विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगा के कोहरे व धुंध का वैज्ञानिक रहस्य तलाशेगा मौसम विभाग: AI से तीन से छह घंटे पहले मिलेगी आंधी-वज्रपात की चेतावनी

Published: Tue, 24 Nov 2026 06:15 AM (IST)

IMD Bhagalpur Ganga Fog Study AI Thunderstorm Alert : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग गंगा के मैदानी इलाकों में कोहरे और धुंध के वैज्ञानिक रहस्यों का अध्ययन करेगा, जिसमें मानव स्वास्थ्य और जैव विविधता पर इसके प्रभावों की पड़ताल की जाएगी। 

IMD Bhagalpur Ganga Fog Study AI Thunderstorm Alert गंगा बेसिन में कोहरे और धुंध के रहस्य तलाशेगा मौसम विभाग

IMD Bhagalpur Ganga Fog Study AI Thunderstorm Alert गंगा बेसिन में कोहरे और धुंध के रहस्य तलाशेगा मौसम विभाग

HighLights

  1. गंगा के कोहरे, धुंध का वैज्ञानिक अध्ययन होगा।

  2. AI से आंधी, वज्रपात की अग्रिम चेतावनी मिलेगी।

  3. पंचायत स्तर पर कृषि मौसम सलाह दी जाएगी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। IMD Bhagalpur Ganga Fog Study AI Thunderstorm Alert सर्दियों में गंगा की जलधारा के ऊपर तैरती धुंध और सुबह देर तक मैदानों में पसरी कोहरे की चादर के पीछे छिपे रहस्यों को अब विज्ञान के जरिए तलाशा जाएगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने गंगा के मैदानी इलाकों में कोहरा और धुंध बनने की परिस्थितियों, वायुमंडल में मौजूद सूक्ष्म कणों तथा उनके पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों के अध्ययन की दिशा में बड़ी पहल की है।

इसके लिए उच्च क्षमता वाले मेसोस्केल मौसम मॉडल और एयरोसोल मॉडल को एकीकृत करने की योजना है। गंगा के तट पर बसे भागलपुर के लिए यह पहल शोध के नए द्वार खोलेगी।

मानव स्वास्थ्य के साथ गंगा की डॉल्फिन व जैव विविधता पर असर की होगी पड़ताल

इस महत्वाकांक्षी अध्ययन का दायरा केवल कोहरे के बनने और छंटने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके व्यापक प्रभावों को भी समझा जाएगा। खासकर वायु गुणवत्ता, मानव स्वास्थ्य, गंगा के जलीय जीवों और क्षेत्रीय जैव विविधता पर कोहरे तथा वायुमंडलीय प्रदूषण के संभावित असर का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाएगा।

भागलपुर में गंगा का विस्तृत तटीय क्षेत्र और विक्रमशिला गंगा डॉल्फिन अभयारण्य की मौजूदगी इस अध्ययन को स्थानीय व पर्यावरणीय दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण बनाती है।

पंचायत स्तर पर किसानों को मिलेगी मौसम आधारित सलाह, कीट-रोग का भी चलेगा पता

मौसम विज्ञान विभाग अब पूर्वानुमान को सीधे खेतों तक उपयोगी सलाह के रूप में पहुंचाने की तैयारी में है। आइएमडी भागलपुर केंद्र के विज्ञानी अनुपम नाहर के अनुसार, नए प्रस्तावों में बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्य के लिए पंचायत स्तर पर मौसम आधारित कृषि सलाह विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया है।

मौसम विभाग के एपीआइ (API) और कृषि संबंधी आंकड़ों को एकीकृत कर ऐसी तकनीक तैयार की जाएगी, जिससे मौसम के बदलाव के आधार पर फसलों में कीट और रोग लगने की आशंका का पूर्वानुमान भी लगाया जा सकेगा।

AI से तीन से छह घंटे पहले मिलेगी आंधी-वज्रपात की चेतावनी

बिहार में हर साल आंधी, गरज-चमक, वज्रपात और भारी वर्षा जनजीवन और खेती को भारी नुकसान पहुंचाते हैं। इससे होने वाली क्षति को कम करने के लिए तीन से छह घंटे पहले चेतावनी जारी करने वाली तकनीक विकसित करने के प्रस्ताव मांगे गए हैं। इसमें डॉप्लर मौसम रडार, बिजली गिरने से संबंधित आंकड़ों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) का एकीकृत इस्तेमाल किया जाएगा।

इसके अलावा, बाढ़ के पानी से प्रभावित होने वाले सड़क, रेल मार्ग और परिवहन नेटवर्क की एकीकृत मैपिंग प्रणाली विकसित करने की भी योजना है। इससे भागलपुर, नवगछिया और आसपास के बाढ़ प्रभावित इलाकों में बाधित होने वाले मार्गों की समय रहते पहचान हो सकेगी, जिससे वैकल्पिक मार्ग तय करने, राहत सामग्री पहुंचाने और आपदा प्रबंधन में बड़ी मदद मिलेगी।

मौसम गुब्बारों की जगह लेंगे ड्रोन व सेंसर

मौसम की निगरानी को अधिक सटीक और किफायती बनाने के लिए कम लागत वाले स्वचालित सेंसर और विशेष ड्रोन विकसित करने के प्रस्ताव भी शामिल हैं, जिन्हें मौसम गुब्बारों के टिकाऊ विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।

चक्रवात का भी मिलेगा सटीक अनुमान

साथ ही अलग-अलग डॉप्लर रडार के आंकड़ों को जोड़कर एकीकृत रडार मोजेक तैयार करने और उपयोगी मोबाइल एप विकसित करने को प्राथमिकता दी गई है। उपग्रह, डॉप्लर रडार और न्यूमेरिकल वेदर प्रेडिक्शन मॉडल को एआइ से जोड़कर अचानक तीव्र होने और रास्ता बदलने वाले चक्रवातों की उत्पत्ति, दिशा और गति का सटीक पूर्वानुमान भी लगाया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें- बिहार में चक्रवात 'अकवान' का असर: 21 नवंबर को भागलपुर-कटिहार में भारी बारिश के आसार, कोहरे और ठंड ने भी बढ़ाई टेंशन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।