विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय ज्ञान परंपरा पर TMBU में महामंथन; डॉ. सपना ने गीता को बताया विश्व का पहला व सर्वश्रेष्ठ साइकोथेरेपी सत्र

Published: Sat, 28 Nov 2026 01:07 AM (IST)

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा और सतत विकास लक्ष्य-4 पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन हुआ। वक्ताओं ने किताबों के महत्व, आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा के समन्वय और गीता को सर्वश्रेष्ठ साइकोथेरेपी सत्र बताया।

भागलपुर के टीएमबीयू पीजी मनोविज्ञान विभाग में भारतीय ज्ञान परंपरा और सतत विकास लक्ष्य-4 पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन

भागलपुर के टीएमबीयू पीजी मनोविज्ञान विभाग में भारतीय ज्ञान परंपरा और सतत विकास लक्ष्य-4 पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 

HighLights

  1. किताबों का महत्व एआई और आधुनिक तकनीक से अधिक।

  2. भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा का समन्वय आवश्यक।

  3. श्रीमद्भगवद्गीता विश्व का सर्वश्रेष्ठ साइकोथेरेपी सत्र है।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। एआई और आधुनिक तकनीक के तीव्र दौर में भी किताबों का महत्व कभी कम नहीं हो सकता। पुस्तक पढ़कर गहन ज्ञान अर्जित करने और गूगल से महज जानकारी हासिल करने में बड़ा अंतर है। भारतीय ज्ञान परंपरा केवल धार्मिक ग्रंथों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें जीवन मूल्य, मानवीय संवेदना, लोक कल्याण और सामाजिक समरसता का व्यापक दर्शन समाहित है।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए भारतीय और आधुनिक ज्ञान परंपरा को एक-दूसरे का पूरक बनाना होगा। शुक्रवार को तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के पीजी मनोविज्ञान विभाग में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में वक्ताओं ने इन विचारों पर जोर दिया।

'भारतीय ज्ञान परंपरा और सतत विकास लक्ष्य-4 : वैश्विक परिदृश्य' विषय पर आयोजित सम्मेलन का उद्घाटन प्रभारी कुलपति प्रो. रंजना, मुख्य अतिथि बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. संजीव कुमार सिंह, पूर्व कुलपति प्रो. अवध किशोर राय, प्रो. नीलाम्बुज किशोर वर्मा, कुलसचिव प्रो. रामाशीष पूर्वे, प्रो. अरुण कुमार सिंह, विभागाध्यक्ष प्रो. लक्ष्मी पाण्डेय और आयोजन सचिव डॉ. सपना ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

TMBU Indian Knowledge Tradition Gita as First Psychotherapy (3)

किताबों का महत्व तकनीक से कम नहीं होगा

मुख्य अतिथि एमएलसी डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि एआई और मेटा कभी भी किताबों का स्थान नहीं ले सकते। पुस्तक पढ़ने और गूगल से ज्ञान लेने में काफी अंतर है। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा की मजबूत बुनियाद रामायण और महाभारत जैसे कालजयी ग्रंथों में मिलती है तथा संत कबीर की वाणी में भी इसकी स्पष्ट झलक दिखाई देती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अशिक्षा देश की सबसे बड़ी दुश्मन है और इसे जड़ से दूर करना बेहद जरूरी है।

TMBU Indian Knowledge Tradition Gita as First Psychotherapy (5)

आधुनिक और भारतीय ज्ञान परंपरा को बनाना होगा एक-दूसरे का पूरक : प्रो. रंजना

सत्र की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी कुलपति प्रो. रंजना ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा प्रणाली को विरोधी मानने के बजाय एक-दूसरे का पूरक बनाना चाहिए।

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के डॉ. मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षा केवल अक्षर ज्ञान नहीं, बल्कि बेहतर मनुष्य निर्माण की प्रक्रिया है। मध्य प्रदेश से आए की-नोट वक्ता डॉ. आयुष गुप्ता ने भारतीय संस्कृति की विशिष्टता और प्राचीन ऋषियों के आध्यात्मिक ज्ञान पर प्रकाश डाला।

शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के प्रो. अरुण कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का प्रभावी क्रियान्वयन और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना राष्ट्र निर्माण के लिए जरूरी है। शिक्षा में स्वायत्तता के साथ चरित्र निर्माण और वैदिक शिक्षा के संरक्षण पर भी ध्यान देना चाहिए।

पूर्व कुलपति प्रो. अवध किशोर राय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की सार्थकता बताते हुए वैदिक ज्ञान के संरक्षण पर जोर दिया, जबकि पूर्व कुलपति प्रो. नीलाम्बुज किशोर वर्मा ने कहा कि पुरानी ज्ञान परंपरा और वर्तमान शिक्षा प्रणाली—दोनों का संतुलित उपयोग होना चाहिए।

