एजेंसी हटाकर खुद कमान संभालने के बाद भी पिछड़ा भागलपुर नगर निगम; TMBU, रेलवे व बिजली विभाग पर 10 करोड़ का टैक्स बकाया
Bhagalpur Municipal Corporation Holding Tax : भागलपुर नगर निगम की होल्डिंग टैक्स वसूली धीमी है, जो पिछले साल से 5 करोड़ रुपये पीछे है। सरकारी विभागों पर 9.50 करोड़ रुपये बकाया हैं और 75% गृहस्वामी ऑनलाइन भुगतान से अनजान हैं।

Bhagalpur Municipal Corporation Holding Tax : भागलपुर नगर निगम समीक्षा • होल्डिंग टैक्स वसूली पर बड़ा खुलासा
HighLights
निगम की होल्डिंग टैक्स वसूली पिछले साल से 5 करोड़ पीछे।
सरकारी विभागों पर 9.50 करोड़ रुपये का होल्डिंग टैक्स बकाया।
75% गृहस्वामी ऑनलाइन टैक्स भुगतान सुविधा से अनजान हैं।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Municipal Corporation Holding Tax : होल्डिंग टैक्स वसूली का जिम्मा संभाल रही निजी एजेंसी को खराब प्रदर्शन के आधार पर हटाए जाने के बाद भागलपुर नगर निगम स्वयं टैक्स वसूल रहा है, लेकिन इसके बावजूद वसूली की रफ्तार काफी सुस्त है। मंगलवार को निगम प्रशासन की ओर से की गई समीक्षा में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। चालू वित्तीय वर्ष में 24 नवंबर तक शहर के 32 हजार 810 घरों से महज 12.5 करोड़ रुपये की ही होल्डिंग टैक्स वसूली हो सकी है।
पिछले साल से पांच करोड़ पीछे निगम, चार महीने में जुटाने हैं 42.5 करोड़
आंकड़ों की तुलना करें तो पिछले वित्तीय वर्ष में आउटसोर्सिंग एजेंसी लाजीकूफ ने अप्रैल से नवंबर माह तक 17.5 करोड़ रुपये की वसूली की थी। इस लिहाज से नगर निगम अपने ही पिछले रिकॉर्ड से पांच करोड़ रुपये पीछे चल रहा है। इस वित्तीय वर्ष में मार्च तक 55 करोड़ रुपये होल्डिंग टैक्स वसूलने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें अद्यतन टैक्स का लक्ष्य 24.99 करोड़ रुपये है। वित्तीय वर्ष समाप्त होने में अब महज चार महीने शेष हैं, ऐसे में लक्ष्य हासिल करना निगम के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
सरकारी भवनों पर 9.50 करोड़ बकाया, 15,300 बड़े बकायेदारों को नोटिस
नगर निगम के राजस्व को सबसे बड़ा झटका सरकारी विभागों की उदासीनता से लग रहा है। शहर के विभिन्न सरकारी भवनों पर 9.50 करोड़ रुपये का होल्डिंग टैक्स बकाया है। इनमें तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू), रेलवे, विद्युत विभाग और शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विद्यालय प्रमुख रूप से शामिल हैं।
वहीं, निजी बकायेदारों से वसूली के लिए निगम ने प्रति वार्ड 300 बड़े बकायेदारों को चिह्नित करते हुए गत माह तक 15 हजार 300 गृहस्वामियों को नोटिस जारी किया है। इन नोटिसों के जरिए 18 करोड़ रुपये वसूलने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 25 कर संग्राहक और दो टीम लीडर प्रतिदिन बकायेदारों के घरों पर दस्तक दे रहे हैं।
75 प्रतिशत गृहस्वामी ऑनलाइन सुविधा से अनजान
शहर के कुल 81 हजार पंजीकृत घरों में से 72 हजार 770 घरों का डेटा ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड हो चुका है। इसके बावजूद 24 नवंबर तक टैक्स जमा करने वाले 32,810 लोगों में से सिर्फ 8,301 लोगों (करीब 25 प्रतिशत) ने ही घर बैठे ऑनलाइन टैक्स जमा किया। निगम काउंटर पर 407 लोगों ने, जबकि कर संग्राहकों के माध्यम से 24,102 लोगों ने ऑफलाइन भुगतान किया। अभी भी 75 प्रतिशत गृहस्वामी ऑनलाइन सुविधा से अनजान हैं, जिसके लिए चौराहों पर लगे अनाउंसिंग सिस्टम से प्रचार किया जा रहा है।
दोपहर तीन से पांच बजे तक त्रुटि सुधार
गौरतलब है कि मार्च में लाजीकूफ कंपनी (जिसने 50 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले 30 करोड़ वसूले थे) को हटाने के बाद अप्रैल से जून तक वसूली ठप रही और डेटा सुधार में समय लगने से मई तक कोई वसूली नहीं हो पाई। बाद में भागलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के माध्यम से एक अगस्त को ऑनलाइन सेवा शुरू की गई। पोर्टल पर पिछले वर्ष की जमा राशि अपडेट नहीं होने जैसी विसंगतियों को दूर करने के लिए निगम कार्यालय की होल्डिंग टैक्स शाखा में प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक सुधार किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।