ और दूसरे चरण में वहां से चौधरीडीह तक काम होगा। समानांतर सेतु के भागलपुर छोर पर 32 मीटर और जाह्नवी चौक से 53 मीटर लंबा व 18 मीटर ऊंचा पहुंच पथ बनेगा। भागलपुर के पहुंच पथ से एलिवेटेड रोड अलग होगी।

अतिक्रमण हटेगा, चौड़ी होगी सर्विस रोड

वर्तमान में 12 मीटर चौड़े जीरोमाइल फ्लाइओवर में 7.5 मीटर की सड़क है। एलिवेटेड रोड बनने के बाद भी सर्विस रोड बनेगी। अभी 5.5 मीटर चौड़ी जीरोमाइल चौक की सर्विस रोड दोनों तरफ दो-दो मीटर चौड़ी की जाएगी, जिसके लिए अतिक्रमण हटेगा।

पांच अंडरपास और नया आरओबी भी बनेगा

ब्लैक स्पाट बंशीटीकर, जाह्नवी चौक, तेतरी तथा बाइपास में सेंट टेरेसा स्कूल व हवाई अड्डा के पास व्हीकल अंडरपास (वीयूपी) बनेंगे।

साथ ही दो छोटे ब्रिज और गोपालपुर के पास 60 मीटर लंबा व 10 मीटर चौड़ा नया रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) बनेगा। यह फोरलेन नवगछिया में एनएच-33 तथा भागलपुर तरफ मुंगेर-मिर्जाचौकी ग्रीनफील्ड व हंसडीहा फोरलेन से जुड़ेगा।

यह भी पढ़ें- भागलपुर-हंसडीहा फोरलेन निर्माण की प्रक्रिया तेज, ₹583 करोड़ से बनेगी 70 किलोमीटर लंबी सड़क

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।