गंगा का जलस्तर घटने से बदला गंगा विलास क्रूज का रास्ता; पुलिया से 6 इंच के अंतर से नवगछिया चैनल पार कर पहुंचा मुंगेर
गंगा नदी का जलस्तर घटने के कारण गंगा विलास क्रूज ने पहली बार नवगछिया चैनल से होकर सुरक्षित यात्रा की। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण की निगरानी में जहाज पुलिया से महज छह इंच के अंतर से मुंगेर पहुंचा।

भागलपुर गंगा का जलस्तर घटने से बदला गंगा विलास क्रूज का रूट।
HighLights
गंगा विलास क्रूज ने नवगछिया चैनल से सुरक्षित मार्ग बदला।
कम जलस्तर के कारण पहली बार वैकल्पिक मार्ग का उपयोग किया।
पुलिया से महज छह इंच के अंतर से जहाज गुजरा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। गंगा नदी का जलस्तर कम होने के कारण बदले गए मार्ग से गंगा विलास क्रूज शुक्रवार को इस सीजन में पहली बार नवगछिया चैनल से होकर सुरक्षित गुजरा। सुबह 10:30 बजे भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) से आधिकारिक क्लीयरेंस मिलने के बाद जहाज मुंगेर के लिए रवाना हुआ।
गुरुवार की शाम भागलपुर पहुंचने के बाद क्रूज को बाबूपुर घाट पर स्टैंड-बाय रखा गया था। रास्ते में पड़ने वाली पुलिया के नीचे से जहाज के सुरक्षित परिचालन को लेकर प्राधिकरण की टीम द्वारा गहन सर्वे और मापी की गई, जिसके बाद शुक्रवार सुबह आगे बढ़ने की अनुमति दी गई।
पुल और जहाज के बीच रहा महज छह इंच का अंतर
भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, गंगा के जलस्तर में कमी आ जाने के कारण पुल और जहाज के ऊपरी हिस्से के बीच उपलब्ध जगह काफी कम थी। इसके बावजूद बेहद सावधानी और तकनीकी कौशल के साथ जहाज को निकाला गया। इस दौरान पुल और क्रूज के बीच करीब छह इंच का अंतर रहा।
पहली बार किया वैकल्पिक मार्ग का उपयोग
निर्धारित क्लीयरेंस मिलने के बाद जहाज बिना किसी बाधा के नवगछिया चैनल पार कर गया। उल्लेखनीय है कि इस सीजन में पहली बार गंगा विलास क्रूज ने इस वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल किया है।
-1795811176792.webp)
मुंगेर के बबुआ घाट पहुंचा क्रूज
शुक्रवार शाम तक क्रूज सुरक्षित रूप से मुंगेर के बबुआ घाट पहुंचकर खड़ा हो गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शनिवार को जहाज में सवार देशी-विदेशी पर्यटकों को विश्व प्रसिद्ध बिहार योग विद्यालय (योगाश्रम), शक्तिपीठ चंडिका स्थान और मुंगेर के अन्य ऐतिहासिक व पौराणिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
आज योगाश्रम व चंडिका स्थान का भ्रमण करेंगे पर्यटक
भ्रमण के बाद क्रूज अपने अगले पड़ाव की यात्रा पर रवाना होगा। जलस्तर में गिरावट की चुनौती के बीच बदले गए मार्ग से जहाज का सुरक्षित गुजरना अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।