भागलपुर में गंगा विलास क्रूज का बदला रूट, एंटीना मोड़कर विक्रमशिला सेतु के नीचे से गुजरेगा जहाज
गंगा में जलस्तर घटने के कारण भागलपुर में गंगा विलास क्रूज का मार्ग बदल दिया गया है।

गंगा विलास क्रूज। फाइल फोटो
HighLights
गंगा विलास क्रूज का मार्ग जलस्तर घटने से बदला।
अब नवगछिया की मुख्य धारा से गुजरेगा क्रूज।
विक्रमशिला सेतु के नीचे से सुरक्षित निकालने की तैयारी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। गंगा का जलस्तर इस बार दिसंबर से पहले ही तेजी से घटने लगा है, जिसका सीधा असर जलमार्ग परिचालन पर पड़ा है।
पानी कम होने से शहर की ओर सिटी चैनल में माणिक सरकार के पास डूबी हुई पुरानी पुलिया ऊपर दिखने लगी है। इससे बड़े जहाज के निचले हिस्से के टकराने की आशंका बढ़ गई है।
इसे देखते हुए भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आइडब्ल्यूएआइ) ने रास्ता बदलने का निर्णय लिया है। अब 27 नवंबर को गंगा विलास क्रूज को सिटी चैनल के बजाय नवगछिया की ओर से गंगा की मुख्य धारा से निकाला जाएगा।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, बाढ़ के दौरान पर्याप्त पानी रहने और नाथनगर के रत्तीपुर बैरिया के पास मुहाना खुलने से सिटी चैनल में अमूमन पानी बना रहता था, लेकिन इस बार जलस्तर तेजी से गिर रहा है।
कोलकाता से आ रहा गंगा विलास क्रूज 26 नवंबर की शाम तक बटेश्वर स्थान पहुंचेगा। अगले दिन 27 नवंबर को इसे नवगछिया की ओर से गुजारने की तैयारी है, क्योंकि उधर मुख्य धारा में पानी अधिक है।
ऊंचाई नापने को एयर ड्राफ्ट सर्वे
नवगछिया की ओर मुख्य धारा में पानी तो पर्याप्त है, लेकिन वहां विक्रमशिला सेतु के नीचे से जहाज के ऊपरी हिस्से को सुरक्षित निकालना बड़ी चुनौती है।
गंगा विलास क्रूज की ऊंचाई 10 मीटर से अधिक है। हालांकि, इसके ऊपरी हिस्से में लगे एंटीना में फोल्डिंग सिस्टम है, जिसे मोड़ने के बाद क्रूज की ऊंचाई करीब नौ मीटर रह जाती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए आइडब्ल्यूएआइ लगातार एयर ड्राफ्ट सर्वे करा रहा है, ताकि पानी की सतह से पुल के निचले हिस्से तक की सटीक ऊंचाई मापकर क्रूज को सुरक्षित निकाला जा सके।
फरवरी तक जारी रहेगा क्रूज का परिचालन
अधिकारियों ने बताया कि इस जलमार्ग पर साहिबगंज की ओर से हर महीने करीब 15 से 16 कार्गो जहाजों की आवाजाही लगातार जारी है।
वहीं, पर्यटकों से भरा गंगा विलास क्रूज महीने में करीब दो बार इस रास्ते से गुजरता है और इसका परिचालन फरवरी तक जारी रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- विक्रमशिला समानांतर सेतु से जीरोमाइल तक बनेगी एलिवेटेड रोड, यात्रियों को मिलेगी 6 लेन की सुविधा