विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौन हैं डॉ. रजनीश? जिनके लिए वोट मांग रहे प्रशांत किशोर; कोसी स्नातक MLC सीट पर 5 अक्टूबर को करेंगे नामांकन

Published: Wed, 30 Sep 2026 05:54 AM (IST)

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने भागलपुर में कोसी स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए डॉ. रजनीश रंजन के पक्ष ...और पढ़ें

बिहार विधान परिषद चुनाव के ल‍िए भागलपुर पहुंचे जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत क‍िशोर।

बिहार विधान परिषद चुनाव के ल‍िए भागलपुर पहुंचे जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत क‍िशोर।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। बिहार विधान परिषद के आगामी कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने मंगलवार को भागलपुर पहुंचकर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी डॉ. रजनीश रंजन के पक्ष में चुनावी हुंकार भरी।

शहर के खलीफा बाग चौक के समीप स्थित मंगल उत्सव विवाह भवन में आयोजित महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में भागलपुर, कोसी और पूर्णिया प्रमंडल के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी तैयारियों और बूथ स्तर की रणनीति पर घंटों मंथन किया गया।

बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने राज्य की कानून-व्यवस्था और मौजूदा सरकार की कार्यशैली पर तीखा हमला बोला। बेगूसराय, जमुई और समस्तीपुर में हाल के दिनों में महिलाओं के साथ घटित जघन्य वारदातों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार बनने के बाद से महिलाओं, बच्चों और बच्चियों के साथ बर्बरता का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है।

बाढ़ की विभीषिका में बड़ी आबादी फंसी है और नौजवानों को रोजगार नहीं मिल पा रहा। ऐसी बदहाल परिस्थितियों में सरकार का अपराधमुक्त शासन का दावा पूरी तरह बेईमानी और छलावा साबित हो रहा है।

चेहरों के नाम पर वोट देने से नहीं बदलेगी बिहार की तकदीर

प्रशांत किशोर ने स्नातकों और मतदाताओं को सचेत करते हुए कहा कि नीतीश कुमार, नरेंद्र मोदी और लालू प्रसाद के नाम पर भावनात्मक होकर वोट देने से बिहार का भला कभी नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, "मौजूदा सरकार को अभी हटाया नहीं जा सकता, लेकिन उस पर लगाम जरूर लगाई जा सकती है। यह चुनाव सरकार बनाने या गिराने का नहीं, बल्कि सत्ता में बैठी निरंकुश व्यवस्था को जनहित के प्रति जवाबदेह बनाने का सुनहरा अवसर है।"

यह भी पढ़ें- स्त्री रोग विशेषज्ञ से राजनीति के मंझे खिलाड़ी बने MLC डॉ. एनके यादव, कोसी स्नातक सीट पर BJP ने तीसरी बार जताया भरोसा

5 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करेंगे डॉ. रजनीश रंजन

पीके ने औपचारिक ऐलान किया कि जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. रजनीश रंजन 5 अक्टूबर को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस नामांकन कार्यक्रम में वे स्वयं भागलपुर और पूर्णिया के समर्थकों के साथ मौजूद रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भारी संख्या में नामांकन स्थल पर पहुंचने का आह्वान किया।

प्रशांत किशोर ने दावा किया कि डॉ. रजनीश रंजन के चुनावी मैदान में उतरने के साथ ही इस सीट पर वर्षों से चले आ रहे एकतरफा जीत के सिलसिले के अंत की शुरुआत हो जाएगी। बैठक में मुख्य रूप से ललन यादव, राकेश यादव, बाबुल विवेक, सुशील सिंह, दीनबंधु, सुजाता वैद्य, लखन लाल पाठक, रौबिन सिंह और शाहब मल्लिक सहित तीनों प्रमंडलों के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- वैशाली में भागलपुर के डॉ. हेमशंकर शर्मा को मिला प्रतिष्ठित अवार्ड, बोले- AI डॉक्टर का विकल्प नहीं; सशक्त सहयोगी बनेगा