JLNMCH में संवेदनहीनता की हद: कैंसर पीड़ित को देख डॉक्टर बोले- 'आपने मरीज को जहर खिलाकर लाया है'; परिजनों में आक्रोश
भागलपुर के जेएलएनएमसीएच में कैंसर मरीज नरेंद्र कुमार चौबे की मौत के बाद डॉक्टरों पर संवेदनहीनता और अभद्र व्यवहार के ...और पढ़ें

Bhagalpur JLNMCH Cancer Patient Death:
HighLights
जेएलएनएमसीएच में कैंसर मरीज की मौत पर गंभीर आरोप।
डॉक्टरों ने परिजनों पर जहर खिलाने का आरोप लगाया।
स्वास्थ्य मंत्री से उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur JLNMCH Cancer Patient Death: जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच), मायागंज की इमरजेंसी सेवा और चिकित्सकों की कार्यशैली एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में है। एडवांस्ड स्टेज के कैंसर से जूझ रहे मरीज नरेंद्र कुमार चौबे 'निक्कू चौबे' की इलाज के दौरान हुई मौत के बाद अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों पर संवेदनहीनता, अभद्र व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगे हैं।
इस संबंध में मृतक के परिजन अरुण कुमार चौबे ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री को औपचारिक पत्र भेजकर पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार चिकित्सकों व कर्मियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। परिजनों ने इमरजेंसी में इलाज के नाम पर किए गए व्यवहार और मृत्यु के उपरांत अपनाई गई प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर कड़ा रोष जताया है।
बीमारी समझने के बजाय परिजनों पर लगाया जहर खिलाने का आरोप
स्वास्थ्य मंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में विस्तार से बताया गया है कि गत 9 नवंबर की रात नरेंद्र कुमार चौबे की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अत्यंत गंभीर स्थिति में मायागंज अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे थे। मरीज पहले से ही अंतिम चरण (एडवांस्ड स्टेज) के कैंसर से ग्रसित थे और उनकी हालत नाजुक थी।
परिजनों का आरोप है कि JLNMCH के इमरजेंसी में तैनात कनिष्ठ चिकित्सकों (जूनियर डॉक्टरों) ने मरीज की मेडिकल हिस्ट्री और स्थिति की गंभीरता को संवेदनशीलता से समझने के बजाय परिजनों के साथ बेहद अपमानजनक व अभद्र भाषा का प्रयोग किया। हद तो तब हो गई जब डॉक्टरों ने परिजनों पर ही मरीज को जहर खिलाकर मारने का बेबुनियाद व मनगढ़ंत आरोप मढ़ दिया। इसके बाद पुलिसिया कार्रवाई और कानूनी पचड़े का डर दिखाकर पहले से बदहवास परिजनों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
-1794374586601.webp)
पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का फोन भी रहा बेअसर
शिकायती पत्र में इस बात का भी स्पष्ट उल्लेख है कि अस्पताल में चिकित्सकों की मनमानी और असंवेदनशील व्यवहार की सूचना जब पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे को दी गई, तो उन्होंने स्वयं मामले में हस्तक्षेप किया।
बावजूद इसके, अस्पताल के कनिष्ठ और ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों के अड़ियल रवैये में कोई सुधार नहीं आया। परिजनों का कहना है कि मरीज के दम तोड़ने के बाद अस्पताल प्रशासन से जो न्यूनतम मानवीय सहयोग मिलना चाहिए था, वह भी नदारद रहा। रात के समय अस्पताल में कोई जिम्मेदार या वरिष्ठ प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित नहीं था, जो शोकाकुल परिवार की सुध ले सके।
-1794374637027.webp)
मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भटकते रहे परिजन, एसओपी लागू करने की मांग
परिजनों का सबसे बड़ा दर्द यह रहा कि मरीज की मौत के बाद भी उन्हें घंटों परेशान किया गया और काफी प्रयासों के बाद भी रात में मृत्यु प्रमाण पत्र (डेथ सर्टिफिकेट) निर्गत नहीं किया गया। इससे अपनों को खो चुके परिवार को भारी दुखों के बीच प्रशासनिक दुश्वारियों से जूझना पड़ा।
अरुण कुमार चौबे ने पत्र में कहा कि यह केवल एक परिवार के साथ हुई घटना नहीं है, बल्कि मायागंज अस्पताल की इमरजेंसी में आम नागरिकों के साथ होने वाली नियमित प्रशासनिक लापरवाही और संवेदनहीनता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी डॉक्टरों को दंडित किया जाए।
इसके साथ ही अस्पतालों की इमरजेंसी में गंभीर मरीजों और उनके तीमारदारों से पेश आने को लेकर एक स्पष्ट स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) अनिवार्य रूप से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य लाचार परिवार को ऐसी प्रताड़ना का शिकार न होना पड़े। अब देखना यह है कि परिजनों के इस गंभीर पत्र पर स्वास्थ्य विभाग क्या रुख अपनाता है।
निक्कू चौबे के पार्थिव शरीर पर ओढ़ाया गया भाजपा का झंडा
भागलपुर के लालूचक अंगारी निवासी एवं भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता नरेंद्र कुमार चौबे उर्फ निक्कू चौबे का नौ नवंबर की रात असामयिक निधन हो गया। वे लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से परिवार, शुभचिंतकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को बरारी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार साह के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पार्थिव शरीर पर भाजपा का झंडा ओढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
इस दौरान भागलपुर विधायक रोहित पांडेय, जिला महामंत्री योगेश पांडेय, विधानसभा प्रभारी प्राणिक बाजपेयी, शरद बाजपेयी, चंदन पांडेय, अनूप लाल साह, संजय भगत, चंदन ठाकुर, प्रणव दास, दीपक कुमार, आह्लाद वशिष्ठ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्वजन मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार साह ने कहा कि निक्कू चौबे का निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। वे संगठन के प्रति समर्पित थे और पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाते थे।
वे पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे के परिवार के करीबी सदस्य थे। निधन की सूचना पर चौबे ने परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। भाजपा नेता डा. अर्जित शाश्वत चौबे ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से परिवार और पार्टी दोनों को अपूरणीय क्षति हुई है। वे अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र, एक पुत्री और माता-पिता सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।