मेडिकल छात्र रूपेश की मौत के बाद JLNMCH में तनाव; पीजी छात्रों पर कार्रवाई की मांग, प्राचार्य पहुंचे DM-SSP के पास
Bhagalpur JLNMCH Medical Student Rupesh Soni Death Protest: भागलपुर के जेएलएनएमसीएच में एमबीबीएस छात्र रूपेश सोनी की मौत के बाद ...और पढ़ें

Bhagalpur JLNMCH Medical Student Rupesh Soni Death Protest: जेएलएनएमसीएच
HighLights
एमबीबीएस छात्र रूपेश सोनी की इलाज के दौरान मौत।
पीजी छात्रों पर लापरवाही का आरोप, कार्रवाई की मांग।
कॉलेज परिसर में तनाव, सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur JLNMCH Medical Student Rupesh Soni Death Protest: जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) के एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र रूपेश सोनी की इलाज के दौरान हुई असामयिक मौत के बाद कॉलेज परिसर में भारी आक्रोश फैल गया है। मामले को लेकर सीनियर (पीजी) और जूनियर (एमबीबीएस) छात्र आमने-सामने आ गए हैं, जिससे परिसर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
एमबीबीएस छात्रों का गंभीर आरोप है कि पीजी छात्रों की लापरवाही और अमानवीय रवैये के कारण रूपेश की जान गई। छात्रों का कहना है कि दुर्घटना के बाद तत्काल इलाज कराने के बदले आरोपित पीजी छात्र तमाशबीन बने रहे और कुछ वहां से भाग निकले। आक्रोशित छात्रों ने मांग की है कि पुलिस द्वारा छोड़ी गई तीन पीजी छात्राओं को पुनः गिरफ्तार किया जाए, चारों पीजी छात्रों को तुरंत कॉलेज से निष्कासित किया जाए तथा मृतक के शोकाकुल परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य डॉ. संदीप लाल ने अस्पताल अधीक्षक, उपाधीक्षक समेत सभी विभागों के विभागाध्यक्षों (एचओडी) की आपात बैठक बुलाई और घटनाक्रम की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय को दी। इसके बाद प्राचार्य ने डीएम और एसएसपी से मिलकर हॉस्टल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
भारी तनाव के बीच एमबीबीएस छात्रों ने किया जोरदार विरोध प्रदर्शन
छात्र रूपेश सोनी की मौत की खबर मिलते ही एमबीबीएस छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में जुटे छात्रों ने प्राचार्य कक्ष के सामने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को पूरा करने का दबाव बनाया। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप था कि घटना के समय संबंधित पीजी छात्र नशे में धुत थे और उन्होंने पूर्व में कार्यक्रम के दौरान भी अभद्र व्यवहार किया था, जिससे पहले से तनाव का माहौल बना हुआ था।
विरोध के दौरान पीजी छात्र परिसर से नदारद दिखे, जबकि एमबीबीएस छात्र लगातार उनकी तलाश करते नजर आए। माहौल बिगड़ता देख प्राचार्य ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी छात्रों को तत्काल अपने-अपने हॉस्टल लौटने का निर्देश दिया, लेकिन छात्र अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे।
डीएम को सौंपा पत्र, एसडीओ के हस्तक्षेप के बाद शांत हुए छात्र
मुख्यालय से दिशा-निर्देश मिलने के उपरांत प्राचार्य डॉ. संदीप लाल और अस्पताल अधीक्षक डॉ. एचपी दूबे सीधे जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे। दोनों प्रशासनिक अधिकारियों ने डीएम को कॉलेज के संवेदनशील हालात से विस्तार से अवगत कराया। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद दोनों अधिकारी एसएसपी से मिले, जहां एसएसपी ने परिसर व हॉस्टल में पुलिस गश्त तेज करने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का भरोसा दिया। डीएम के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचे और आक्रोशित छात्रों से सीधी वार्ता की। एसडीओ ने छात्रों को समझाते हुए कहा कि मामले में विधि-सम्मत व न्यायसंगत कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद छात्र शांत हुए। इधर, एसएसपी के निर्देश पर हॉस्टल और कॉलेज परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच किसी प्रकार का दोबारा टकराव न हो सके।
"मुख्यालय के निर्देश पर जिलाधिकारी और एसएसपी को पूरे मामले की लिखित जानकारी दे दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त कर दिया गया है और छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। इस दुखद हादसे के बाद जिला प्रशासन नियमानुसार व न्यायसंगत कार्रवाई करेगा। रात के समय किसी भी तरह का विवाद न हो, इसके लिए हॉस्टल परिसर में पुलिस बल तैनात है।"
— डॉ. संदीप लाल, प्राचार्य, जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, भागलपुर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।