TNB में कौन होंगे प्राचार्य? 'क्लास में पढ़ाइए, छात्र तय करेंगे'; पूर्व VC डॉ. रामाश्रय यादव को याद कर भावुक हुए JC
TMBU Former VC Dr Ramashray Yadav Passes Away Tributeतिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) के पूर्व कुलपति और बिहार लोक सेवा आयोग ...और पढ़ें
-1794633541563_m.webp)
TMBU Former VC Dr Ramashray Yadav Passes Away Tribute : डॉ. रामाश्रय यादव को JC Sir ने दी श्रद्धांजलि।
HighLights
पूर्व कुलपति डॉ. रामाश्रय यादव का 92 वर्ष की आयु में निधन।
प्रो. ज्योतिंद्र चौधरी ने उनकी निष्पक्ष कार्यशैली को याद किया।
छात्रों की राय पर प्राचार्य चुनने का किस्सा साझा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। TMBU Former VC Dr Ramashray Yadav Passes Away Tribute बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष एवं तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के पूर्व कुलपति डॉ. रामाश्रय यादव (डॉ. आरए यादव) के निधन से भागलपुर के शिक्षा जगत में गहरा शोक व्याप्त है। करीब 92 वर्ष की आयु में 7 नवंबर की शाम पटना के शिवपुरी स्थित अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली, जिसके बाद 9 नवंबर को पटना में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
उनके महाप्रयाण (निधन) पर टीएमबीयू के रसायन शास्त्र विभाग के सेवानिवृत्त शिक्षक एवं तेजनारायण बनेली (टीएनबी) महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य प्रो. (डॉ.) ज्योतिंद्र चौधरी (JC Sir) ने अपने पुराने संस्मरणों को साझा करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।
वीसी चैंबर का वह ऐतिहासिक किस्सा
दिवंगत कुलपति की कार्यशैली को याद करते हुए प्रो. ज्योतिंद्र चौधरी (JC Sir) ने बताया कि वे डॉ. रामाश्रय यादव के पूरे कार्यकाल में उनके साथ रहे और छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष (डीएसडब्ल्यू) से लेकर टीएनबी कॉलेज के प्राचार्य तक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। उन्होंने एक यादगार घटना साझा करते हुए बताया कि जब वे टीएनबी कॉलेज के प्राचार्य की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, तब एक दिन उनके ही कॉलेज के एक शिक्षक कुलपति के चैंबर में पहुंचे और स्वयं को सेवा अवधि में वरिष्ठ बताते हुए प्राचार्य पद पर अपना दावा पेश किया।
जब वरिष्ठता के दावे पर कुलपति ने रखी थी अनोखी शर्त
JC Sir के अनुसार, वे शिक्षक सेवा लंबाई में उनसे कई वर्ष वरिष्ठ जरूर थे, लेकिन उनकी अध्यापन क्षमता काफी कमजोर थी। इस पर तत्कालीन कुलपति डॉ. रामाश्रय यादव ने बेहद सधे हुए और बेबाक अंदाज में कहा— “जब जेसी (ज्योतिंद्र चौधरी) ने ही आपको सीनियर मान लिया, तो हमें क्या आपत्ति हो सकती है।
हम भी आपकी वरिष्ठता को स्वीकार करते हैं, लेकिन अभी आप दोनों टीएनबी कॉलेज के क्लासरूम में चलिए। एक-एक पीरियड दोनों पढ़ाइए और दोनों के सामने ही छात्रों की राय ली जाएगी। जो अच्छा पढ़ाएगा और जिसे विद्यार्थी पसंद करेंगे, वही प्राचार्य होगा।” कुलपति का यह निर्णय सुनते ही वे शिक्षक तत्क्षण वीसी चैंबर में ही अपना दावा और आवेदन वापस लेकर वहां से चले गए। प्रो. चौधरी ने कहा कि दिवंगत कुलपति डॉ. रामाश्रय यादव ऐसे ही निष्पक्ष और साहसिक निर्णय लिया करते थे।

अक्सर कहते थे 'नो जेसी, नो वीसी'
अपने पुराने दिनों को याद कर भावुक हुए प्रो. चौधरी ने कहा कि डॉ. यादव का उन पर सदा अटूट विश्वास रहा और वे अक्सर कहा करते थे— “नो जेसी, नो वीसी” (No JC, No VC)। उन्होंने कहा कि अंतिम क्षण तक उनका संबंध अक्षुण्ण रहा और बिहार में उनके कद का दूसरा कुलपति न कभी था, न है और न होगा। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के प्रसिद्ध श्लोक “न जायते म्रियते वा कदाचित्...” के माध्यम से दिवंगत आत्मा की चिर शांति और मोक्ष की कामना की।
कभी ईश्वर के अस्तित्व को नहीं मानते थे JC Sir
लालकोठी (भागलपुर) निवासी प्रो. डॉ. ज्योतिंद्र चौधरी (JC Sir) के जीवन का आध्यात्मिक रूपांतरण भी उतना ही प्रेरक है। रसायन शास्त्र के प्रख्यात विद्वान होने के कारण वे पहले हर विषय को केवल आधुनिक विज्ञान की कसौटी पर ही परखते थे। उनका मानना था कि सृष्टि का संचालन केवल वैज्ञानिक नियमों से होता है, जिस कारण वे प्रारंभ में ईश्वर के अस्तित्व को स्वीकार नहीं करते थे।
कालांतर में उनका संपर्क जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्री रामचंद्राचार्य परमहंस स्वामी आगमानंद महाराज से हुआ। स्वामी आगमानंद ने वेद, उपनिषद और श्रीमद्भगवद्गीता के तथ्यों के आधार पर प्रमाणित किया कि ईश्वर ही सृष्टि के संचालक हैं। उनके बताए मार्ग के अलावा हिंंदू धर्म ग्रंथों के गहन अध्ययन व चिंतन के बाद उन्होंने यह तथ्य आत्मसात किया कि आधुनिक विज्ञान जिन सिद्धांतों को आज पढ़ा रहा है, उनकी नींव हजारों वर्ष पूर्व हमारे वेदों और उपनिषदों में रखी जा चुकी थी।
इसके बाद उन्होंने स्वामी आगमानंद महाराज को अपना गुरु स्वीकार कर आध्यात्मिक दीक्षा ली। आज वे 'स्वामी जीवनानंद' के रूप में जाने जाते हैं और विभिन्न मंचों से वेदों, उपनिषदों व गीता के वैज्ञानिक दृष्टिकोण को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।