बिहार के सरकारी स्कूलों में 'संकल्प संध्या' शुरू, भागलपुर के दो स्कूलों में शाम 5 से 7:30 बजे तक चलेगी स्पेशल क्लास
Bhagalpur Sankalp Sandhya Special Evening Remedial Classes Government Schools : बिहार के सरकारी स्कूलों में कमजोर और आर्थिक रूप से ...और पढ़ें

Bhagalpur Sankalp Sandhya Special Evening Remedial Classes Government Schools : भागलपुर के सरकारी स्कूलों में आज से 'संकल्प संध्या' की शुरुआत
HighLights
सरकारी स्कूलों में 'संकल्प संध्या' विशेष कक्षाएं शुरू।
भागलपुर के दो स्कूलों में शाम 5 से 7:30 बजे तक पढ़ाई।
9वीं से 12वीं के छात्रों को अंग्रेजी, गणित, AI में मदद।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Sankalp Sandhya Special Evening Remedial Classes Government Schools : सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कमजोर और आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों के विद्यार्थियों की पढ़ाई अब शाम की विशेष कक्षाओं से संवारी जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने 'संकल्प संध्या' नाम से एक अनूठी पहल शुरू की है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में रेमेडियल क्लासेज (विशेष कक्षाओं) का संचालन पायलट प्रोजेक्ट के रूप में किया जा रहा है।
जिलाधिकारी अलंकृता पांडे के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा विभाग ने इसके लिए भागलपुर के दो नामचीन सरकारी विद्यालयों का चयन किया है, जिनमें इंटरस्तरीय जिला स्कूल, भागलपुर और राय हरिमोहन ठाकुर इंटर स्कूल, बरारी शामिल हैं।
जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मुकेश कुमार ने इन स्कूलों की सूची शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) को भेज दी है। डीईओ ने बताया कि यह जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में है और मंगलवार (17 नवंबर) से इन कक्षाओं को हर हाल में शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
शाम पांच से साढ़े सात बजे तक होगी पढ़ाई
'संकल्प संध्या' के तहत शाम 5:00 बजे से 7:30 बजे तक विशेष कक्षाएं संचालित करने की व्यवस्था की गई है। इसमें कक्षा नौवीं, दसवीं, 11वीं और 12वीं के वैसे विद्यार्थियों को पढ़ाया जाएगा, जो पढ़ाई में कमजोर हैं और जिन्हें नियमित कक्षाओं के अतिरिक्त मार्गदर्शन की जरूरत है।
9वीं से 12वीं के छात्र होंगे शामिल
इन कक्षाओं में मुख्यतः अंग्रेजी, गणित, कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की विशेष पढ़ाई कराई जाएगी। इसके अलावा, विद्यार्थियों को गृहकार्य पूरा करने और आगामी बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी में भी विशेष मदद दी जाएगी।
सरकारी शिक्षक और सेवानिवृत्त अधिकारी भी स्वेच्छा से पढ़ाएंगे
इन विशेष कक्षाओं के संचालन में जहां स्कूल के नियमित सरकारी शिक्षकों की मुख्य भूमिका रहेगी, वहीं समाज और सरकारी सेवाओं से जुड़े लोग भी इसमें योगदान दे सकेंगे। बिहार प्रशासनिक सेवा, बिहार शिक्षा सेवा और अन्य सरकारी सेवाओं से सेवानिवृत्त अधिकारी (70 वर्ष से कम उम्र) स्वैच्छिक आधार पर विद्यार्थियों को पढ़ा सकेंगे।
इसके लिए उन्हें डीईओ से अस्थायी अनुमति लेनी होगी, हालांकि इसके बदले उन्हें कोई मानदेय नहीं दिया जाएगा। दूसरी ओर, विशेष कक्षाओं में लगातार तीन दिन पढ़ाने वाले नियमित सरकारी शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के लिए एक क्षतिपूर्ति अवकाश देने का प्रविधान किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।