भागलपुर पूर्व मुखिया अजय सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 4 गोलियां लगने से हालत गंभीर
नवगछिया में पूर्व मुखिया अजय सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें उन्हें चार गोलियां लगीं और वे गंभीर रूप से ...और पढ़ें
-1794667051925_m.webp)
कदवा थाना अध्यक्ष विक्रम कुमार ने आरोपी को पकड़ कर ले जाती पुलिस और घायल मुखिया: इंटरनेट मीडिया
HighLights
पूर्व मुखिया अजय सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग, गंभीर घायल।
ग्रामीणों ने दो हमलावरों को पकड़कर पुलिस को सौंपा।
घटना को पुरानी रंजिश और ज्योतिष हत्याकांड से जोड़ा।
संवाद सहयोगी, नवगछिया (भागलपुर)। कदवा थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम अपराधियों ने पूर्व मुखिया अजय सिंह (55) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पकड़वासा और कासिमपुर गांव के बीच हुई इस घटना में उन्हें चार गोलियां लगी हैं।
गंभीर रूप से घायल पूर्व मुखिया को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय ले जाया गया है। इधर, घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए खदेड़कर दो आरोपितों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान खोखा सिंह के भतीजे मोहन सिंह और छोटे पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अजय सिंह गांव के ही सेवानिवृत्त नेवीकर्मी वकील प्रसाद मधुकर के घर से प्रसाद ग्रहण कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पकड़वासा और कासिमपुर के बीच पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोककर गोलीबारी शुरू कर दी।
पहली गोली लगने से वह सड़क किनारे पानी भरी खाई में गिर गए। इसके बाद बदमाशों ने नीचे उतरकर उन पर तीन और गोलियां चला दीं। गोली लगने के बाद उन्होंने स्वजन को फोन करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
बगीचे में छिपे आरोपितों को ग्रामीणों ने पकड़ा
गोलीबारी की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा किया।
बताया जाता है कि आरोपित बगीचे के रास्ते भागकर दीप नारायण सिंह के घर में घुस गए, जहां ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया। बाद में दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पेट, जबड़े और जांघ में लगी गोली
घायल पूर्व मुखिया को ग्रामीणों और स्वजन ने नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉ. तरुण कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया।
इसके बाद स्वजन उन्हें बेगूसराय ले गए। परिजनों के अनुसार, एक गोली पेट, दूसरी जबड़े, तीसरी जांघ और चौथी दाहिने हाथ के अंगूठे में लगी है।
ज्योतिष हत्याकांड से भी जोड़कर देखी जा रही घटना
घटना के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया जाता है कि बीते 13 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे खोखा सिंह के पुत्र ज्योतिष को भी अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
इस हत्याकांड का उद्भेदन अब तक नहीं हो सका है। हालांकि, पूर्व मुखिया पर हमले का ज्योतिष हत्याकांड से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। घटनास्थल से कट्टा मिलने की भी चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
नवगछिया एसडीपीओ सायम रजा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कदवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों के सहयोग से दो युवकों को पकड़ लिया।
उन्होंने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- सारण में पड़ोसी के बंद घर में हो रही चोरी को रोकना पड़ा भारी, बदमाशों ने युवक के सीने में मारी गोली
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।