विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर बना विदेशी पक्षियों का स्वर्ग! 119 प्रजातियों के 23 हजार परिंदों ने डाला डेरा, बिहार में रचा रिकॉर्ड

Published: Thu, 12 Nov 2026 11:02 AM (IST)

सर्दियों में भागलपुर की गंगा से जुड़ी आर्द्रभूमियां, खासकर नवगछिया का घटोरा, प्रवासी पक्षियों का पसंदीदा ठिकाना बन गई हैं। ...और पढ़ें

भागलपुर बना विदेशी पक्षियों का स्वर्ग

भागलपुर बना विदेशी पक्षियों का स्वर्ग

HighLights

  1. भागलपुर में 23,268 पक्षी, बिहार में सर्वाधिक संख्या।

  2. घटोरा आर्द्रभूमि में 77% प्रवासी पक्षी दर्ज किए गए।

  3. चार वर्षों में पक्षियों की संख्या तीन गुना बढ़ी।

ललन तिवारी, भागलपुर। सर्दियों की दस्तक के साथ ही गंगा का कछार परिंदों की चहचहाहट से गुलजार होने लगा है। हजारों किलोमीटर की उड़ान भरकर दूर देशों से आने वाले प्रवासी पक्षियों के लिए भागलपुर की नदियां, जलाशय और आर्द्रभूमियां पसंदीदा पड़ाव बन रही हैं। 

कहीं पानी में अठखेलियां करते जलपक्षियों के झुंड हैं तो कहीं भोजन की तलाश में विचरते परिंदे। यहां का प्राकृतिक परिवेश उन्हें भोजन, पानी और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध करा रहा है। यही वजह है कि हर साल यहां आने वाले परिंदों का कुनबा बढ़ता जा रहा है।

पक्षियों की 119 प्रजातियों की मौजूदगी

बिहार राज्य पक्षी गणना-2025 के आंकड़े भी इसकी तस्दीक करते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, भागलपुर में कुल 23,268 पक्षी दर्ज किए गए, जो राज्य के सभी जिलों में सर्वाधिक हैं। 

जिले में पक्षियों की 119 प्रजातियों की मौजूदगी भी दर्ज की गई है। इनमें स्थानीय के साथ बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी शामिल हैं। खास बात यह है कि नवगछिया क्षेत्र की घटोरा आर्द्रभूमि विदेशी मेहमानों के बड़े ठिकाने के रूप में उभरी है।

घटोरा की आर्द्रभूमि में विदेशी मेहमानों का बसेरा

नवगछिया की घटोरा आर्द्रभूमि सर्दियों में प्रवासी पक्षियों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है। वर्ष 2025 की गणना में यहां कुल 9,046 पक्षी मिले। इनमें 6,968 प्रवासी और 2,078 स्थानीय पक्षी शामिल थे। यानी यहां दर्ज कुल पक्षियों में करीब 77 प्रतिशत प्रवासी थे। 

बिहार की आर्द्रभूमियों में पक्षियों की संख्या के लिहाज से घटोरा पहले स्थान पर रहा। हालांकि, वर्ष 2024 में यहां 10,110 पक्षी दर्ज किए गए थे। इस लिहाज से पिछले वर्ष की तुलना में संख्या में कुछ कमी आई है, लेकिन प्रवासी पक्षियों के महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में घटोरा की पहचान बरकरार है।

सर्दियों में यहां रेड क्रेस्टेड पोचार्ड (लालसर), ग्रेलैग गूज (धूसर कलहंस), बार-हेडेड गूज (सरपट्टी हंस), नार्दर्न पिनटेल, गैडवाल, गर्गनी और कामन टील जैसी प्रजातियां पहुंचती हैं। 

वहीं, ब्लैक-टेल्ड गॉडविट, स्पॉटेड रेडशैंक और ग्रीनशैंक जैसे जलपक्षियों के साथ हेन हैरियर जैसे शिकारी पक्षियों की मौजूदगी भी इस क्षेत्र की जैव विविधता को समृद्ध करती है। अलग-अलग पारिस्थितिक जरूरतों वाली इन प्रजातियों का एक ही क्षेत्र में मिलना घटोरा के प्राकृतिक आवास की अहमियत बताता है।

चार वर्षों में तीन गुना से अधिक हुई पक्षियों की संख्या

बिहार राज्य पक्षी गणना के आंकड़े भागलपुर में पक्षियों की बढ़ती मौजूदगी की कहानी बयां कर रहे हैं। वर्ष 2022 में जिले में 7,544 पक्षी दर्ज किए गए थे। वर्ष 2023 में यह संख्या करीब नौ हजार रही। वर्ष 2024 में 15 हजार से अधिक पक्षी मिले, जबकि 2025 में इनकी संख्या बढ़कर 23,268 हो गई। इस तरह चार वर्षों में पक्षियों की दर्ज संख्या तीन गुना से अधिक हो गई है। 

ये आंकड़े केवल परिंदों की बढ़ती संख्या नहीं बताते, बल्कि गंगा से जुड़ी आर्द्रभूमियों और प्राकृतिक आवासों के महत्व को भी रेखांकित करते हैं। सर्दियों में हजारों किलोमीटर की दूरी तय कर यहां पहुंचने वाले पक्षियों के लिए ये जलक्षेत्र भोजन जुटाने, आराम करने और अनुकूल मौसम में समय बिताने का सुरक्षित ठिकाना हैं।

प्राकृतिक आवासों का संरक्षण जरूरी

जिला वन पदाधिकारी आशुतोष राज के अनुसार, गंगा से जुड़ी आर्द्रभूमियां पक्षियों को भोजन, पानी और ठहरने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराती हैं। इन प्राकृतिक स्थलों का संरक्षण प्रवासी पक्षियों के साथ स्थानीय प्रजातियों के अस्तित्व के लिए भी जरूरी है। नियमित पक्षी गणना से उनकी संख्या, प्रजातीय विविधता और प्राकृतिक आवासों में हो रहे बदलावों को समझने में मदद मिलती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।