विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार का सबसे बड़ा बिजलीघर बनेगा पीरपैंती पावर प्लांट; 4800 मेगावाट होगी क्षमता, गंगा से मांगा गया अतिरिक्त पानी

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:51 PM (GMT+05:30)

Adani Power Pirpainti Bihar भागलपुर के पीरपैंती में अदाणी पावर का ताप बिजलीघर 2400 मेगावाट से बढ़कर 4800 मेगावाट का होगा, जिससे यह बिहार का सबसे बड़ा प्लांट बन जाएगा। नई अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल इकाइयां कम प्रदूषण के साथ अधिक बिजली पैदा करेंगी, जिसके लिए गंगा नदी से अतिरिक्त पानी मांगा गया है और जनसुनवाई 31 दिसंबर 2026 को होगी।

Adani Power Pirpainti Bihar बिहार का सबसे बड़ा थर्मल पावर प्लांट बनेगा पीरपैंती बिजलीघर

Adani Power Pirpainti Bihar बिहार का सबसे बड़ा थर्मल पावर प्लांट बनेगा पीरपैंती बिजलीघर

HighLights

  1. पीरपैंती प्लांट की क्षमता 2400 से बढ़कर 4800 मेगावाट होगी।

  2. यह बिहार का सबसे बड़ा थर्मल पावर प्लांट बन जाएगा।

  3. अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक से कम प्रदूषण में अधिक बिजली।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Adani Power Pirpainti Bihar भागलपुर के पीरपैंती में प्रस्तावित अदाणी पावर के ताप बिजलीघर का दायरा और बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। पहले से निर्माणाधीन 2400 मेगावाट की तीन इकाइयों के अलावा अब दूसरे चरण में 800-800 मेगावाट की तीन नई इकाइयां लगाने की योजना है।

इसके साथ ही पूरे बिजलीघर की कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर 4800 मेगावाट हो जाएगी। वर्तमान में प्लांट की तीन यूनिट का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके बाद विस्तार योजना के तहत तीन अतिरिक्त नई यूनिट की स्थापना की जाएगी।

सबकुछ योजना के अनुरूप रहा तो पीरपैंती थर्मल पावर बिहार का सबसे बड़ा थर्मल पावर प्लांट बन जाएगा। फिलहाल यह रिकॉर्ड पटना जिले के बाढ़ सुपर थर्मल पावर स्टेशन के नाम है, जिसकी कुल क्षमता 3,300 मेगावाट है। इसके अलावा भागलपुर जिले के ही कहलगांव स्थित कहलगांव सुपर थर्मल पावर स्टेशन की क्षमता 2,340 मेगावाट है।

खास बात यह है कि पीरपैंती की नई इकाइयां अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक पर आधारित होंगी, जिससे कम कोयले में अधिक बिजली पैदा करने और प्रति यूनिट बिजली पर प्रदूषण घटाने की उम्मीद है।

31 दिसंबर को होगी जनसुनवाई

बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद ने इस विस्तार परियोजना को लेकर 31 दिसंबर 2026 को सुबह 11:30 बजे पीरपैंती प्रखंड कार्यालय परिसर में जनसुनवाई तय की है। इसमें प्रभावित गांवों के लोग अपनी आपत्ति, सुझाव और समस्याएं सीधे रख सकेंगे। परियोजना की पर्यावरण प्रभाव आकलन (EIA) रिपोर्ट और उसका कार्यकारी सारांश संबंधित सरकारी कार्यालयों तथा पर्षद की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है। ग्रामीण सूचना जारी होने के 15 दिनों के भीतर लिखित सुझाव डाक या ई-मेल से भी भेज सकते हैं।

पर्यावरणीय अनुमति के बाद तैयार होगा डीपीआर

जनसुनवाई के बाद पर्यावरणीय अनुमति मिलने पर परियोजना का विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होगा। डीपीआर बनने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि विस्तार के लिए और कितनी जमीन की आवश्यकता पड़ेगी। फिलहाल थर्मल पावर के लिए कुल 1,200 एकड़ जमीन का अधिग्रहण हो रहा है, जिसमें से 1,060 एकड़ जमीन बिहार सरकार से लीज पर ली जा चुकी है। यदि और जमीन की जरूरत पड़ी तो उसे भी लीज पर लिया जाएगा। अभी पहले से तय तीन यूनिट के पाइलिंग का कार्य तेजी से जारी है।

क्या है अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक

अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक को पारंपरिक ताप बिजलीघरों की तुलना में कहीं अधिक उन्नत और पर्यावरण-अनुकूल माना जाता है। इसमें पानी को अत्यंत उच्च तापमान और दबाव पर भाप में बदला जाता है, जो टरबाइन को घुमाकर बिजली पैदा करती है।

कैसे घटेगा प्रदूषण?

केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) के अनुसार, भारत में अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल इकाइयों की सकल बिजली उत्पादन क्षमता की दक्षता करीब 40 से 41 प्रतिशत तक हो सकती है। इससे समान मात्रा में बिजली बनाने के लिए कम कोयले की खपत होती है और प्रति यूनिट बिजली पर कार्बन डाइऑक्साइड तथा राख (फ्लाई ऐश) के उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आती है।

गंगा नदी से प्रतिवर्ष अतिरिक्त जल आवंटन के लिए लिखा पत्र

प्लांट की उत्पादन क्षमता 4800 मेगावाट होने के बाद इसके संचालन के लिए पानी की आवश्यकता भी दोगुनी हो जाएगी। इसके लिए अदाणी पावर लिमिटेड के अधिकारी एसके भारद्वाज ने बाढ़ नियंत्रण प्रभाग, पटना के मुख्य अभियंता को पत्र लिखकर गंगा नदी से प्रतिवर्ष अतिरिक्त 42 इकाई जल देने की मांग की है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग और केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) ने निर्माणाधीन 2,400 मेगावाट परियोजना के लिए पहले ही 42 इकाई (मिलियन क्यूबिक मीटर) जल प्रतिवर्ष आवंटित किया हुआ है, और अब तीन नई यूनिट के संचालन के लिए इतनी ही अतिरिक्त जल राशि की मांग की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।