राघोपुर में गंगा का भीषण कटाव: छोटी अलालपुर और शंकरपुर में 43 मकान खतरे में, ग्रामीण परेशान
गंगा नदी के भीषण कटाव से राघोपुर पंचायत के छोटी अलालपुर और शंकरपुर गांवों में संकट गहरा गया है। अब ...और पढ़ें

राघोपुर में गंगा का भीषण कटाव: छोटी अलालपुर और शंकरपुर में 43 मकान खतरे में, ग्रामीण परेशान
HighLights
राघोपुर में गंगा नदी का भीषण कटाव जारी।
छोटी अलालपुर, शंकरपुर में 43 घर खतरे में।
13 घर नदी में समाए, 8 मकान झुके।
संवाद सूत्र, खरीक। राघोपुर पंचायत के छोटी अलालपुर और शंकरपुर में गंगा का भीषण कटाव ग्रामीणों के लिए संकट बन गया है। गंगा 40 से 120 फीट की गहराई तक कटाव कर रही है। अब तक 13 घर नदी में विलीन हो चुके हैं, जबकि 43 मकान कटाव की जद में हैं।
इनमें आठ मकान पूरी तरह झुक चुके हैं, जिनके कभी भी गंगा में समा जाने की आशंका है। कड़ोलिया धार की ओर गंगा की मुख्य धारा के मुड़ने से तटवर्ती इलाकों में खतरा बढ़ गया है। कई परिवार अपने घर खाली कर सुरक्षित ठिकाने की तलाश में जुटे हैं।
कटाव से परेशान एक महिला ने कहा कि कुदरत के कहर के सामने विभाग बेबस है। गंगा ने कड़ोलिया धार की ओर रुख कर लिया है। अब उसे रोकना असंभव है।
कभी ग्रामीणों का हंगामा, तो कभी पीड़ित परिवारों का दबाव
गंगा की धारा में लगातार बदलाव के कारण जल संसाधन विभाग के पदाधिकारियों के सामने भी बचाव कार्य की चुनौती बनी हुई है। कभी कथित लापरवाही को लेकर ग्रामीण हंगामा करते हैं, तो कभी कटाव पीड़ित परिवार अपने घरों को बचाने के लिए दबाव बनाते हैं।
इस बीच कटाव कभी तेज तो कभी रुक-रुककर जारी है। किनारों के लगातार खिसकने से अलग-अलग स्थानों पर कटाव की स्थिति बदल रही है।
ग्रामीणों के सामने अपने परिवार और बचे हुए सामान को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की चुनौती है। कई परिवार घर खाली कर चुके हैं, जबकि अन्य भी सुरक्षित ठिकाने की तलाश में हैं।
ग्रामीणों ने बचाव कार्य में तेजी लाकर शेष मकानों और आबादी को बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। कटाव के कारण लोगों को अपने आशियाने के साथ-साथ पूरे गांव के भविष्य की चिंता सता रही है।
गंगा की धारा में लगातार बदलाव होने से कटाव की स्थिति भी अलग-अलग स्थानों पर बदल रही है। विभाग की ओर से राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। - गौतम कुमार, कार्यपालक अभियंता, जल संसाधन विभाग
यह भी पढ़ें- भागलपुर: गंगा के कटाव पर एक्शन मोड में प्रशासन, खरीक में सुस्त काम पर भड़कीं डीएम अलंकृता पांडेय
यह भी पढ़ें- देखते ही देखते गंगा में समा गया 2 मंजिला मकान, बिहार के राघोपुर में 120 फीट गहराई तक कटाव
