विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब आसान होगा भागलपुर के स्कूलों को ढूंढना: 'यू-डाइस प्लस' से होगी जियो टैगिंग, अक्षांश-देशांतर के साथ अपलोड होगी तस्वीर

Published: Fri, 13 Nov 2026 07:59 AM (IST)

Bhagalpur Government Schools Jio Tagging UDISE Plus: भागलपुर के सभी 2018 सरकारी स्कूलों की जियो टैगिंग 'यू-डाइस प्लस' ऐप से ...और पढ़ें

Bhagalpur Government Schools Jio Tagging UDISE Plus: शिक्षकों को खुद मोबाइल एप से अक्षांश-देशांतर के साथ अपलोड करना होगा स्कूल का डाटा। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

Bhagalpur Government Schools Jio Tagging UDISE Plus: शिक्षकों को खुद मोबाइल एप से अक्षांश-देशांतर के साथ अपलोड करना होगा स्कूल का डाटा। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

HighLights

  1. भागलपुर के 2018 सरकारी स्कूलों की जियो टैगिंग।

  2. 'यू-डाइस प्लस' ऐप से वास्तविक भौगोलिक स्थिति दर्ज होगी।

  3. स्कूलों की पहचान, निरीक्षण, विकास योजनाएं होंगी आसान।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Government Schools Jio Tagging UDISE Plus: जिले के सुदूर गांवों और अनजान इलाकों में स्थित सरकारी विद्यालयों को ढूंढना अब बेहद आसान हो जाएगा। भागलपुर के जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा जिले के सभी 2018 सरकारी विद्यालयों का ऐसा डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है, जिससे मोबाइल पर ही उनकी वास्तविक भौगोलिक स्थिति (जियो लोकेशन) का पता लगाया जा सकेगा।

किसी विद्यालय तक पहुंचने, वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेने या नई विकास योजनाओं के लिए स्थल का चयन करने में अब विभागीय अधिकारियों व आम लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा। इसके लिए 'यू-डाइस प्लस' (UDISE+) के अंतर्गत 'जीआइएस कैप्चर मोबाइल एप' से सभी सरकारी स्कूलों की जियो टैगिंग कराई जा रही है। जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय ने सभी प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को अगले तीन दिनों के भीतर इस अनिवार्य कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया है।

लोकेशन की गड़बड़ी से होती थी परेशानी

दरअसल, अब तक यू-डाइस पोर्टल पर विद्यालयों की जो भौगोलिक स्थिति (लोकेशन) दर्ज थी, उनमें से कई स्कूलों के मामले में पोर्टल पर उपलब्ध लोकेशन और उनकी वास्तविक जमीनी स्थिति में काफी अंतर सामने आया था। ऐसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण विभागीय अधिकारियों को सुदूरवर्ती क्षेत्रों में विद्यालय तक पहुंचने, समय पर निरीक्षण करने और किसी खास इलाके में स्कूलों की उपलब्धता का सटीक आकलन करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

कई बार डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर विद्यालय की सही पहचान करना भी मुश्किल हो जाता था। अब नई व्यवस्था के तहत प्रधानाध्यापकों को स्कूल परिसर में ही मौजूद रहकर मोबाइल एप से लोकेशन कैप्चर करनी होगी। इससे अक्षांश (Latitude) और देशांतर (Longitude) के साथ विद्यालय की वास्तविक और लाइव तस्वीर भी विभाग के पास हमेशा उपलब्ध रहेगी।

विकास योजनाओं का खाका तैयार करना होगा आसान

इस जियो टैगिंग प्रक्रिया के पूरा होने के बाद शिक्षा विभाग आसानी से यह पता कर सकेगा कि किस इलाके में कितने विद्यालय संचालित हैं और उनके बीच आपस में कितनी दूरी है। इससे नए विद्यालय भवन के निर्माण, अतिरिक्त वर्ग कक्षों, शौचालय, पेयजल और मरम्मत जैसी मूलभूत जरूरतों के सटीक आकलन में मदद मिलेगी।

किसी क्षेत्र में स्कूलों की कमी या आधारभूत सुविधाओं की कमी सामने आने पर सरकारी योजनाओं का चयन भी वास्तविक स्थिति और आवश्यकता के आधार पर पारदर्शी तरीके से किया जा सकेगा। इसके अलावा, प्राकृतिक आपदा के समय राहत केंद्रों के रूप में विद्यालयों की पहचान करने और नियमित विभागीय निरीक्षण में भी यह डिजिटल रिकॉर्ड काफी उपयोगी साबित होगा।

जीआइएस मोबाइल एप से ऐसे होगी जियो टैगिंग

जियो टैगिंग की तकनीकी प्रक्रिया के तहत सभी प्रधानाध्यापकों को अपने मोबाइल में 'यू-डाइस प्लस जीआइएस कैप्चर एप' डाउनलोड करना होगा। इसके बाद यू-डाइस पोर्टल की अपनी अधिकृत यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन करने के बाद विद्यालय परिसर में उपस्थित रहकर लोकेशन कैप्चर करनी होगी।

इसके साथ ही, परिसर की लाइव तस्वीर और जरूरी विवरण ऐप पर अपलोड करना होगा। अपलोड किया गया डाटा संबंधित विद्यालय के यू-डाइस प्लस पोर्टल से स्थायी रूप से जुड़ जाएगा। इस कार्य में किसी भी प्रकार की तकनीकी परेशानी होने पर प्रधानाध्यापकों को अपने-अपने प्रखंड के लेखा सहायक और प्रखंड आइसीटी (ICT) समन्वयक से सहयोग लेने का निर्देश दिया गया है।

यह भी पढ़ें- पक्षी, तितली, गौरैया और गांगेय डॉल्फिन बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर: भागलपुर के सुंदरवन में जुटे विशेषज्ञ

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।