TMBU Indian Knowledge Tradition Gita as First Psychotherapy (4)

श्रीमद्भगवद्गीता विश्व का प्रथम और सर्वश्रेष्ठ साइकोथेरेपी सत्र है

स्वागत संबोधन में विभागाध्यक्ष एवं सम्मेलन संयोजक प्रो. लक्ष्मी पाण्डेय ने कहा कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य-4 के संदर्भ में भारतीय ज्ञान प्रणाली की प्रासंगिकता और योगदान को रेखांकित करना है।

आयोजन सचिव डॉ. सपना ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा हजारों वर्षों में विकसित ज्ञान, दर्शन, विज्ञान, कला और जीवनशैली की समग्र प्रणाली है, जिसका मूल मंत्र 'वसुधैव कुटुम्बकम्' और 'सर्वे भवन्तु सुखिनः' है। प्राचीन भारत के गुरुकुल और तक्षशिला-नालंदा-विक्रमशिला जैसे विश्वविद्यालयों में शिक्षा का उद्देश्य मनुष्य का शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, भावनात्मक, नैतिक और आध्यात्मिक—इन छहों आयामों में समग्र विकास करना था।

TMBU Indian Knowledge Tradition Gita as First Psychotherapy (1)

मनोविज्ञान के दृष्टिकोण से भारतीय ज्ञान प्रणाली की व्याख्या करते हुए डॉ. सपना ने कहा कि सांख्य-योग परंपरा में वर्णित त्रिगुण सिद्धांत (सत्त्व, रज और तम) मानव मन को समझने का सबसे सूक्ष्म वैज्ञानिक शास्त्र है। आज की परीक्षा-केंद्रित शिक्षा विद्यार्थियों में 'रजोगुण' की अति या असफलता के भय से 'तमोगुण' की निराशा बढ़ा रही है, जबकि वास्तविक शिक्षा वह है जो विद्यार्थी को 'तम' और 'रज' से ऊपर उठाकर विवेक, शांति व एकाग्रता वाले 'सत्त्वगुण' की ओर ले जाए।

डॉ. सपना ने कहा कि यदि मनोवैज्ञानिक दृष्टि से देखें, तो कुरुक्षेत्र के मैदान में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा विषादग्रस्त अर्जुन को दिया गया श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश विश्व का प्रथम और सर्वश्रेष्ठ काउंसलिंग एवं साइकोथेरेपी सत्र है, जिसमें तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन और निर्णय क्षमता के सिद्धांत निहित हैं।

आज दुनिया के शीर्ष न्यूरोसाइंटिस्ट जिस माइंडफुलनेस और मेडिटेशन को अपना रहे हैं, वह महर्षि पतंजलि के योगसूत्र ("योगश्चित्तवृत्तिनिरोधः") और हमारी प्राचीन प्राणायाम परंपरा की ही देन है। डॉ. सपना ने कहा कि भारतीय ज्ञान प्रणाली युवाओं में आठ प्रमुख जीवन-कौशल—आत्म-जागरूकता (स्वाध्याय), आत्म-नियमन, भावनात्मक स्थिरता (स्थितप्रज्ञता), विपरीत परिस्थितियों से उबरने की क्षमता (रेसिलिएंस), समानुभूति, आत्म-अनुशासन, करुणा और नैतिक मूल्य—विकसित करती है, जिनसे समाज में तनाव व अवसाद समाप्त हो सकता है।

TMBU Indian Knowledge Tradition Gita as First Psychotherapy (2)

स्मारिका का विमोचन, नेपाल सहित विभिन्न राज्यों से जुटे विद्वान

उद्घाटन सत्र के दौरान सम्मेलन की स्मारिका का विमोचन किया गया, जिसमें देश-विदेश के शिक्षकों और शोधार्थियों के शोध आलेख प्रकाशित हैं। मंच संचालन डॉ. राहुल कुमार और डॉ. संजय कुमार जायसवाल ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आनंद शंकर ने दिया।

TMBU Indian Knowledge Tradition Gita as First Psychotherapy

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में नेपाल से आए डॉ. नरेंद्र थगुना सहित प्रो. रत्ना मुखर्जी, डॉ. नीलिमा कुमारी, प्रो. संगीता झा, डॉ. रौशन आरा, प्रो. अर्चना ठाकुर, प्रो. प्रमोद पाण्डेय, बीएन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिरुद्ध कुमार, टीएनबी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपो महतो, वित्त पदाधिकारी ब्रज किशोर प्रसाद, पीआरओ डॉ. दीपक कुमार दिनकर, डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, डॉ. रविशंकर चौधरी, डॉ. अंशुमान सुमन, डॉ. राजेश तिवारी, डॉ. अश्वजीत राठौर, डॉ. श्वेता पाठक, डॉ. जनक श्रीवास्तव, डॉ. मधु और सुजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व शोधार्थी मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।