विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देखते ही देखते गंगा में समा गया 2 मंजिला मकान, बिहार के राघोपुर में 120 फीट गहराई तक कटाव

Published: Mon, 12 Oct 2026 08:26 AM (GMT+05:30)

भागलपुर के राघोपुर पंचायत में गंगा नदी का कटाव लगातार जारी है, जिससे छोटी अलालपुर और शंकरपुर में 120 फीट तक गहरी कटान हो रही है।

HighLights

  1. राघोपुर में गंगा नदी का भीषण कटाव जारी।

  2. सच्चिदानंद मंडल का दो मंजिला मकान गंगा में समाया।

  3. ग्रामीणों ने बचाव कार्य और पुनर्वास की मांग की।

संवाद सूत्र, खरीक। भागलपुर में राघोपुर पंचायत के छोटी अलालपुर और शंकरपुर में रविवार को भी रुक-रुककर कटाव जारी रहा। बिशु बाबा स्थान के पास 120 फीट की गहराई जबकि अन्य स्थानों पर 40 से 45 फीट की गहराई तक कटाव हो रहा है।

रविवार को सच्चिदानंद मंडल का दो मंजिला मकान भी गंगा में समा गया। कटाव के मुहाने पर खड़े अन्य मकानों को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार ने बताया कि गंगा की धारा में लगातार परिवर्तन हो रहा है। कहीं धारा तेज हो जाती है तो कहीं अपेक्षाकृत धीमी रहती है। धारा के बदलते रुख के कारण अलग-अलग स्थानों पर कटाव की स्थिति भी बदल रही है।

मुखिया मनोज मंडल ने बताया कि गंगा की धारा के बदलते रुख और रुक-रुककर हो रहे कटाव से तटवर्ती इलाके में खतरा बना हुआ है। मिट्टी धंसने और पक्के मकानों के गिरने से ग्रामीण भयभीत हैं।

लोगों को आशंका है कि कटाव की रफ्तार इसी तरह बनी रही तो बचे हुए घरों और आबादी को भी भारी नुकसान हो सकता है।

बचाव कार्य तेज करने और पुनर्वास की मांग

कटाव प्रभावित ग्रामीणों ने संवेदनशील स्थानों पर कटाव निरोधी कार्य तेज करने और बचाव कार्य लगातार जारी रखने की मांग की है।

उनका कहना है कि जिन परिवारों के घर गंगा में समा चुके हैं, उन्हें तत्काल राहत और उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही, जिन परिवारों पर बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है, उनके लिए सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वास की व्यवस्था की जाए, ताकि उनकी जान-माल की रक्षा हो सके।

यह भी पढ़ें- भागलपुर : राघोपुर में रेलवे तटबंध ध्वस्त, गंगा के भीषण कटाव से तबाही, घर छोड़ भागे लोग; आधी रात पहुंचे अफसर व 2 मंत्री