विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

TMBU में अंतरराष्ट्रीय सेमिनार : दुनिया में हर साल 7.2 लाख से अधिक सुसाइड, भारतीय ज्ञान परंपरा व ध्यान से बचाव संभव

Published: Sun, 29 Nov 2026 07:20 AM (IST)

TMBU Bhagalpur International Conference टीएमबीयू में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और आत्महत्या रोकथाम के लिए भारतीय ज्ञान परंपरा व सांस्कृतिक मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि हर साल 7.2 लाख से अधिक आत्महत्याएं होती हैं, जिनसे बचाव में स्थानीय विश्वास प्रणालियां और ध्यान महत्वपूर्ण हैं।

TMBU Bhagalpur International Conference भागलपुर टीएमबीयू में संपन्न हुआ दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन

TMBU Bhagalpur International Conference भागलपुर टीएमबीयू में संपन्न हुआ दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन

HighLights

  1. मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन में भारतीय ज्ञान परंपरा आवश्यक।

  2. हर साल 7.2 लाख से अधिक आत्महत्याएं वैश्विक चुनौती।

  3. छात्रों की निशुल्क मानसिक स्वास्थ्य जांच पर जोर दिया गया।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। TMBU Bhagalpur International Conference भारतीय ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक मूल्यों और सामुदायिक सहयोग को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और सतत विकास से सीधे जोड़ने की बड़ी जरूरत है। आत्महत्या की रोकथाम में स्थानीय विश्वास प्रणालियों, ध्यान, दिनचर्या और सामाजिक सहयोग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो सकती है।

भौतिकवादी जीवनशैली में नैतिक मूल्यों के क्षरण और मोबाइल की बढ़ती लत जैसी आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए जागरूकता, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाना अनिवार्य है।

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के पीजी मनोविज्ञान विभाग में दो दिनों तक चले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन सत्र में विशेषज्ञों के विचारों से यही अंतिम निष्कर्ष उभरकर सामने आया। देश-विदेश से आए वक्ताओं ने इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए विभागाध्यक्ष व संयोजक डॉ. लक्ष्मी पाण्डेय तथा आयोजन सचिव डॉ. सपना के प्रति आभार व्यक्त किया।

TMBU Seminar Indian Knowledge Meditation for Suicide Prevention (2)

विश्व में हर साल 7.2 लाख से अधिक आत्महत्याएं

सम्मेलन के अंतिम दिन नेपाल के त्रिभुवन विश्वविद्यालय के डॉ. नरेंद्र सिंह थगुना ने चौंकाने वाले आंकड़े साझा करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर हर साल 7.2 लाख से अधिक आत्महत्याएं हो रही हैं। दक्षिण एशिया में आत्महत्या की रोकथाम के लिए हमें सांस्कृतिक रूप से प्रासंगिक और स्थानीय मॉडल विकसित करने की आवश्यकता है।

सांस्कृतिक मॉडल जरूरी : डॉ. थगुना

डॉ. नरेंद्र सिंह थगुना ने चेतावनी दी कि स्थानीय विश्वास प्रणालियों को नजरअंदाज करने से उपचार में लोगों की भागीदारी कम होती है और सामाजिक कलंक (स्टिग्मा) बना रहता है। उन्होंने आत्महत्या रोकथाम के परोक्ष व प्रत्यक्ष उपायों, उचित दिनचर्या और ध्यान की वैज्ञानिक भूमिका पर विस्तृत चर्चा की।

TMBU Seminar Indian Knowledge Meditation for Suicide Prevention (1)

विद्यार्थियों की हो निशुल्क मानसिक जांच

रांची की डॉ. मसरूर जहां ने तनाव प्रबंधन और सकारात्मक मानसिक स्वास्थ्य पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, समयबद्ध तरीके से काम करने और नशे से दूर रहने की तत्काल जरूरत है। उन्होंने कॉलेजों में नियमित मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और विद्यार्थियों की निशुल्क मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग कराने पर विशेष बल दिया।

नैतिक मूल्यों के ह्रास पर चिंता

मूल्यांकन सत्र की अध्यक्षता करते हुए टीएमबीयू की डीन प्रो. अर्चना कुमारी ने कहा कि भौतिकवादी और उपभोक्तावादी युग में लोग अपनी समृद्ध संस्कृति को भूलते जा रहे हैं, जिसके कारण नैतिक शिक्षा और मूल्यों का लगातार क्षरण हो रहा है। वहीं, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास (नई दिल्ली) के अध्यक्ष प्रो. अरुण कुमार सिंह ने भारतीय ज्ञान परंपरा के आदर्शों को केवल बातों में नहीं, बल्कि अपने जीवन में पूरी तरह आत्मसात करने और कथनी-करनी के अंतर को मिटाने की जरूरत बताई। कटिहार मेडिकल कॉलेज की डॉ. ऋचा ने बच्चों में मोबाइल और कार्टून की बढ़ती लत के गंभीर दुष्परिणामों पर चिंता व्यक्त करते हुए माता-पिता को स्क्रीन टाइम सीमित करने की सलाह दी।

TMBU Seminar Indian Knowledge Meditation for Suicide Prevention (4)

डॉ. सपना की एक महीने की अथक मेहनत और टीमवर्क से सफल हुआ आयोजन

सम्मेलन के दौरान कई तकनीकी सत्रों में शोधार्थियों ने अपने शोध आलेख प्रस्तुत किए। तकनीकी सत्र-15 की अध्यक्षता टीएमबीयू के पीआरओ डॉ. दीपक कुमार दिनकर ने की, जबकि इसके रिपोर्टियर टीपी कॉलेज के डॉ. राकेश कुमार रहे। पीजी दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. पूर्णनेन्दु शेखर, टीएनबी कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉ. मुशफिक आलम और मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार झा सहित अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार साझा किए।

TMBU Seminar Indian Knowledge Meditation for Suicide Prevention (3)

आयोजन सचिव डॉ. सपना ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का मुख्य विषय 'भारतीय ज्ञान परंपरा एवं सतत विकास लक्ष्य-4 : एक वैश्विक दृष्टिकोण' था। हाइब्रिड (ऑनलाइन व ऑफलाइन) मोड में आयोजित इस दो दिवसीय सेमिनार को सफल बनाने में डॉ. सपना की सांगठनिक क्षमता और अथक परिश्रम की सभी ने सराहना की। वे पिछले एक महीने से इस आयोजन की तैयारी में जुटी हुई थीं। इसके लिए उन्होंने सबसे पहले एक समर्पित टीम का गठन किया और लगातार तैयारियों व बैठकों का दौर चलाकर देश-विदेश के सैकड़ों प्रतिभागियों को एक मंच पर लाने में सफलता पाई।

इस सम्मेलन में नेपाल समेत झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ आदि राज्यों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. राहुल कुमार व डॉ. संजय जायसवाल ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पीजी मनोविज्ञान विभाग के सहायक प्रोफेसर विवेकानंद कुमार ने किया।

यह भी पढ़ें- भारतीय ज्ञान परंपरा पर TMBU में महामंथन; डॉ. सपना ने गीता को बताया विश्व का पहला व सर्वश्रेष्ठ साइकोथेरेपी सत्र

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।