भागलपुर-हंसडीहा फोरलेन निर्माण की प्रक्रिया तेज, ₹583 करोड़ से बनेगी 70 किलोमीटर लंबी सड़क
भागलपुर से हंसडीहा तक NH-133E को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है, जिसमें 70 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण दो चरणों में होगा।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
भागलपुर-हंसडीहा NH-133E फोरलेन निर्माण प्रक्रिया हुई तेज।
70 किलोमीटर सड़क का निर्माण दो चरणों में होगा।
परियोजना पर 583.47 करोड़ रुपये खर्च होंगे, लक्ष्य 24 माह।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर के अलीगंज से भलजोर (हंसडीहा) तक एनएच-133ई को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है।
70 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण दो चरणों में होगा। पहले चरण में भागलपुर से बांका जिले के खरहारा गांव (ढाकामोड़) तक 36.6 किलोमीटर सड़क बनेगी।
देवघर से पटना लौटते समय मंगलवार को मोर्थ (मिनिस्ट्री आफ रोड ट्रांसपोर्ट हाईवे), बिहार के क्षेत्रीय अधिकारी ने हंसडीहा से भागलपुर तक सड़क का जायजा लिया। उन्होंने रजौन और ढाकामोड़ के पास भू-अर्जन की स्थिति की जानकारी ली।
विरोध के चलते बदला DPR
एनएच अधिकारियों ने बताया कि भू-अर्जन की समस्या लगभग सुलझ गई है और प्रक्रिया जल्द पूरी होने की उम्मीद है। भूमि अधिग्रहण में अड़चनों के कारण पिछले ढाई साल में 15 से अधिक बार निविदा रद कर दोबारा जारी करनी पड़ी।
विरोध के चलते कम जमीन अधिग्रहित करने और कुछ जगह सड़क की चौड़ाई 45-50 मीटर से घटाकर 40-45 मीटर करने का निर्णय लिया गया। इसके आधार पर डीपीआर में बदलाव हुआ।
परियोजना पर 583.47 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़क का निर्माण फोरलेन पेव्ड शोल्डर के रूप में ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) मोड पर होगा।
एजेंसी चयन की निविदा में 24 दिसंबर दोपहर तीन बजे तक आवेदन जमा किए जा सकेंगे। तकनीकी बिड 31 दिसंबर को खुलेगी। निर्माण 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है।
यह भी पढ़ें- सरकारी जमीन का बड़ा हिसाब सामने आया, मुजफ्फरपुर में 251 एकड़ खासमहाल में महज 11 एकड़ लीज पर