विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हर बंडल पर भाड़ा, कमीशन में सब्जियां; भागलपुर में जहाज से गंगा पार करने पर किसानों से अवैध वसूली 

Published: Mon, 02 Nov 2026 10:35 AM (IST)

विक्रमशिला सेतु की मरम्मत के कारण भागलपुर में गंगा पार करने वाली फेरी सेवा पर किसानों से अवैध वसूली और ...और पढ़ें

फेरी सेवा। एआई द्वारा बनाई गई फोटो

फेरी सेवा। एआई द्वारा बनाई गई फोटो

HighLights

  1. किसानों से प्रति बंडल 30 रुपये भाड़ा, सब्जियां चोरी।

  2. घाटों पर अव्यवस्था, कीचड़ भरे रास्ते, यात्रियों को दिक्कत।

  3. अवैध वसूली जांच, यातायात सुधारने की प्रशासन से मांग।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। विक्रमशिला सेतु की मरम्मत के कारण बरारी स्थित बियाडा घाट और नवगछिया के महादेवपुर घाट के बीच फेरी सेवा लोगों के आवागमन का प्रमुख माध्यम बनी हुई है। इस सेवा पर निर्भर किसानों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।

किसानों का आरोप है कि जहाज पर सब्जी और फल के प्रत्येक बंडल के लिए 30 रुपये भाड़ा लिया जाता है। इसके बावजूद कुछ कर्मी बोरों से दो से चार किलो तक सब्जियां निकाल लेते हैं। घाट पर अव्यवस्था से यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई है।

रविवार शाम करीब पांच बजे नवगछिया से बरारी घाट पहुंचे सब्जी विक्रेताओं ने अपनी दिक्कतें बताईं। दियारा निवासी अमोद कुमार ने कहा कि उनके पूरे परिवार की आजीविका खेती पर निर्भर है और सब्जियां बेचने के लिए उन्हें भागलपुर लाना मजबूरी है। हर बंडल पर 30 रुपये देने के बाद भी कुछ कर्मी बोरों से सब्जियां निकाल लेते हैं।

घाट पर उतरने के बाद भी कुछ लोग जबरन सब्जियां लेने का प्रयास करते हैं। उनके अनुसार, शुक्रवार को कई विक्रेताओं ने इस परेशानी को लेकर विरोध जताया था। किसानों का कहना है कि इससे उनकी कमाई पर सीधा असर पड़ रहा है।

रविवार शाम फेरी सेवा के अंतिम जहाज टाइटन-3 पर यात्रियों और वाहनों को चढ़ाने के दौरान हंगामा हुआ। टिकट जांच के बैरियर को पार कर आगे निकले एक मोटरसाइकिल चालक की कर्मियों से कहासुनी हुई और कथित हाथापाई शुरू हो गई।

नवगछिया निवासी संतोष कुमार ने कहा कि वह शुल्क देने को तैयार थे और कुछ कदम आगे बढ़ने पर कर्मियों को दुर्व्यवहार नहीं करना चाहिए था। दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया। काफी मशक्कत के बाद संतोष को समझाकर जहाज पर भेजा गया।

बारिश और गंगा का जलस्तर घटने के बाद बरारी घाट की वन-वे व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। बरारी श्मशान घाट की ओर बने निकास द्वार तक पहुंचने वाला रास्ता कीचड़ से भरा है। फिसलने के डर से यात्री संभलकर चलते हैं। रविवार सुबह एक बुजुर्ग ने प्रशासन के शिविर में समस्या बताकर रास्ते पर मिट्टी डालकर उसे समतल कराने की मांग की।

जाम ने बढ़ाई परेशानी

बियाडा की ओर आवागमन के रास्ते पर जाम लगा रहता है। माल के पास टोटो और आटो का अवैध पड़ाव वाहनों की आवाजाही रोकता है। जहाज पकड़ने की जल्दबाजी में यात्री जाम में फंसते हैं।

किसानों और यात्रियों ने प्रशासन से कथित अवैध वसूली की जांच, वाहनों के परिचालन और पार्किंग की व्यवस्था सुधारने तथा पैदल रास्ता दुरुस्त कराने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- छठ पूजा की तैयारियां: घाटों पर मरम्मत और सफाई शुरू, घर जाने के लिए उठी स्पेशल ट्रेन की मांग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।