विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आर्थिक तंगी नहीं बनेगी बाधा! भागलपुर में कराटे स्कॉलरशिप के लिए 15 नवंबर तक आवेदन, ऑनलाइन क्विज से चुने जाएंगे खिलाड़ी

Published: Sun, 08 Nov 2026 02:58 PM (IST)

Bhagalpur Karate Scholarship Scheme 2026-27: भागलपुर में आर्थिक रूप से कमजोर कराटे खिलाड़ियों के लिए 'कराटे स्कॉलरशिप योजना' शुरू की ...और पढ़ें

Bhagalpur Karate Scholarship Scheme 2026-27: 15 नवंबर तक करें आवेदन

Bhagalpur Karate Scholarship Scheme 2026-27: 15 नवंबर तक करें आवेदन

HighLights

  1. आर्थिक रूप से कमजोर कराटे खिलाड़ियों के लिए स्कॉलरशिप योजना।

  2. आवेदन की अंतिम तिथि 15 नवंबर, ऑनलाइन क्विज से चयन।

  3. प्रतिभाशाली बच्चों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना लक्ष्य।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। आर्थिक तंगी अब भागलपुर के प्रतिभावान खिलाड़ियों के खेल करियर में रुकावट नहीं बनेगी। कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि वाले बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के उद्देश्य से भागलपुर एकेडमी ऑफ कराटे एंड जूडो क्लब तथा जिला कराटे एसोसिएशन ऑफ भागलपुर ने संयुक्त रूप से 'कराटे स्कॉलरशिप योजना (सत्र 2026-27)' की शुरुआत की है।

इस योजना के तहत इच्छुक खिलाड़ियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिसके फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 15 नवंबर निर्धारित की गई है। यह विशेष छात्रवृत्ति केवल जिला कराटे एसोसिएशन ऑफ भागलपुर से जुड़े बच्चों को ही प्रदान की जाएगी।

प्रतिभा को तराशकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना लक्ष्य

एकेडमी के सीईओ एवं इंटरनेशनल कोच रेन्शी मो. मसीउल ओला ने बताया कि भागलपुर में कई ऐसे होनहार बच्चे हैं, जिनमें कराटे की असाधारण क्षमता है, लेकिन पारिवारिक आर्थिक स्थिति कमजोर होने की वजह से वे सही प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से वंचित रह जाते हैं।

ऐसे ही खिलाड़ियों को तराशने के लिए यह स्कॉलरशिप योजना शुरू की गई है, ताकि वे जिले से लेकर राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। खिलाड़ियों का चयन चार प्रमुख श्रेणियों—मेरिट, आर्थिक आवश्यकता, खेल क्षमता (प्रतिभा) और पूर्व प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन—के आधार पर किया जाएगा।

चयनित बच्चों को न सिर्फ नियमित प्रशिक्षण शुल्क (कोचिंग फीस) में छूट दी जाएगी, बल्कि बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के दौरान भी हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। इसमें पहले से प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों के अलावा नए प्रवेश के इच्छुक बच्चे भी भाग ले सकते हैं, बशर्ते वे एसोसिएशन के पंजीकृत सदस्य हों।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की सुविधा

योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाते हुए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प रखे गए हैं। ऑनलाइन आवेदन में अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत जानकारी, पारिवारिक आय का ब्योरा, कराटे से संबंधित विवरण और बैंक खाते की जानकारी दर्ज करनी होगी।

वहीं, ऑफलाइन फॉर्म प्राप्त करने और जमा करने के लिए अमरपुर रोड स्थित चंबेलीचक के एकेडमी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। आवेदन पत्र के साथ पहचान पत्र, आय प्रमाण पत्र, कराटे बेल्ट प्रमाण पत्र, उपलब्ध मेडल या प्रमाण पत्र की स्वप्रमाणित छायाप्रति और पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना अनिवार्य होगा।

ऑनलाइन क्विज से परखी जाएगी खिलाड़ियों की समझ

पारदर्शी चयन के लिए एक ऑनलाइन क्विज परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें कराटे के सामान्य ज्ञान, खेल के नियमों और अनुशासन से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। क्विज में सफल प्रदर्शन करने वाले बच्चों को ही अंतिम रूप से स्कॉलरशिप के लिए चुना जाएगा। परीक्षा की तिथि और लिंक पंजीकृत खिलाड़ियों के मोबाइल नंबर पर एसएमएस या व्हाट्सएप के माध्यम से साझा किया जाएगा।

रेन्शी मो. मसीउल ओला ने कहा कि एकेडमी का दृढ़ संकल्प है कि संसाधनों के अभाव में किसी भी बच्चे का सपना अधूरा न रहे; लगनशील खिलाड़ियों को हर कदम पर सहयोग देकर भागलपुर का मान बढ़ाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- 'पहले गिर गाय का दूध पियो, फिर बात होगी': आरके सिन्हा के आत्मीय अंदाज को याद कर रो पड़े कार्यकर्ता, दी श्रद्धांजलि

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।