TMBU के शिल्पकार थे डॉ. रामाश्रय यादव; कुलगीत, कुलध्वज और अंगिका विभाग की स्थापना से लेकर नैक तक दिए कई उपहार
Former TMBU VC And BPSC Chairman Dr Ramashray Yadav Passes Away: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के पूर्व कुलपति और बीपीएससी ...और पढ़ें
-1794211821172_m.webp)
Former TMBU VC And BPSC Chairman Dr Ramashray Yadav Passes Away: रामाश्रय यादव का निधन हो गया। फाइल फोटो
HighLights
टीएमबीयू में कुलगीत, कुलध्वज और अंगिका विभाग की स्थापना की।
विश्वविद्यालय का पहला नैक मूल्यांकन और बाउंड्रीवॉल निर्माण कराया।
पत्रकारिता पाठ्यक्रम और कैजुअल एडमिशन टेस्ट की शुरुआत की।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के पूर्व कुलपति एवं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रामाश्रय यादव का 7 नवंबर की शाम पटना में निधन हो गया। उन्होंने पटना के शिवपुरी स्थित अपने आवास पर 92 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से बिहार के उच्च शिक्षा और प्रशासनिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है।
वर्ष 2001 से 2004 के बीच टीएमबीयू के 43वें कुलपति के रूप में उनके तीन वर्षों के कार्यकाल को युगांतरकारी, संस्थागत और सांस्कृतिक निर्माण के स्वर्णिम दौर के रूप में सदैव याद रखा जाएगा। मूल रूप से भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत महुआर (देवमलपुर बहुदरी) गांव के रहने वाले डॉ. रामाश्रय यादव एक प्रखर शिक्षाविद और कुशल प्रशासक थे। उन्होंने टीएमबीयू के कुलपति के साथ-साथ राज्य की सर्वोच्च चयन संस्था बीपीएससी के अध्यक्ष पद की गरिमामयी जिम्मेदारी का भी कुशलतापूर्वक निर्वहन किया था।
कुलगीत, कुलध्वज और अंगिका विभाग के रहे शिल्पकार
डॉ. रामाश्रय यादव ने टीएमबीयू को महज एक प्रशासनिक विश्वविद्यालय से आगे ले जाकर उसकी एक विशिष्ट सांस्कृतिक और अकादमिक पहचान गढ़ी। विश्वविद्यालय का जो कुलगीत और कुलध्वज आज दीक्षांत व सीनेट की बैठकों का गौरव बनता है, उस परंपरा की नींव डॉ. यादव ने ही रखी थी।
इतना ही नहीं, इस पूरे अंचल की मातृभाषा अंगिका को विश्वविद्यालय स्तर पर प्रतिष्ठा दिलाने का ऐतिहासिक श्रेय भी उन्हें ही जाता है। उन्होंने वर्ष 2002 में विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर अंगिका विभाग की स्थापना कराई, जिसके बाद अंगिका भाषा के गंभीर अध्ययन, लोक-साहित्य और शोध कार्यों को अकादमिक धरातल पर स्थान मिल सका। मीडिया जगत की जरूरतों को भांपते हुए उन्होंने टीएमबीयू में पत्रकारिता पाठ्यक्रम की शुरुआत कराई।
पहली बार नैक मूल्यांकन, कैंपस की बाउंड्रीवॉल और कैजुअल टेस्ट
अकादमिक गुणवत्ता और बुनियादी ढांचे को संवारने में उनका योगदान मील का पत्थर साबित हुआ। टीएमबीयू मुख्यालय और इसके अंगीभूत कॉलेजों का पहली बार 'नैक' (NAAC) से मूल्यांकन कराने की पहल डॉ. यादव के कार्यकाल में ही हुई। असुरक्षित और खुले विश्वविद्यालय परिसर को सुरक्षित बनाने के लिए उन्होंने ही पूरे विशाल कैंपस में मजबूत चहारदीवारी (बाउंड्रीवॉल) का निर्माण कराया था।
इसके साथ ही, उच्च शिक्षा में पारदर्शिता और प्रतिभा को अवसर देने के लिए उन्होंने पहली बार कैजुअल एडमिशन टेस्ट (प्रवेश परीक्षा) के जरिए स्नातक स्तर पर नामांकन की व्यवस्था शुरू की थी। वे वर्ष 2016 में ग्रामीण अर्थशास्त्र एवं सहकारिता प्रबंधन विभाग के स्थापना दिवस समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि अंतिम बार टीएमबीयू परिसर आए थे।
युवा महोत्सव और सांस्कृतिक दीक्षांत समारोह से बढ़ाया मान
उनके कार्यकाल का सबसे यादगार सांस्कृतिक अध्याय 28 से 30 नवंबर 2002 तक आयोजित तीन दिवसीय 'युवा महोत्सव सह सांस्कृतिक दीक्षांत समारोह' था। इस ऐतिहासिक आयोजन ने न केवल विश्वविद्यालय में कला और सांस्कृतिक गतिविधियों को नया जीवन दिया, बल्कि संस्थान के गौरवशाली इतिहास को भी राष्ट्रीय पटल पर रखा। इसी आयोजन के दौरान विश्वविद्यालय के प्रेरणास्रोत और महान स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद तिलकामांझी के संघर्षपूर्ण जीवन पर आधारित एक प्रामाणिक लघु पुस्तक का प्रकाशन कराया गया था।
प्रशासनिक दृढ़ता, फैसले और चुनौतियों से भरा सफर
डॉ. यादव अपने कड़े और लीक से हटकर प्रशासनिक फैसलों के लिए भी जाने जाते थे। उनके कुछ कड़े कदमों का विरोध भी हुआ। अप्रैल 2003 में पीजी सांख्यिकी विभाग के तत्कालीन अध्यक्ष अक्षय कुमार मिश्रा के निलंबन के बाद छात्रों ने परीक्षा बहिष्कार किया था। वहीं, दिसंबर 2003 में तत्कालीन कुलाधिपति सह राज्यपाल एम. रामा जोइस द्वारा 17.55 करोड़ रुपये के बजटीय खर्च का ब्योरा व स्पष्टीकरण मांगने तथा शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर राजभवन के हस्तक्षेप जैसी प्रशासनिक चुनौतियां भी उनके कार्यकाल का हिस्सा रहीं।
तमाम उतार-चढ़ावों और प्रशासनिक बहसों के बावजूद, विश्वविद्यालय को दी गई संस्थागत पहचान, अंगिका का सम्मान, पहली बाउंड्रीवॉल और अकादमिक अनुशासन के लिए इतिहास में उनका नाम एक दूरदर्शी कुलपति के रूप में हमेशा आदर के साथ लिया जाएगा। उनके निधन पर विश्वविद्यालय परिवार, शिक्षकों, छात्रों और प्रबुद्ध नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।