भागलपुर के IIIT और BCE में 5 साल की बड़ी पार्टनरशिप; रोबोटिक्स व ड्रोन से शुरुआत, शिक्षकों-छात्रों का होगा आदान-प्रदान
IIIT Bhagalpur and BCE Bhagalpur MoU 2026: भागलपुर के IIIT और BCE ने 5 साल के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ...और पढ़ें

IIIT Bhagalpur and BCE Bhagalpur MoU 2026: ट्रिपल आईटी और बीसीई भागलपुर के बीच ऐतिहासिक समझौता
HighLights
IIIT और BCE ने 5 साल का MoU किया साइन।
रोबोटिक्स और ड्रोन में छात्रों को मिलेगी इंटर्नशिप।
शिक्षक-छात्र आदान-प्रदान से बढ़ेगा संयुक्त अनुसंधान।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। IIIT Bhagalpur and BCE Bhagalpur MoU 2026: भागलपुर में तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में शुक्रवार को एक ऐतिहासिक नए अध्याय की शुरुआत हुई। क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को आधुनिक व उभरती तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव दिलाने के उद्देश्य से दो प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थानों—इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) भागलपुर और भागलपुर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (BCE) ने हाथ मिलाया है।
दोनों प्रतिष्ठित संस्थानों के बीच शुक्रवार को पांच वर्षों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक और अनुसंधान समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अंतर्गत अब दोनों ही संस्थानों के शिक्षक और विद्यार्थी मिलकर उन्नत अनुसंधान, साझा प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक में इंटर्नशिप से होगी व्यावहारिक शुरुआत
ट्रिपल आईटी भागलपुर के बोर्ड रूम में शुक्रवार सुबह 11:30 बजे आयोजित एक गरिमापूर्ण समारोह में IIIT के निदेशक प्रो. मधुसूदन सिंह और बीसीई के प्राचार्य प्रो. बिमलेश कुमार ने अपने-अपने संस्थानों की ओर से एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
समारोह को संबोधित करते हुए ट्रिपल आईटी के निदेशक प्रो. मधुसूदन सिंह ने स्पष्ट किया कि यह समझौता केवल कागजी औपचारिकता नहीं रहेगा, बल्कि यह पूरी तरह से परिणाम आधारित (रिजल्ट-ओरिएंटेड) होगा।
इस साझेदारी की व्यावहारिक शुरुआत रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक के क्षेत्र में विद्यार्थियों की इंटर्नशिप से होने जा रही है। इससे दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय प्रयोगशालाओं में नई तकनीकों पर काम करने, औद्योगिक मांग के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण लेने और शोध से जुड़ने के प्रत्यक्ष अवसर प्राप्त होंगे।
शिक्षकों और विद्यार्थियों का होगा आदान-प्रदान, संसाधन होंगे साझा
पांच साल के इस व्यापक समझौते के तहत दोनों संस्थान मिलकर विभिन्न संयुक्त शोध परियोजनाओं, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कार्यशालाओं, संगोष्ठियों तथा अल्पकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेंगे। छात्रों के शैक्षणिक व व्यावहारिक विकास के लिए विशेष रूप से ग्रीष्मकालीन (समर) शोध इंटर्नशिप और सेमेस्टर आदान-प्रदान (सेमेस्टर एक्सचेंज) की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
इसके साथ ही, स्नातकोत्तर (पीजी) और पीएचडी के छात्रों के लिए दोनों संस्थानों के विशेषज्ञों द्वारा संयुक्त मार्गदर्शन (Joint Mentorship) की प्रणाली लागू की जाएगी। इस पहल से शोध आधारित स्टार्टअप को गति मिलेगी और औद्योगिक स्तर की परियोजनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। दोनों संस्थान परस्पर सहमति से अपनी प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों और तकनीकी उपकरणों जैसे शैक्षणिक संसाधनों का साझा उपयोग भी कर सकेंगे।
फैकल्टी विकास से सुधरेगा तकनीकी शिक्षा का स्तर
भागलपुर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (बीसीई) के प्राचार्य प्रो. बिमलेश कुमार ने इस समझौते को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि बीसीई के शिक्षक और छात्र अब IIIT के वैज्ञानिकों व शिक्षकों के साथ मिलकर अत्याधुनिक शोध और शैक्षणिक गतिविधियों के नए आयाम तलाशेंगे। दोनों संस्थानों के शिक्षकों के पेशेवर विकास के लिए "संयुक्त फैकल्टी डेवलपमेंट कार्यक्रम" (FDP) भी आयोजित किए जाएंगे।
इस एमओयू को भागलपुर ही नहीं बल्कि पूरे बिहार और देश की तकनीकी शिक्षा, अंतर्विषयक अनुसंधान (Interdisciplinary Research) और नवाचार (Innovation) को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- 10वीं में शादी, उपेक्षा और बेटे की मौत... लेकिन नहीं मानी हार; हर आघात को मात दे IIIT में Officer बनीं डॉ. अभिलाषा
"हमारे छात्रों और शिक्षकों के लिए यह एक अनुपम अवसर है। हम सब मिलकर स्थानीय और वैश्विक समस्याओं के समाधान के लिए शोध करेंगे।"
— प्रो. बिमलेश कुमार, प्राचार्य, BCE भागलपुर
"यह समझौता मात्र एक दस्तावेज़ नहीं, बल्कि परिणाम आधारित सामूहिक विकास का माध्यम है। हमारी रोबोटिक्स व ड्रोन की प्रयोगशालाएं और विशेषज्ञता अब दोनों संस्थानों के छात्रों के विकास में काम आएंगी।"
— प्रो. मधुसूदन सिंह, निदेशक, IIIT भागलपुर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।