विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

TMBU के पूर्व VC डॉ. रामाश्रय यादव का अनसुना किस्सा: जब भागलपुर में RSS के मंच पर पहुंचे, रामण्णा जी के भाषण ने मोहा मन

Published: Mon, 09 Nov 2026 03:08 PM (IST)

Former TMBU VC Dr Ramashray Yadav RSS Connection: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. रामाश्रय यादव, अपनी सख्त छवि ...और पढ़ें

Former TMBU VC Dr Ramashray Yadav RSS Connection: कड़क प्रशासक डॉ. रामाश्रय यादव का संस्मरण। फाइल फोटो

Former TMBU VC Dr Ramashray Yadav RSS Connection: कड़क प्रशासक डॉ. रामाश्रय यादव का संस्मरण। फाइल फोटो

HighLights

  1. डॉ. रामाश्रय यादव ने 2003 में RSS सम्मेलन में भाग लिया।

  2. रामण्णा जी के ओजस्वी भाषण से वे बहुत प्रभावित हुए।

  3. सख्त वीसी ने संघ के अनुशासन और विचारों की सराहना की।

द‍िलीप कुमार शुक्‍ला, भागलपुर। Former TMBU VC Dr Ramashray Yadav RSS Connection: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के पूर्व कुलपति डॉ. रामाश्रय यादव अपने सख्त तेवर, कड़े प्रशासनिक फैसलों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर हमेशा चर्चा में रहे।

डॉ. रामाश्रय यादव का पटना में निधन

बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष और तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के पूर्व कुलपति डॉ. रामाश्रय यादव का सात नवंबर 2026 की शाम पटना में देहावसान हो गया। वे लगभग 92 वर्ष के थे और उन्होंने शिवपुरी स्थित अपने निजी आवास पर अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार नौ नवंबर को पटना में संपन्न होगा। प्रो. यादव मूलतः भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत महुआर (देवमलपुर बहुदरी) गांव के रहने वाले थे।

त‍िलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय और इसके अधीन आने वाले तमाम कॉलेजों में शैक्षणिक माहौल सुधारने के लिए डॉ. रामाश्रय यादव ने न सिर्फ कई कड़े फैसले लिए, बल्कि परिसर की चहारदीवारी निर्माण और विकास कार्यों के लिए समाज से धनसंग्रह करने से भी गुरेज नहीं किया। उनकी इसी सख्त कार्यप्रणाली के कारण कई बार उन्हें भारी विरोध और तीखी आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा।

लेकिन, अपने प्रशासनिक जीवन के इस कड़क दौर में उनका एक ऐसा रूप भी सामने आया था, जिसे आज भी पुरानी पीढ़ी के लोग याद करते हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) या विचार परिवार से कोई सीधा वैचारिक संबंध न होने के बावजूद, डॉ. यादव संघ के अनुशासन और विचारों के मुरीद बन गए थे।

विद्या मंदिर में एक हजार स्वयंसेवकों के बीच पहुंचे थे वीसी

बात वर्ष 2003 की है, जब नाथनगर के नरगा स्थित गणपतराय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर में संघ का एक विशाल परिवार सम्मेलन आयोजित हुआ था। इस आयोजन में एक हजार से अधिक स्वयंसेवक अपने परिवारों के साथ उपस्थित थे। भागलपुर के तत्कालीन विभाग प्रचारक उद्यम चंद्र शर्मा के सुझाव पर संघ के कार्यकर्ताओं ने TMBU के तत्कालीन कुलपति डॉ. रामाश्रय यादव को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया।

कड़क छवि वाले डॉ. यादव ने न केवल आमंत्रण को सहर्ष स्वीकारा, बल्कि बिल्कुल निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंच गए। विद्या मंदिर परिसर में ईश्‍वरनगर मंडल के स्‍वयंसेवक दीपक और सुमन ने वीसी की औपचारिक अगुवानी की। डॉ. यादव ने मंच की अध्यक्षता करते हुए स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को संबोधित किया। 

former tmbu vc dr ramashray yadav rss interaction story (1)

क्षेत्र प्रचारक रामण्णा जी की भाषण शैली के कायल हो गए थे डॉ. यादव

इस सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर-पूर्व क्षेत्र के तत्कालीन क्षेत्र प्रचारक सु. रामण्णा जी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थे। रामण्णा जी अपनी ओजस्वी भाषण शैली, गहरे अध्ययन और श्रोताओं को एकाग्रचित्त कर बांधे रखने की अनूठी कला के लिए विख्यात रहे हैं।

"परिवार सम्मेलन में ईश्‍वरनगर मंडल के तत्‍कालीन मंडल कार्यवाह दिलीप शास्त्री ने भगवा ध्वज (जिसे आरएसएस में गुरु का स्थान प्राप्त है) का ध्वजारोहण किया था।"

