नाले पर कब्जा और सड़क पर 6 महीने जलजमाव! भागलपुर के झंडापुर में नरक बनी लोगों की जिंदगी
भागलपुर के झंडापुर पंचायत में सड़कें छह महीने तक जलजमाव से बदहाल रहती हैं, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है।

नाले पर कब्जा और सड़क पर 6 महीने जलजमाव (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
झंडापुर में सड़कें छह महीने तक जलजमाव से ग्रस्त।
नाले पर अतिक्रमण से जल निकासी बाधित, बीमारी का खतरा।
स्थायी समाधान हेतु सांसद-विधायक निधि से मदद की उम्मीद।
संवाद सूत्र, बिहपुर। प्रखंड के झंडापुर पश्चिम पंचायत में वार्ड एक व नौ के बीच आरईओ सड़क जलजमाव से बदहाल है। लो लैंड में महादलित टोला तक बनी सड़क पर साल में करीब छह माह पानी जमा रहता है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। यह सड़क झंडापुर बाजार, बैंक, स्कूल व थाना को एनएच-31 से जोड़ती है।
पंचायत के वार्ड आठ में शिवाला से भागवत चौधरी मध्य विद्यालय तक बनी सड़क पर भी जलजमाव की समस्या है। सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण नाला निर्माण व जलनिकासी की संभावना बाधित हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, जलजमाव और पानी की दुर्गंध से बीमारियों का खतरा बना रहता है। वार्ड नौ में बने सरकारी नाले को भी कुछ लोगों ने अवरुद्ध कर दिया है। इससे भी जलनिकासी बाधित है।
ग्रामीणों ने सांसद-विधायक निधि से निदान की जताई उम्मीद
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या के स्थायी निदान के लिए बड़ी राशि की जरूरत है, जो पंचायत फंड से संभव नहीं है। मुखिया प्रतिनिधि शिव चौधरी ने बताया कि भगवती स्थान मोड़ से महादलित टोला तक सड़क लो लैंड में बनी है, जिससे महीनों तक पानी जमा रहता है।
जबकि, मुखिया उषा देवी ने बताया कि तीन माह पूर्व सरकार के सहयोग पोर्टल पर कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग नवगछिया को पत्र भेजा गया है।
एनएच-31 चोरहर ढाला से इमली चौक तथा बिहपुर रेलवे पूर्वी केबिन से 14 नंबर सड़क, महादलित टोला में सीतराम चौधरी के घर से मध्य विद्यालय तक जलजमाव दूर करने की मांग की गई है। अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।