विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्त्री रोग विशेषज्ञ से राजनीति के मंझे खिलाड़ी बने MLC डॉ. एनके यादव, कोसी स्नातक सीट पर BJP ने तीसरी बार जताया भरोसा

Published: Tue, 29 Sep 2026 03:52 PM (IST)

Kosi Graduate MLC Election 2026 Dr NK Yadav Profile: भाजपा ने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. एनके यादव को ...और पढ़ें

एमएलसी चुनाव : कोसी स्‍नातक क्षेत्र से भाजपा उम्‍मीदवार डॉ एनके यादव।

एमएलसी चुनाव : कोसी स्‍नातक क्षेत्र से भाजपा उम्‍मीदवार डॉ एनके यादव।

HighLights

  1. भाजपा ने डॉ. एनके यादव को कोसी स्नातक एमएलसी चुनाव में तीसरी बार उतारा।

  2. स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. यादव 30 सितंबर को पूर्णिया में नामांकन दाखिल करेंगे।

  3. डॉ. यादव 2014 और 2020 में जीत के बाद हैट्रिक लगाने को तैयार।

ड‍िज‍िटल डेस्‍क, भागलपुर। Kosi Graduate MLC Election 2026 Dr NK Yadav Profile: बिहार विधान परिषद के आगामी कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने सीटिंग एमएलसी डॉ. एनके यादव पर लगातार तीसरी बार भरोसा जताते हुए उन्हें चुनावी मैदान में उतारा है।

2014 और 2020 के चुनावों में ऐतिहासिक जीत का परचम लहराने वाले डॉ. एनके यादव (डॉ. नरेन्‍द्र कुमार यादव) अब जीत की हैट्रिक लगाने की तैयारी में हैं। वे 30 सितंबर को कोसी स्नातक क्षेत्र के निर्वाचन केंद्र पूर्णिया स्थित कला भवन में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

उल्लेखनीय है कि विधान परिषद का यह चुनाव प्रत्येक छह वर्ष पर होता है। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र भौगोलिक और राजनीतिक रूप से बिहार के सबसे बड़े क्षेत्रों में से एक है, जिसके अंतर्गत ब‍िहार के कोसी, सीमांचल, अंग और पूर्व बिहार के कुल 14 जिले आते हैं। इस पूरे क्षेत्र का प्रशासनिक केंद्र, नामांकन और मतगणना स्थल पूर्णिया निर्धारित है।

चिकित्सक से राजनेता तक: संघर्ष और समर्पण का सफर

मूल रूप से झारखंड के गोड्डा जिले के रहने वाले और भागलपुर को अपनी कर्मभूमि बनाने वाले डॉ. एनके यादव अंग क्षेत्र के जाने-माने व प्रतिष्ठित स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ हैं। उनके पिता स्वर्गीय गौरी शंकर यादव एक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व थे। चुनाव अभियान पर निकलने से पूर्व उनकी वयोवृद्ध माता बिंदुला देवी ने अपने सुपुत्र को तिलक लगाकर तीसरी बार ऐतिहासिक विजय का आशीर्वाद दिया है।

चिकित्सा सेवा के साथ-साथ उनका परिवार दशकों से समाज सेवा और सक्रिय राजनीति में अग्रणी रहा है। उनकी पत्नी डॉ. वीणा यादव वर्ष 2007 से 2012 तक भागलपुर नगर निगम की मेयर (महापौर) के रूप में शहर का नेतृत्व कर चुकी हैं। डॉ. यादव के परिवार में उनके दोनों बच्चे भी चिकित्सा सेवा से जुड़े हैं; पुत्र डॉ. निलय कृष्णा और पुत्री डॉ. श्रेया यादव चिकित्सक हैं, जबकि दामाद डॉ. राधेश्याम भी चिकित्सा क्षेत्र में सेवारत हैं।

मुख्यधारा की राजनीति में यूं बनाई पहचान

डॉ. एनके यादव के राजनीतिक जीवन का ग्राफ निरंतर जनसेवा से ऊपर चढ़ा है। उन्होंने वर्ष 2009 में भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी। इसके बाद 2010 के बिहार विधानसभा चुनाव में वे भागलपुर सदर सीट से राजद-लोजपा गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी रहे।

