पटाखे से जलने पर भूलकर भी ना लगाएं टूथपेस्ट या घी; 20 मिनट बहते पानी से धोएं, बर्फ का ठंडा पानी तो बिल्कुल नहीं
Firecracker Burn First Aid : पटाखों से जलने पर तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए 20 मिनट तक सामान्य बहते पानी ...और पढ़ें

Firecracker Burn First Aid : पटाखे से जलने पर ना तो टूथपेस्ट लगाएं और ना ही घी, चेहरे व आंख पर घाव होने पर तत्काल पहुंचे अस्पताल
HighLights
जले हुए हिस्से को 20 मिनट तक बहते पानी में रखें।
टूथपेस्ट, घी, बर्फ जैसी घरेलू चीजें बिल्कुल न लगाएं।
चेहरे या आंख में चोट पर तुरंत अस्पताल जाएं।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Firecracker Burn First Aid : दीपावली और छठ जैसे महापर्व के दौरान पटाखे फोड़ते समय बरती गई थोड़ी सी भी असावधानी गंभीर हादसे में तब्दील हो सकती है। त्योहारों के उल्लास में सुरक्षा मानकों का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है। त्वचा रोग विशेषज्ञों का कहना है कि यदि पटाखे जलाते समय किसी कारणवश त्वचा जल जाए, तो घबराने के बजाय तत्काल सही और वैज्ञानिक प्राथमिक उपचार अपनाना चाहिए।
20 मिनट सामान्य बहते पानी में रखें, घरेलू नुस्खों से बचें
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्या सिंह के अनुसार, पटाखे से जलने पर सबसे पहले प्रभावित हिस्से को करीब 20 मिनट तक सामान्य नल के बहते पानी (रनिंग टैप वॉटर) के नीचे रखना चाहिए। ऐसा करने से त्वचा के भीतरी ऊतकों (टिश्यूज) की गर्मी तेजी से शांत होती है और जलन के कारण होने वाले गहरे नुकसान को कम करने में मदद मिलती है। ध्यान रहे कि जले हुए हिस्से पर बर्फ या जमा देने वाला अत्यधिक ठंडा पानी सीधे न डालें।
इसके साथ ही जले हुए स्थान पर टूथपेस्ट, घी, तेल, हल्दी, स्याही या अन्य कोई घरेलू चीजें कतई नहीं लगानी चाहिए। ऐसे अवांछित घरेलू लेप लगाने से घाव की स्थिति और बिगड़ जाती है, संक्रमण (इन्फेक्शन) का खतरा बढ़ जाता है और बाद में डॉक्टरों को घाव साफ करने में भारी परेशानी होती है। यदि जलने पर फफोले या छाले पड़ जाएं, तो उन्हें बिल्कुल न फोड़ें; केवल साफ और सूखे सूती कपड़े से हल्के से ढकें।
चेहरे या आंख में चोट लगने पर तत्काल जाएं अस्पताल
विशेषज्ञों ने आगाह किया है कि यदि पटाखे की चिंगारी से चेहरा, आंख, कान, हाथ या उंगलियां प्रभावित हों, तो बिना समय गंवाए तत्काल नजदीकी अस्पताल या विशेषज्ञ चिकित्सक के पास पहुंचना चाहिए।
इसके अलावा त्वचा के सफेद या काले पड़ने, बड़े छाले उभरने, गहरे घाव बनने अथवा असहनीय दर्द होने की स्थिति में तुरंत चिकित्सीय परामर्श अनिवार्य है। आंख में पटाखे का बारूद या कोई कण चला जाए, तो उसे कतई रगड़ना या मसलना नहीं चाहिए, बल्कि आंख को साफ पानी से धोकर तुरंत नेत्र रोग विशेषज्ञ को दिखाना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।