मंच पर जब रामण्णा जी का उद्बोधन शुरू हुआ, तो डॉ. रामाश्रय यादव ने उनके एक-एक शब्द को अत्यंत तन्मयता और गंभीरता से सुना। वे रामण्णा जी के विचारों और अभिव्यक्ति से इतने अधिक प्रभावित हुए कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी उनकी चर्चा करते रहे। अनुशासित आयोजन से आह्लादित होकर उन्होंने संघ पदाधिकारियों के साथ बैठकर सादगी से भोजन भी ग्रहण किया।

former tmbu vc dr ramashray yadav rss interaction story (2)

पर‍िवार सम्‍मेलन कार्यक्रम के दौरान तत्‍कालीन कुलप‍त‍ि रामाश्रय यादव ने तत्कालीन क्षेत्र प्रचारक सु. रामण्णा जी, दक्षिण बिहार प्रांत प्रचारक शरद खाड़िलकर, विभाग प्रचारक उद्यम चंद्र शर्मा, विभाग संघचालक डॉ. लक्ष्मीकांत सहाय, विभाग कार्यवाह सुरेश प्रसाद सिंह, जिला कार्यवाह बालमुकुंद गुप्त, ज‍िला प्रचारक अजय जी, शंकर शुक्‍ल, नगर कार्यवाह हरविन्द नारायण भारती 'गुड्डू भइया', पवन कुमार गुप्त, उत्तम जी, संजय भारती, मदन जी, मुरारी पासवान, अरविन्द चंद पांडेय, राजेन्द्र मावंडिया, उपेश जी, आशीष जी, भुपेन्‍द्र जी, व‍िजय कुमार मंडल, त्र‍िपुरारी त‍िवारी, अम‍ित कुमार, राजेन्‍द्र वर्मा, कृष्‍ण नारायण भारती 'राजा', चंद्रशेखर प्रसाद, सुनील कुमार, राजक‍िशोर स‍िंह, कामेश्वर यादव, श्रीकृष्ण पांडेय, शिव कुमार बाजोरिया, दीपक घोष, निरंजन साह, रविशंकर कुमार सोनी, चंदन, श्रीधर मिश्र, हजारी जी, प्रदीप जी, नरेन्द्र जी, जय गोपाल जी, प्रभुदयाल जी, ध्रुव जी, संतोष जी जैसे कार्यकर्ताओं की सक्रिय व्यवस्था को देखा। एक-एक करके सभी से पर‍िचय प्राप्‍त क‍िया। 

नववर्ष कार्यक्रम: बाहर जाना था, फिर भी 4 घंटे पहले पहुंचे मंदिर

पर‍िवार सम्‍मेलन कार्यक्रम के कुछ ही समय बाद चैत्र शुक्ल पक्ष (भारतीय नववर्ष) के उपलक्ष्य में ईश्वरनगर स्थित बुढ़िया काली मंदिर के प्रांगण में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। हिंदू व सनातन संस्कृति पर आधारित इस कार्यक्रम में तत्कालीन दक्षिण बिहार प्रांत के संघचालक शत्रुघ्न बाबू का मुख्य बौद्धिक (संबोधन) होना तय था। इस कार्यक्रम में भी मुख्य अतिथि के रूप में तत्कालीन वीसी डॉ. रामाश्रय यादव को आमंत्रित किया गया था।

संयोगवश उसी दिन कुलपति को किसी अपरिहार्य कार्य से अचानक भागलपुर से बाहर जाना पड़ गया। अमूमन व्यस्त अधिकारी ऐसे मौकों पर सूचना भेजकर पल्ला झाड़ लेते हैं, लेकिन अनुशासनप्रिय डॉ. यादव कार्यक्रम शुरू होने से करीब चार घंटे पहले ही बुढ़िया काली मंदिर प्रांगण पहुंच गए। उन्होंने वहां तैयारी में जुटे संघ अधिकारियों और स्वयंसेवकों से भेंट कर कार्यक्रम की रूपरेखा जानी और आत्मीयता से कहा, "मुझे किसी जरूरी काम से भागलपुर से बाहर निकलना पड़ रहा है, इसलिए पहले ही मिलने आ गया। मैं फिर कभी आपके बीच जरूर आऊंगा।"

इसके बाद वे अपने कार्यकाल के शेष दिनों तक शहर की प्रशासनिक व्यस्तताओं में उलझते चले गए और कुछ समय बाद कुलपति पद से मुक्त हो गए। हालांकि, वे सु. रामण्णा जी के व्यक्तित्व से इतने प्रभावित थे कि बाद के दिनों में भी उन्होंने उनसे पुनः मिलने की हार्दिक इच्छा कई बार जताई, लेकिन व्यस्तताओं के चलते यह भेंट संभव नहीं हो सकी। कड़क प्रशासक के भीतर छिपी इस सहृदयता और संवादप्रियता की मिसाल आज भी भागलपुर में याद की जाती है।

यह भी पढ़ें- TMBU के शिल्पकार थे डॉ. रामाश्रय यादव; कुलगीत, कुलध्वज और अंगिका विभाग की स्थापना से लेकर नैक तक दिए कई उपहार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।