यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 04, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bhagalpur: श्रावणी मेले में MP-CG के VIP नेताओं पर घात लगा सकते हैं नक्सली, सुरक्षाबल और कई जिलों की पुलिस अलर्ट
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खात्मे के लिए लगातार चलाए जा रहे ऑपरेशन से शीर्ष नक्सली कमांडर्स खार ...और पढ़ें

HighLights
- श्रावणी मेला में दोनों राज्यों से कई बड़े नेता आते रहे हैं कांवड़ यात्रा पर
- अलर्ट मोड में भागलपुर-बांका-मुंगेर-जमुई की पुलिस और सुरक्षा बल
कौशल किशोर मिश्र, भागलपुर। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खात्मे के लिए लगातार चलाए जा रहे ऑपरेशन से कुपित शीर्ष नक्सली कमांडरों ने बदले के लिए बिहार-झारखंड-ओडिशा में सक्रिय नक्सली संगठनों से संपर्क साधा है।
एमपी-छत्तीसगढ़ की सीमा में फैले केराझरी जंगल में सक्रिय दस्ते के कमांडर दया रघुपति ने सजंती उर्फ क्रांति और रघु उर्फ शेर सिंह का अप्रैल 2024 में हुए एनकाउंटर का बदला लेने के लिए वहां के बड़े नेताओं को निशाना बनाने की साजिश रची है। इसकी भनक तकनीकी निगरानी में खुफिया महकमे को लगी है।
खुफिया विभाग ने मुख्यालय को सतर्क किया
दरअसल, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से कई महत्वपूर्ण नेताओं, आला पुलिस व प्रशासनिक अफसरों का आगमन अजगैवीनाथ धाम से बाबाधाम जाने के लिए होता रहा है। जिन्हें निशाना बनाने की जिम्मेदारी बिहार-झारखंड-ओडिशा के गुरिल्ला जोन में सक्रिय नक्सलियों के हिरावल दस्ते को मिलने की बात कही जा रही है।
इसे लेकर खुफिया विभाग ने मुख्यालय को सतर्क कर दिया है। जिसे देखते हुए भागलपुर, बांका, मुंगेर और जमुई की पुलिस और इन जगहों पर तैनात सुरक्षा बल अलर्ट मोड में आ गए हैं।
श्रावणी मेले में अजगैवीनाथ धाम से देवघर मार्ग के बीच एमपी-छत्तीसगढ़ या अन्य किसी जगह से आने वाले बड़े नेताओं और अफसरों की सुरक्षा पर विशेष नजर रखी जाने लगी है। रेल पुलिस को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।
बेलहर, कटोरिया, बाथ, शाहकुंड, सजौर, चरका पाथर, सोनो, कजरा, धरहरा जैसे पहाड़ी और जंगली क्षेत्रों में नक्सलियों के मूवमेंट पर नजर रखी जाने लगी है। सीआरपीएफ के जवान भी नक्सल प्रभावित क्षेत्र में एहतियाती तौर पर और जगह हो गए हैं।
रेल एसपी, जमालपुर ने भी महत्वपूर्ण नेताओं, अफसरों के आगमन और उनकी सुरक्षा के मद्देनजर श्वान दस्ते को अजगैवीनाथ धाम रेल क्षेत्र में तैनात करते हुए सुरक्षा कार्य में लगे सभी पदाधिकारियों को एहतियाती सुरक्षा को लेकर फौरी कदम उठाने को कहा है।
