Ukraine Russia War : यूक्रेन से बचकर आए भारतीय छात्र, सुनाई दास्तां-यूक्रेनी कर रहे बदसलूकी, रोमानिया के लोग कर रहे मदद
Ukraine Russia War यूक्रेन और रूस के बीच हो रहे युद्ध से भारतीय छात्रों की परेशानी बढ़ गई है। यूक्रेनी लोगों द्वारा बदसलूकी किए जाने की बातें सामने आ रही हैं। चौथम पंचायत के नवादा निवासी नीतीश कुमार भी यूक्रेन में मेडिकल की पढ़ाई करते हैं।
संवाद सूत्र, मानसी (खगडिय़ा)। यूक्रेन और रूस में जारी युद्ध के बीच भारतीय छात्रों की परेशानी बढ़ गई है। भारतीय छात्रों के साथ यूक्रेनी लोगों द्वारा बदसलूकी किए जाने की बातें सामने आ रही हैं। खगडिय़ा जिले के मानसी प्रखंड के तीन मेडिकल छात्र यूक्रेन में फंसे हुए थे, जो किसी तरह से रोमानिया पहुंच गए हैं। दो- तीन दिनों से तीनों छात्र रोमानिया में ही रुके हुए हैं।
पूर्व मुखिया संजीव कुमार के पुत्र रवि कृष्ण ने बताया कि यूक्रेन बार्डर की स्थित अच्छी नहीं है। छात्रों को रात-रात भर भीषण ठंड में बाहर रहना पड़ रहा है। किसी प्रकार की व्यवस्था नहीं है। सभी सुरक्षित स्थान की ओर जा रहे हैं। सैदपुर निवासी मेडिकल छात्र अब्दुल हाशिम के पिता मु. अब्दुल हादी ने बताया कि उनका पुत्र और रोहित कुमार(खुटिया) दोनों एक साथ रोमानिया पहुंच चुके हैं। इस दौरान दोनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। 20 घंटे यूक्रेन बार्डर पर बाहर में खड़ा रखा गया। किसी प्रकार की कोई सुविधा नहीं दी गई। भूखे रहकर दोनों किसी तरह रोमानिया पहुंचे। मु. अब्दुल हादी के अनुसार उन्हें उनके पुत्र अब्दुल हाशिम ने बताया कि यूक्रेन बार्डर पर भारतीय छात्रों के साथ बदसलूकी की जा रही है। बदसलूकी यूक्रेनी लोग कर रहे हैं।
रोहित कुमार के भाई संजय कुमार ने बताया कि मंगलवार की दोपहर दो बजे भाई से बात हुई। उन्होंने बताया कि सैकड़ों की संख्या में यूक्रेन बार्डर पर छात्र फंसे हुए हैं। किसी प्रकार की सुविधा यूक्रेनी सरकार द्वारा नहीं दी जा रही है। छात्रों के साथ सौतेला व्यवहार करते हैं। संजय ने कहा कि उनका भाई रोमानिया पहुंच गया है। रोमानिया के लोगों द्वारा भारतीयों की काफी मदद की जा रही है।
नीतीश यूक्रेन बार्डर पार कर स्लोबाकिया पहुंचे
संवाद सूत्र, चौथम (खगडिय़ा)। जिले के चौथम प्रखंड अंतर्गत चौथम पंचायत के नवादा गांव निवासी अखिलेश कुमार के पुत्र नीतीश कुमार भी यूक्रेन में मेडिकल की पढ़ाई करते हैं। जिला प्रशासन को जैसे ही यह जानकारी मिली तो डीएम आलोक रंजन घोष के निर्देश पर एडीएम शत्रुंजय मिश्रा, सीओ भरत भूषण सिंह आदि नवादा गांव पहुंचकर छात्र के स्वजन से मिले। इस दौरान अधिकारियों ने छात्र के बारे में पूरी जानकारी ली। साथ ही छात्र का मोबाइल नंबर भी लिया। इस मौके पर छात्र की मां मध्य विद्यालय कैथी की शिक्षिका सुशीला कुमारी ने बताया कि उनके पुत्र नीतीश कुमार मेडिकल के थर्ड ईयर के छात्र हैं। जो यूक्रेन के विनकिया यूनिवर्सिटी में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटे से हुई है। वह यूक्रेन का बार्डर पार कर स्लोबाकिया में है।इधर एडीएम ने बताया कि जल्द ही छात्र को सकुशल वापस भारत लाया जाएगा। इसके लिए केंद्र व राज्य सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर शिक्षक बाल कृष्ण कुमार, राजीव रंजन, स्वर्ण कुमार आदि भी मौजूद थे।