PM नरेन्द्र मोदी ने भागलपुर को दिया- पीरपैंती पावर प्लांट ट्रांसमिशन, दो नए फीडर, कहलगांव एसटीपी और साइंस ब्लॉक
PM Narendra Modi Bhagalpur Projects Inauguration प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भागलपुर में ऊर्जा, उच्च शिक्षा और नगर विकास की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में पीरपैंती पावर प्लांट ट्रांसमिशन, कहलगांव में दो नए फीडर, एसटीपी और नवगछिया में साइंस ब्लॉक शामिल हैं, जिनसे जिले में बिजली, शिक्षा और गंगा स्वच्छता में सुधार होगा।

PM Narendra Modi Bhagalpur Projects Inauguration PM मोदी ने भागलपुर को दिया चार बड़ी योजनाओं का तोहफा
HighLights
पीरपैंती पावर प्लांट ट्रांसमिशन से 2400 मेगावाट बिजली मिलेगी।
कहलगांव में दो नए फीडर से 56 हजार उपभोक्ता लाभान्वित।
कहलगांव एसटीपी से गंगा में गंदा पानी जाने से रुकेगा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। PM Narendra Modi Bhagalpur Projects Inauguration : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एवं लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से देशभर की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसमें भागलपुर जिले से जुड़ी ऊर्जा, उच्च शिक्षा तथा नगर विकास एवं आवास विभाग की अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी शामिल रहीं।
इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ होगी, उच्च शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार होगा और गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम बढ़ेगा। जिला स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पीरपैंती पावर प्लांट के लिए 3363.01 करोड़ की संचरण व्यवस्था, 15 हजार को रोजगार
ऊर्जा विभाग की सबसे बड़ी परियोजना पीरपैंती में प्रस्तावित 3×800 मेगावाट क्षमता वाले सुपर थर्मल पावर प्लांट से उत्पादित बिजली की निकासी के लिए संचरण आधारभूत संरचना का विकास है। इस परियोजना पर 3363.01 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके माध्यम से करीब 2400 मेगावाट बिजली बिहार के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाई जा सकेगी, जिससे राज्य के लगभग एक करोड़ परिवारों की ऊर्जा मांग पूरी करने में मदद मिलेगी।
करीब 26,500 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाले इस पावर प्लांट के निर्माण के दौरान लगभग 10 से 12 हजार रोजगार तथा करीब तीन हजार स्थायी रोजगार सृजित होने की संभावना है, जिससे पीरपैंती और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
भागलपुर को मिली विकास परियोजनाओं का पूरा लेखा-जोखा
| विभाग / क्षेत्र | परियोजना का नाम | स्वीकृत राशि | प्रमुख लाभ एवं प्रभाव |
| ऊर्जा विभाग (संचरण) | पीरपैंती सुपर थर्मल पावर प्लांट (3×800 मेगावाट) हेतु संचरण आधारभूत संरचना | ₹3363.01 करोड़ | 2400 मेगावाट बिजली निकासी से राज्य के एक करोड़ परिवारों को लाभ; निर्माण में 10–12 हजार व 3 हजार स्थायी रोजगार। |
| ऊर्जा विभाग (वितरण) | कहलगांव ग्रिड उपकेंद्र में दो नए 33 केवी फीडर का निर्माण | ₹2.87 करोड़ | पहले फीडर (राजगांव सब-स्टेशन) से 16 हजार और दूसरे (पीरपैंती सब-स्टेशन) से 40 हजार सहित कुल 56 हजार उपभोक्ताओं को लाभ। |
| नगर विकास एवं आवास | कहलगांव इंटरसेप्शन एंड डायवर्जन तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (6 एमएलडी) | ₹45.99 करोड़ | शहर का गंदा पानी सीधे गंगा में गिरने से रुकेगा; सीवेज उपचार के बाद जल प्रवाह से गंगा स्वच्छता को बढ़ावा। |
| उच्च शिक्षा विभाग | शैक्षणिक भवन (साइंस ब्लॉक) का निर्माण (नवगछिया / भागलपुर) | ₹3.71 करोड़ | विद्यार्थियों के लिए आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं और नई कक्षाएं उपलब्ध हों |
दो नए फीडर से कहलगांव और पीरपैंती के 56 हजार उपभोक्ताओं को लाभ
कहलगांव ग्रिड उपकेंद्र में 2.87 करोड़ रुपये की लागत से दो 33 केवी फीडर का निर्माण किया जाएगा। पहले फीडर से निर्माणाधीन 33 केवी राजगांव (बरमसिया) पावर सब-स्टेशन को जोड़ा जाएगा, जिससे लगभग 16 हजार उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, दूसरे फीडर को पीरपैंती पावर सब-स्टेशन से वैकल्पिक विद्युत स्रोत के रूप में जोड़ा जाएगा, जिससे करीब 40 हजार उपभोक्ताओं को राहत होगी। इस वैकल्पिक व्यवस्था से संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या काफी कम हो जाएगी।
साइंस ब्लॉक से विद्यार्थियों को मिलेगी आधुनिक प्रयोगशाला की सुविधा
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से 3.71 करोड़ रुपये की लागत से शैक्षणिक भवन (साइंस ब्लॉक) का निर्माण कराया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों के लिए आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं और कक्षाएं उपलब्ध होंगी, जिससे कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और विज्ञान की पढ़ाई के लिए नई सुविधाएं मिलेंगी।
कहलगांव में 45.99 करोड़ से बना एसटीपी, गंगा में सीधे नहीं गिरेगा गंदा पानी
नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से कहलगांव में इंटरसेप्शन एंड डायवर्जन तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) परियोजना पर 45.99 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके तहत छह एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया गया है, जिससे शहर के गंदे पानी को सीधे गंगा में गिरने से रोका जा सकेगा। सीवेज के वैज्ञानिक उपचार के बाद ही पानी प्रवाहित किया जाएगा, जिससे गंगा के जल की गुणवत्ता में सुधार होगा।
कार्यक्रम के दौरान उद्घोषक ने अतिथियों का स्वागत करते हुए योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, जिसके बाद जनप्रतिनिधियों ने संबोधित किया और अंत में उप विकास आयुक्त ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर सांसद अजय कुमार मंडल, पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान, महापौर डॉ. बसुंधरा लाल, जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
मदन अहल्या महिला महाविद्यालय में 3.71 करोड़ से बने एकेडमिक साइंस ब्लॉक का उद्घाटन
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के तहत भागलपुर जिले को करीब 3400 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात मिली है। इन योजनाओं में नवगछिया के मदन अहल्या महिला महाविद्यालय में 3.71 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एकेडमिक साइंस ब्लॉक का भी उद्घाटन किया गया। नए शैक्षणिक भवन के शुरू होने से कॉलेज में विज्ञान विषय की पढ़ाई करने वाली छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विज्ञान शिक्षा को मिलेगी मजबूती, युवा नेता व कॉलेज प्रशासन ने जताया आभार
जिले में विकास योजनाओं के शुभारंभ के बीच नवगछिया के महाविद्यालय में शैक्षणिक आधारभूत संरचना का विस्तार छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे विज्ञान शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस उपलब्धि को लेकर स्थानीय युवा नेता सह सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश राणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए क्षेत्र की छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य अवधेश कुमार रजक एवं अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।