इसके उपरांत वे भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से जुड़े और पार्टी के निष्ठावान सिपाही बन गए। वर्ष 2014 में भाजपा ने जब उन्हें पहली बार कोसी स्नातक क्षेत्र से एमएलसी का टिकट दिया, तो उन्होंने 14 जिलों के स्नातकों का दिल जीतकर पार्टी की झोली में सीट डाली। इसके बाद वर्ष 2020 में दोबारा पार्टी ने उन पर दांव लगाया और उन्होंने एक बार फिर अपनी लोकप्रियता के दम पर जीत दर्ज की।

डॉ. एनके यादव: संक्षिप्त राजनीतिक व व्यक्तिगत प्रोफाइल

  • नाम: डॉ. एन.के. यादव (डॉ. नरेन्‍द्र कुमार यादव)

  • पार्टी: भारतीय जनता पार्टी (BJP) / एनडीए

  • वर्तमान पद: सदस्य, बिहार विधान परिषद (एमएलसी - कोसी स्नातक क्षेत्र)

  • पेशा: वरिष्ठ चिकित्सक (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ), भागलपुर में निजी क्लीनिक

  • नामांकन स्थल व तिथि: 30 सितंबर 2026, कला भवन, पूर्णिया

  • मूल निवास व पृष्ठभूमि: मूल निवासी गोड्डा (झारखंड), वर्तमान पैतृक निवास भागलपुर (बिहार)

  • माता-पिता: स्वर्गीय गौरी शंकर यादव (पिता) एवं बिंदुला देवी (माता)

  • पारिवारिक पृष्ठभूमि:

    • पत्नी: डॉ. वीणा यादव (वर्ष 2007 से 2012 तक भागलपुर नगर निगम की मेयर)

    • संतान: दो संतान—पुत्र डॉ. निलय कृष्णा एवं पुत्री डॉ. श्रेया यादव (दामाद: डॉ. राधेश्याम)

  • सियासी उपलब्धियां:

    • 2009: भागलपुर लोकसभा से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ा चुनाव

    • 2010: राजद-लोजपा गठबंधन से भागलपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी

    • 2014: भाजपा प्रत्याशी के रूप में पहली बार कोसी स्नातक से विधान पार्षद निर्वाचित

    • 2020: दूसरी बार भाजपा के टिकट पर शानदार जीत दर्ज कर पहुंचे विधान परिषद

    • 2026: लगातार तीसरी बार भाजपा ने घोषित किया अधिकृत प्रत्याशी

एनडीए नेताओं का प्रमुख ठिकाना

भागलपुर में डॉ. एनके यादव का आवास जिले में भाजपा और एनडीए की राजनीति का प्रमुख केंद्र बिंदु माना जाता है। संगठन के शीर्ष नेताओं से लेकर बिहार और केंद्र सरकार के मंत्रियों के भागलपुर प्रवास का प्रमुख पड़ाव उनका आवास ही रहता है। सभी दलों और एनडीए के सहयोगी घटकों के साथ उनका गहरा व सौहार्दपूर्ण समन्वय है।

विधायक बोले- जीत सुनिश्चित

उनकी उम्मीदवारी पर भागलपुर के भाजपा विधायक रोहित पांडेय ने कहा, "डॉ. एनके यादव एक संवेदनशील व ख्यातिप्राप्त चिकित्सक होने के साथ-साथ समर्पित सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ता हैं। उन्होंने 12 वर्षों तक विधान परिषद में स्नातकों, वित्तविहीन शिक्षकों और बुद्धिजीवियों की आवाज को प्रखरता से उठाया है। शीर्ष नेतृत्व ने उनके काम पर मुहर लगाते हुए पुनः प्रत्याशी बनाया है। 14 जिलों के स्नातक मतदाता एक बार फिर उन्हें प्रचंड बहुमत देकर तीसरी बार विधान परिषद भेजेंगे।"