BPSC के पूर्व अध्यक्ष और TMBU के कुलपति रहे डॉ रामाश्रय यादव का निधन, भोजपुर के थे रहने वाले
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के पूर्व अध्यक्ष और तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) के पूर्व कुलपति डॉ. रामाश्रय यादव का ...और पढ़ें

डॉ. रामाश्रय यादव के निधन पर शोक। फाइल
HighLights
पूर्व BPSC अध्यक्ष डॉ. रामाश्रय यादव का पटना में निधन।
तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति भी रहे प्रो. यादव।
भोजपुर के शाहपुर निवासी, शिक्षा और प्रशासन में उल्लेखनीय योगदान।
दिलीप कुमार ओझा, शाहपुर (आरा)। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के पूर्व अध्यक्ष एवं तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. रामाश्रय यादव का सात नवंबर की शाम पटना में निधन हो गया।
वे करीब 92 वर्ष के थे। उन्होंने शिवपुरी स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार नौ नवंबर को पटना में किया जाएगा।
प्रो. यादव मूल रूप से भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के महुआर (देवमलपुर बहुदरी) गांव के निवासी थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पैतृक गांव सहित पूरे शाहपुर प्रखंड और भोजपुर जिले में शोक की लहर दौड़ गई।
भोजपुर के शाहपुर प्रखंड के रहने वाले थे प्रो. यादव
शिक्षा जगत ने भी उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है। प्रख्यात शिक्षाविद और कुशल प्रशासक के रूप में पहचान बनाने वाले प्रो. यादव ने बिहार की शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।
बीपीएससी के अध्यक्ष और तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के कुलपति जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए उन्होंने अपनी विद्वता, कार्यशैली और प्रशासनिक दक्षता की छाप छोड़ी। उनकी उपलब्धियों से भोजपुर जिले के साथ पूरे बिहार का मान बढ़ा।
निधन पर शिक्षा जगत में शोक
उनके निधन पर भोजपुर और पटना के सामाजिक, राजनीतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक जताया। इनमें पूर्व सांसद शिवानंद तिवारी, विधायक राकेश रंजन, पूर्व विधायक राहुल तिवारी और मुन्नी देवी, भाजपा नेता मुक्तेश्वर ओझा, शंभु शरण मिश्र आदि शामिल हैं।
प्रो. यादव के निधन से शाहपुर ने शिक्षा जगत की एक ऐसी विभूति को खो दिया है, जिनकी विद्वता, सादगी और योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।