मगही पान की खेती के लिए मिलेगा ₹11,200 सरकारी अनुदान, किसानों की आय होगी दोगुनी
गया जिले में मगही पान की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार 'पान विकास योजना' के तहत ₹11,200 प्रति ...और पढ़ें

मगही पान की खेती के लिए मिलेगा ₹11,200 सरकारी अनुदान (फोटो क्रेडिट- India.gov.in)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गयाजी। जिले में पारंपरिक पहचान रखने वाले मगही पान की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने अहम कदम उठाया है। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनकी आय दोगुनी करने के उद्देश्य से पान विकास योजना के तहत अनुदान दिया जा रहा है।
इस योजना के तहत प्रति सौ वर्ग मीटर क्षेत्र में मगही पान की खेती के लिए 11,200 रुपये का अनुदान प्रदान किया जाएगा। जिससे किसान आधुनिक तरीके से खेती कर बेहतर उत्पादन हासिल कर सकें।
वर्तमान में जिले में लगभग छह हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में मगही पान की खेती हो रही है। इसमें सबसे अधिक खेती वजीरगंज प्रखंड में होती है।
इसके अलावा, गुरुआ और खिजरसराय प्रखंड में भी किसान बड़े पैमाने पर मगही पान की खेती कर रहे हैं। मगही पान की अपनी अलग पहचान और गुणवत्ता के कारण इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। जिससे किसानों को बेहतर बाजार भी मिल रहा है।
वाराणसी में सबसे अधिक मांग
मगही पान की सबसे ज्यादा खपत उतर प्रदेश के वाराणसी में होती है। वाराणसी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है। यहां पान के शौकीन इस शहर में मगही पान की विशेष पहचान है।
गयाजी की पान मंडियों से प्रतिदिन करीब दो सौ ढोली मगही पान वाराणसी भेजा जाता है। खास बात यह है कि उच्च गुणवत्ता वाला पान ही यहां भेजा जाता है। जिससे इसकी मांग और कीमत दोनों बनी रहती है।
स्थानीय बाजार से जुड़ी आजीविका
शहर में 20 से अधिक परिवार सीधे तौर पर मगही पान के कारोबार से जुड़े हुए हैं। गयाजी शहर के पनडरिबा मंडी इस व्यापार का प्रमुख केंद्र है। जहां कई थोक विक्रेता सक्रिय हैं।
व्यापारी मनोज कुमार ने कहा कि किसानों से सीधे पान खरीदकर वाराणसी, कैमूर, सासाराम, औरंगाबाद, डाल्टेनगंज, हजारीबाग, रामगढ़ और रांची जैसे शहरों में आपूर्ति करते हैं। इन क्षेत्रों में मगही पान लोगों की पहली पसंद बना हुआ है।
गुणवत्ता के अनुसार मिलता है दाम
मगही पान की कीमत उसकी गुणवत्ता पर निर्भर करती है। अच्छी गुणवत्ता वाले पान की कीमत 70 से सौ रुपये प्रति ढोली तक होती है, जबकि सामान्य पान दस रुपये से लेकर सौ रुपये प्रति ढोली तक बिकता है। एक ढोली में करीब दो सौ पत्ते होते हैं। जिससे किसानों को उचित लाभ मिलता है।
ऑनलाइन आवेदन से मिलेगा अनुदान
इस योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के बाद लॉटरी प्रणाली के माध्यम से चयनित किसानों को अनुदान की राशि दी जाएगी। उद्यान विभाग इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहा है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें।
सरकार की इस पहल से न सिर्फ मगही पान की खेती को नया विस्तार मिलेगा, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। यदि योजना का लाभ सही तरीके से किसानों तक पहुंच सके।
पान की खेती करने वाले किसानों को सौ वर्ग मीटर में खेती करने पर 11200 रुपये अनुदान कृषि विभाग द्वारा दिया जाएगा। आवेदन पूरी तरह से ऑनलाइन होगा। आवेदन के अंतिम तिथि 20 अप्रैल तक करना है। - तबस्सुम परवीन, जिला उद्यान पदाधिकारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।