मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन के 3 पैकेज 31 दिसंबर तक होंगे पूरे, कमिश्नर ने भूमि अधिग्रहण व मुआवजे पर दिए सख्त निर्देश
Munger Mirzachauki Four Lane Mokama Munger Road Project प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन और मोकामा-मुंगेर सड़क परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने, भूमि अधिग्रहण व मुआवजा भुगतान में आ रही बाधाओं को दूर करने के सख्त निर्देश दिए।

Munger Mirzachauki Four Lane Mokama Munger Road Project मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन और मोकामा-मुंगेर सड़क परियोजना की समीक्षा में प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा सख्त
HighLights
आयुक्त ने मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन निर्माण की समीक्षा की।
भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान में तेजी लाने के निर्देश।
राजस्व कर्मियों की हड़ताल से कार्य बाधित न हो।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन और मोकामा-मुंगेर सड़क परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने को लेकर गुरुवार को प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। अपराह्न 4:30 बजे आयोजित इस बैठक में आयुक्त ने दोनों महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की वर्तमान प्रगति, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान और निर्माण कार्य में आ रही प्रशासनिक व तकनीकी बाधाओं की विस्तार से समीक्षा की।
आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिया कि इन महत्वाकांक्षी सड़क परियोजनाओं के निर्माण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने को कहा, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सड़क निर्माण पूरा हो सके।
समीक्षा के दौरान आयुक्त ने पैकेज-01, पैकेज-02 और पैकेज-04 का निर्माण कार्य 31 दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का निर्देश दिया। वहीं, पैकेज-03 के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने को कहा।
बड़हिया व मसूदन की 20 किलोमीटर सरकारी जमीन पर जल्द शुरू होगा निर्माण
बैठक में मुंगेर-लखीसराय क्षेत्र में लगभग 54 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना के अंतर्गत भूमि की उपलब्धता और निर्माण कार्य की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि बड़हिया के इंग्लिश क्षेत्र में करीब 8 किलोमीटर तथा मुंगेर सीमा के निकट मसूदन क्षेत्र में लगभग 12 किलोमीटर सरकारी भूमि उपलब्ध है। इस प्रकार कुल 20 किलोमीटर सरकारी जमीन पर निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने की संभावना है। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इस उपलब्ध भूमि पर जल्द से जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने का निर्देश दिया।
एलपीसी मिलते ही होगा मुआवजा भुगतान
बैठक में भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान से जुड़े लंबित मामलों पर भी गंभीरता से चर्चा हुई। आयुक्त ने कहा कि जिन रैयतों की जमीन परियोजना के लिए अधिग्रहित की जा रही है, उन्हें नियमानुसार जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए भूमि स्वामित्व प्रमाणपत्र और एलपीसी (भूमि कब्जा प्रमाणपत्र) से संबंधित प्रक्रिया अंचल अधिकारियों के माध्यम से तेजी से पूरी कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि एलपीसी और संबंधित प्रस्ताव प्राप्त होते ही मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।
शेखपुरा के 28 रैयतों के कागजात होंगे दुरुस्त
समीक्षा के दौरान शेखपुरा जिले में बकाश्त भूमि से जुड़े 28 रैयतों का मामला भी सामने आया, जिनमें से अधिकांश के भूमि संबंधी दस्तावेज अधूरे हैं। इस पर आयुक्त ने अधिकारियों को संबंधित रैयतों से संपर्क कर आवश्यक कागजात शीघ्र प्राप्त करने और नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
हड़ताल से बाधित नहीं होगा भूमि जांच का काम
आयुक्त ने सख्त हिदायत दी कि राजस्व कर्मियों की हड़ताल अथवा अन्य किसी कारण से भूमि की जांच, मापी और एलपीसी निर्गत करने की प्रक्रिया कतई बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए वैकल्पिक अमीन और सक्षम कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
लगेंगे वैकल्पिक अमीन
इस महत्वपूर्ण बैठक में आयुक्त के सचिव विनोद कुमार सिंह, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी अनिल राय, डीडीसी रवि राकेश, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन, एनएचएआई के परियोजना निदेशक और एनटीपीसी कहलगांव के उप महाप्रबंधक उपस्थित थे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुंगेर, लखीसराय और शेखपुरा के जिलाधिकारी भी बैठक में जुड़े।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।