बिहार के मगही पान का दिल्ली में बजा डंका, नवादा के किसानों को मिला राष्ट्रीय सम्मान
नवादा के ढेवरी गांव की मगही पान उत्पादक कल्याण समिति को 'प्लांट जीनोम सेवियर कम्युनिटी अवार्ड' से सम्मानित किया गया है।

मगही पान। (फोटो क्रेडिट- India.gov.in)
HighLights
नवादा की किसान समिति को राष्ट्रीय प्लांट जीनोम सेवियर अवार्ड मिला।
मगही पान की पारंपरिक किस्मों के संरक्षण हेतु यह सम्मान।
बिहार के कृषि विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। पीढ़ियों से खेतों में सहेजे जा रहे पारंपरिक ज्ञान और कृषि विरासत को जब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है, तो उसका गौरव पूरे प्रदेश के हिस्से आता है।
बिहार की विशिष्ट पहचान मगही पान के संरक्षण में जुटे नवादा के किसानों ने यह गौरव हासिल किया है। हिसुआ प्रखंड के ढेवरी गांव स्थित मगही पान उत्पादक कल्याण समिति को भारत सरकार के पौधा किस्म एवं कृषक अधिकार संरक्षण प्राधिकरण की ओर से प्रतिष्ठित ‘प्लांट जीनोम सेवियर कम्युनिटी अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान मगही पान की पारंपरिक किस्मों, किसानों के पीढ़ियों पुराने अनुभव और जैव विविधता के संरक्षण में समिति के उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।
नई दिल्ली के नेशनल एग्रीकल्चरल साइंस काम्प्लेक्स, पूसा में 12 नवंबर को आयोजित प्राधिकरण के 22वें स्थापना दिवस समारोह में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा ने समिति के प्रतिनिधियों को यह सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर के कुलपति डॉ. डीआर सिंह, निदेशक अनुसंधान डॉ. एके सिंह, कृषि अनुसंधान संस्थान, पटना के क्षेत्रीय निदेशक शिवनाथ दास सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पारंपरिक ज्ञान और किस्मों के संरक्षण को मिली मान्यता
प्लांट जीनोम सेवियर कम्युनिटी अवार्ड उन किसान समुदायों और संगठनों को दिया जाता है, जो पारंपरिक फसल किस्मों, आनुवंशिक संसाधनों और किसानों के परंपरागत ज्ञान के संरक्षण एवं संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान करते हैं।
ढेवरी की किसान समिति को मिला यह सम्मान सामूहिक प्रयासों से कृषि विरासत को बचाने की दिशा में किए गए कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है।
उल्लेखनीय है कि मगही पान को पहले ही भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग मिल चुका है। इस नए सम्मान से इसकी विशिष्ट पहचान और संरक्षण के प्रयासों को और मजबूती मिली है।
वैज्ञानिकों के तकनीकी सहयोग की भी सराहना
मगही पान की पारंपरिक विशेषताओं और गुणवत्ता को बनाए रखने में बीएयू, सबौर के वैज्ञानिकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। निदेशक अनुसंधान डॉ. एके सिंह के मार्गदर्शन में वैज्ञानिकों ने पारंपरिक किस्मों के संरक्षण, वैज्ञानिक खेती, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन और किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन देने की दिशा में काम किया है।
इस्लामपुर स्थित पान अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों ने भी इस प्रयास में सहयोग दिया है। किसानों के पारंपरिक अनुभवों का दस्तावेजीकरण करने के साथ उन्हें उन्नत उत्पादन तकनीकों से जोड़ने का काम किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- मगही पान की खेती के लिए मिलेगा ₹11,200 सरकारी अनुदान, किसानों की आय होगी दोगुनी
यह सम्मान किसानों की मेहनत, पारंपरिक ज्ञान और जैव विविधता के संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। पारंपरिक फसलों की विशिष्टता बनाए रखते हुए वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से उत्पादन और गुणवत्ता बढ़ाना जरूरी है। किसानों और वैज्ञानिक संस्थानों के समन्वित प्रयासों से ही इस विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाया जा सकता है।
डॉ. डीआर सिंह, कुलपति, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर, भागलपुर