पटना से अगवा युवक भागलपुर में मिला, पुलिस की छापामारी में 7 किडनैपर गिरफ्तार
राजधानी पटना से अपहृत कौशलेन्द्र कुमार को भागलपुर पुलिस ने देर रात सकुशल बरामद कर लिया है। इस संयुक्त कार्रवाई ...और पढ़ें

एआई से निर्मित सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
पटना से अपहृत कौशलेन्द्र कुमार भागलपुर से सकुशल बरामद।
भागलपुर के पार्वती मोहल्ले से सात अपहर्ता गिरफ्तार।
पटना और भागलपुर पुलिस का संयुक्त सफल अभियान।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। पटना के पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमोद कुमार यादव के सख्त निर्देश पर पुलिस ने त्वरित और साहसिक कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक कौशलेन्द्र कुमार को भागलपुर जिले से सही-सलामत बरामद कर लिया है।
पटना के कोतवाली थाना में दर्ज कांड संख्या- 749/26 (दिनांक 12/10/26), धारा 140(3)/3(5) BNS के तहत पुलिस टीम ने भागलपुर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत पार्वती से अपहृत को सकुशल मुक्त कराया। इस सफल ऑपरेशन के दौरान मौके से अपहरण की साजिश में शामिल 7 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पटना पुलिस और भागलपुर पुलिस की विशेष टीम ने आधी रात को संयुक्त छापेमारी की। विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष अविनाश कुमार राउत के नेतृत्व में पुलिस बल ने पार्वती स्थित संदिग्ध ठिकाने को चारों तरफ से घेरकर दबिश दी, जिससे अपहर्ताओं को भागने का कोई अवसर नहीं मिल सका।
मुजफ्फरपुर से लेकर बांका तक के आरोपी गिरफ्तार; पूछताछ के लिए लाया जा रहा पटना
पुलिस द्वारा मौके से हिरासत में लिए गए सातों संदिग्धों की पहचान विभिन्न जिलों के निवासियों के रूप में हुई है:
दिव्यांग कुमार (26 वर्ष), पिता- कमलेश कुमार, साकिन- नजरपुर, थाना- अहियापुर, जिला- मुजफ्फरपुर
नीरज कुमार (28 वर्ष), पिता- महेंद्र सिंह, साकिन- नुसरथफुल, थाना- संदेश, जिला- भोजपुर
भूपेन्द्र कुमार सिंह (35 वर्ष), पिता- स्व. श्याम देव सिंह, साकिन- चिन्हरवा, थाना- चिनारी, जिला- रोहतास
निवास कुमार (38 वर्ष), पिता- श्यामानंद यादव, ग्राम- नयागांव बाथ, थाना- बाथ, जिला- भागलपुर
मयंक कुमार (30 वर्ष), पिता- सुभाष यादव, पता- परवत्ती, थाना- विश्वविद्यालय, जिला- भागलपुर
हिमांशु कुमार (24 वर्ष), पिता- सुभाष यादव, पता- परवत्ती, थाना- विश्वविद्यालय, जिला- भागलपुर
पवन कुमार उर्फ रूपेश यादव, पिता- अरविंद प्रसाद यादव, ग्राम- वेदपुर, थाना- शंभूगंज, जिला- बांका
कोतवाली थाना (पटना) की पुलिस टीम सभी सातों संदिग्धों को आवश्यक एवं विस्तृत पूछताछ हेतु विश्वविद्यालय थाना भागलपुर से पटना ला रही है।
अपहरण के कारणों और अंतरप्रांतीय नेटवर्क की गहन जांच जारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हाई-प्रोफाइल अपहरण के पीछे के वास्तविक कारणों, लेन-देन या आपसी रंजिश के कोणों और पूरी आपराधिक साजिश को लेकर हिरासत में लिए गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
अलग-अलग जिलों से आए इन आरोपियों के एक साथ जुड़ने से किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होते ही जल्द ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।
