विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी बिहार और सीमांचल की पहली नाट्य संस्था बनी 'संबंध', केंद्र सरकार देगी आर्थिक मदद; कलाकारों में खुशी

Published: Tue, 17 Nov 2026 09:39 PM (IST)

भागलपुर के संबंध थिएटर ग्रुप को भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय से गुरु-शिष्य परंपरा योजना के तहत आर्थिक मदद की अनुशंसा मिली है।

नाटक का मंचन करते संबंध थिएटर ग्रुप के कलाकार। (जागरण)

नाटक का मंचन करते संबंध थिएटर ग्रुप के कलाकार। (जागरण)

HighLights

  1. संस्कृति मंत्रालय ने संबंध थिएटर ग्रुप को आर्थिक मदद की अनुशंसा की।

  2. पूर्वी बिहार-सीमांचल की पहली नाट्य संस्था को यह सम्मान मिला।

  3. कलाकारों में नया उत्साह, भागलपुर के रंगमंच को बढ़ावा मिलेगा।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर के रंगमंच के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर की नाट्य संस्था संबंध थिएटर ग्रुप ने एक नई पहचान बनाई है।

भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय ने संस्था को गुरु-शिष्य परंपरा (रेपर्टरी ग्रांट) योजना के तहत आर्थिक मदद देने के लिए अनुशंसा की है।

16 नवंबर को जारी मंत्रालय की मूल्यांकन समिति की सूची में संस्था का नाम शामिल किया गया है। संस्था के संचालक रितेश रंजन ने दावा किया है कि पूर्वी बिहार और सीमांचल क्षेत्र की यह पहली नाट्य संस्था है, जिसे इस योजना के तहत यह पहचान मिली है।

वर्ष 2014 में कला, संस्कृति और समाज को समृद्ध बनाने के उद्देश्य से संबंध संस्था की शुरुआत हुई थी। तब से संस्था नाटक, नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत, नृत्य, चित्रकला और कार्यशालाओं के माध्यम से लोगों को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक कर रही है।

रितेश रंजन ने बताया कि अब तक कलाकार अपनी जेब से पैसे लगाकर नाटक तैयार करते थे। कई बार महीनों की मेहनत के बाद भी मंचन के लिए जरूरी पैसे जुटाना मुश्किल हो जाता था। मंच सज्जा, वेशभूषा, रोशनी और दूसरी जरूरतों के लिए कलाकारों को परेशान होना पड़ता था।

कलाकारों में नया उत्साह

अब केंद्र से आर्थिक मदद मिलने की उम्मीद ने कलाकारों में नया उत्साह भर दिया है। संस्था ने 12 वर्षों में कुछ किस्से कुछ कहानियां, सफदर के बोल, बड़े भाई साहब, अंधा युग, रश्मिरथी, अदम गोंडवी, मुखौटे और मैं गंगा हूं जैसे नाटकों के मंचन किए है।

इसके अलावा दहेज, शराबबंदी, बेटी बचाओ, स्वच्छता और पर्यावरण जैसे विषयों पर भी लोगों के बीच जागरूक फैलाई गई है। इस पहल से भागलपुर में रंगमंच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

वहीं, इस सूचना के बाद कलाकारों में खुशियों का माहौल है। अब कलाकारों को नियमित अभ्यास, प्रशिक्षण और काम के अवसर मिल सकेंगे। उम्मीद है कि इससे शहर के युवा भी रंगमंच से जुड़ेंगे और भागलपुर की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।

यह भी पढ़ें- बिहार के सरकारी स्कूलों में 'संकल्प संध्या' शुरू, भागलपुर के दो स्कूलों में शाम 5 से 7:30 बजे तक चलेगी स्पेशल क्लास

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।